Begin typing your search...

Commonwealth Games 2026 की कब-कहां हो रही शुरुआत और कैसे देखें लाइव? जानें नीरज चोपड़ा समेत किन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

23 जुलाई से ग्लासगो में शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत 125 खिलाड़ियों के साथ उतरेगा. नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन पर सबसे ज्यादा निगाहें रहेंगी, जबकि 2030 के मेजबान देश के रूप में भारत समापन समारोह में कॉमनवेल्थ ध्वज भी प्राप्त करेगा.

commonwealth games 2026 india full squad neeraj chopra live streaming
X

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज-मीराबाई पर टिकी पदकों की उम्मीद

( Image Source:  ChatGPT )

Commonwealth Games 2026: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई से शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत 125 खिलाड़ियों के मजबूत दल के साथ उतरेगा. ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा भारतीय दल के प्रमुख आकर्षण होंगे. भारत इस बार 8 सामान्य और 5 पैरा खेलों में हिस्सा लेगा, जबकि लक्ष्य मेडल तालिका में मजबूत प्रदर्शन करना रहेगा.

इस बार राष्ट्रमंडल खेलों का 23वां संस्करण पहले की तुलना में छोटा है. प्रतियोगिता 23 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेगी और सभी मुकाबले ग्लासगो के चार प्रमुख वेन्यू पर आयोजित होंगे. भारत के अभियान की शुरुआत पहले दिन लॉन बाउल्स से होगी, जबकि एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, वेटलिफ्टिंग, जूडो, ट्रैक साइकिलिंग, तैराकी और आर्टिस्टिक जिमनास्टिक में भी भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे.

नीरज, मीराबाई और लवलीना पर रहेंगी सबसे ज्यादा निगाहें

भारतीय दल की सबसे बड़ी उम्मीद एक बार फिर नीरज चोपड़ा हैं. चोट की वजह से वह बर्मिंघम 2022 में अपना खिताब बचाने नहीं उतर सके थे, लेकिन इस बार उनका लक्ष्य फिर से स्वर्ण पदक जीतना है. मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम है, जिससे नीरज का मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने की उम्मीद है.

वहीं, दो बार की कॉमनवेल्थ चैंपियन मीराबाई चानू वेटलिफ्टिंग में भारत की पदक उम्मीद होंगी. दूसरी ओर ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी.

एथलेटिक्स में मजबूत भारतीय चुनौती

भारत की एथलेटिक्स टीम इस बार काफी संतुलित नजर आ रही है. नीरज के अलावा गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, मुरली श्रीशंकर, तजिंदरपाल सिंह तूर, पारुल चौधरी और गुलवीर सिंह जैसे राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी खिलाड़ी भारतीय अभियान को मजबूती देंगे.

तैराकी टीम से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

भारत ने पांच सदस्यीय पुरुष तैराकी टीम भेजी है, जिसकी अगुआई श्रीहरि नटराज और साजन प्रकाश करेंगे. श्रीहरि चार स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे, जबकि साजन प्रकाश तीन व्यक्तिगत इवेंट खेलेंगे. टीम में आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा और दाक्षियन शशिकुमार भी शामिल हैं. ये खिलाड़ी व्यक्तिगत स्पर्धाओं के अलावा 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.

भारत के लिए क्यों खास है यह संस्करण?

कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत 500 से ज्यादा पदकों के साथ चौथा सबसे सफल देश है. इससे भी बड़ी बात यह है कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत के अहमदाबाद को मिली है. 2 अगस्त को होने वाले समापन समारोह में भारत अगले मेजबान देश के रूप में आधिकारिक तौर पर कॉमनवेल्थ ध्वज ग्रहण करेगा. समारोह में शंकर महादेवन और रश्मिका मंदाना भारत की सांस्कृतिक प्रस्तुति का नेतृत्व करेंगे.

भारत में लाइव कैसे देखें?

भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV पर उपलब्ध होगी. टीवी पर मुकाबलों का प्रसारण Sony Sports Ten 2, Sony Sports Ten 2 HD, Sony Sports Ten 3 (हिंदी) और DD Sports (DD Free Dish) पर देखा जा सकेगा.

अगला लेख