The Hundred क्या है, इसकी शुरुआत कब हुई और यह IPL से कितना अलग है? FAQ में जानें हर सवाल का जवाब
द हंड्रेड (The Hundred) इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) का 100 गेंदों वाला क्रिकेट टूर्नामेंट है. इसमें 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेती हैं. इस साल यानी 2026 में यह 21 जुलाई से 16 अगस्त तक खेला जा रहा है.
The Hundred 2026 की 21 जुलाई से शुरुआत हो गई है. पहला मुकाबला सनराइजर्स लीड्स और एमआई लंदन के बीच केनिंगटन ओवल के मैदान में खेला गया, जिसमें एमआई ने 7 विकेट से जीत दर्ज की. सनराइजर्स लीड्स की टीम ने 99 गेंदों में 143 रन बनाए, जिसके जवाब में एमआई लंदन ने 84 गेंदों में 3 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाकर लक्ष्य को आसानी ने हासिल कर लिया.
निकोलस पूरन ने 22 गेंदों में 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 58 रन और सैम करन ने 39 गेंदों में 60 रन की नाबाद पारी खेली. करन ने अपनी पारी के दौरान 3 छक्के और 5 चौके लगाए. The Hundred का आयोजन हर साल गर्मियों के महीनों में होता है.
महिलाओं का पहला मैच किसने जीता?
महिला प्रतियोगिता का भी पहला मुकाबला सनराइजर्स लीड्स और एमआई लंदन के बीच खेला गया. इस मुकाबले को सनराइजर्स ने 7 व विकेट से जीत लिया. एमआई ने 100 गेंदों में 8 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए थे, जिसे सनराइजर्स ने 7 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया.
The Hundred से जुड़े 10 FAQ
The Hundred 100 गेंदों का क्रिकेट टूर्नामेंट हैं. इसमें दुनिया भर के खिलाड़ी शामिल होते हैं. यह टूर्नामेंट करीब पांच सप्ताह तक चलता है. इस साल यह टूर्नामेंट 21 जुलाई से शुरू हुआ है.
The Hundred इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) द्वारा आयोजित 100 गेंदों का प्रोफेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट है. इसका उद्देश्य क्रिकेट को नए दर्शकों के लिए आसान, तेज और ज्यादा मनोरंजक बनाना है. इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों की प्रतियोगिताएं होती हैं. हर टीम एक पारी में केवल 100 गेंदें खेलती है.
The Hundred में पारंपरिक ओवर नहीं होते. प्रत्येक पारी में केवल 100 गेंदें होती हैं. गेंदबाज लगातार 5 या 10 गेंदों का स्पेल डाल सकता है. हर 10 गेंदों के बाद छोर बदल दिया जाता है, जिससे मैच की गति तेज बनी रहती है.
2026 सीजन में कुल 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें शामिल हैं- MI London, London Spirit, Sunrisers Leeds, Manchester Super Giants, Birmingham Phoenix, Southern Brave, Trent Rockets और Welsh Fire... सभी टीमों के पुरुष और महिला स्क्वॉड अलग-अलग हैं.
The Hundred 2026 का आयोजन 21 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक हो रहा है. लीग स्टेज के बाद अंक तालिका में शीर्ष टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी. फाइनल मुकाबला 16 अगस्त को होगा.
इस टूर्नामेंट में शुरुआती 25 गेंदें पावरप्ले होती हैं. इस दौरान 30-यार्ड सर्कल के बाहर केवल दो फील्डर रखने की अनुमति होती है. इसका उद्देश्य बल्लेबाजों को शुरुआत में तेजी से रन बनाने का मौका देना है.
The Hundred में एक गेंदबाज पूरे मैच में अधिकतम 20 गेंदें ही फेंक सकता है. वह चाहे तो लगातार 5 गेंदें डाले या लगातार 10 गेंदें. इसके बाद दूसरे गेंदबाज को गेंदबाजी करनी होती है.
The Hundred में गेंदबाजी करने वाली टीम को 90 सेकंड का एक स्ट्रेटेजिक टाइमआउट मिलता है. इस दौरान कोच मैदान पर आकर खिलाड़ियों से रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं. यह नियम मैच को ज्यादा रोचक और रणनीतिक बनाता है.
The Hundred की खास बात यह है कि पुरुष और महिला दोनों टीमों के मैच एक ही दिन और एक ही मैदान पर बैक-टू-बैक खेले जाते हैं. इससे महिला क्रिकेट को भी समान दर्शक और बेहतर मंच मिलता है.
IPL पारंपरिक टी20 क्रिकेट पर आधारित है, जिसमें 20 ओवर यानी 120 गेंदें होती हैं. वहीं, The Hundred में केवल 100 गेंदें खेली जाती हैं. इसमें 6 गेंदों के ओवर की जगह 5 या 10 गेंदों के सेट होते हैं. मैच करीब ढाई घंटे में खत्म हो जाता है और नियम भी अधिक सरल हैं.
The Hundred टूर्नामेंट की शुरुआत 21 जुलाई 2021 को हुई. पहले इसे साल 2020 में ही शुरू किया जाना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इसे एक साल के लिए टाल दिया था. इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का पहला मैच ओवल इनविंसिबल्स (अब एमआई लंदन) और ओवल के मैदान पर खेला गया था.




