जो कोई पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर नहीं कर पाईं, वो फातिमा सना ने कर दिखाया- 5 पॉइंट में जानें 'द हंड्रेड' वाली कहानी
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाली सना अब इंग्लैंड की 'द हंड्रेड' लीग में इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी हैं.
Fatima Sana Birmingham Phoenix
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और स्टार ऑलराउंडर फातिमा सना के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाली सना अब इंग्लैंड की प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी लीग 'द हंड्रेड' में इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी हैं. उन्हें आगामी सीजन के लिए बर्मिंघम फीनिक्स ने अपनी टीम में शामिल किया है.
इस चयन के साथ फातिमा सना द हंड्रेड में खेलने वाली पहली पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर बनने की ओर बढ़ रही हैं. पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम भले ही पिछले कुछ समय में ज्यादा सफलता हासिल नहीं कर सकी हो, लेकिन सना ने अपने प्रदर्शन के दम पर वर्ल्ड क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
5 पॉइंट में जानें पूरी कहानी
1. फातिमा सना इस समय इंग्लैंड में महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम की कप्तानी कर रही हैं. हालांकि पाकिस्तान को शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सना ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. उनके ऑलराउंड खेल ने फ्रेंचाइजी टीमों को प्रभावित किया, जिसका इनाम अब उन्हें द हंड्रेड जैसी प्रतिष्ठित लीग में चयन के रूप में मिला है.
X/ @jamilmusman_
2. रिपोर्ट्स के अनुसार, बर्मिंघम फीनिक्स ने फातिमा सना को टीम के चौथे विदेशी खिलाड़ी के रूप में शामिल किया है. टीम में यह स्थान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लूसी हैमिल्टन के बाहर होने के बाद खाली हुआ था.
X/ @jamilmusman_
3. पाकिस्तान की महिला क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय लीगों में अक्सर सीमित अवसर मिलते रहे हैं. टीम के सामूहिक प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के कारण कई फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर दांव लगाने से बचती रही हैं. ऐसे में फातिमा सना का द हंड्रेड जैसी हाई-प्रोफाइल लीग में चयन न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए बल्कि पाकिस्तान महिला क्रिकेट के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
X/ @NadeemAkht98439
4. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फातिमा सना को द हंड्रेड में खेलने के लिए लगभग 15 हजार पाउंड की राशि मिल सकती है. पाकिस्तानी मुद्रा में यह रकम करीब 56 लाख रुपये के बराबर बताई जा रही है.
5. पाकिस्तान महिला टीम को 23 जुलाई से 4 अगस्त के बीच श्रीलंका दौरे पर जाना है. ऐसे में फातिमा सना की द हंड्रेड में उपलब्धता सीमित रह सकती है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह टूर्नामेंट में कितने मुकाबले खेल पाएंगी.




