जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला T20 कब और कितने बजे खेला जाएगा? जानिए कैसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11 और किन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम इंडिया 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. कई नए खिलाड़ियों को मौका मिला है, जबकि रिंकू सिंह और मयंक यादव की वापसी हुई है. श्रेयस की नजर बतौर कप्तान पहली जीत पर होगी.
भारत-जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज में जीत पर होगी श्रेयस अय्यर की नजर
India vs Zimbabwe T20I Series: भारतीय क्रिकेट टीम एक नए दौर की शुरुआत करने जा रही है. श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम इंडिया 23 जुलाई से हरारे में शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे का सामना करेगी. कप्तान बनने के बाद अय्यर की यह तीसरी सीरीज होगी. इसमें उनकी नजर बतौर कप्तान पहली जीत दर्ज करने पर होगी.
हाल के महीनों में भारत का T20 प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. आयरलैंड के खिलाफ 2-0 और इंग्लैंड के खिलाफ 4-0 की हार के बाद टीम लगातार खराब दौर से गुजर रही है. ऐसे में जिम्बाब्वे दौरा भारतीय टीम के लिए वापसी का सुनहरा मौका माना जा रहा है.
किन खिलाड़ियों पर रहेगी निगाहें?
- बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए कई नए चेहरों पर भरोसा जताया है. विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह, तेज गेंदबाज यश ठाकुर और अशोक शर्मा को पहली बार सीनियर टी20 टीम में शामिल किया गया है. वहीं ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी पहली बार टी20 इंटरनेशनल टीम में मौका मिला है.
- टीम चयन में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिले हैं. टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य संजू सैमसन खराब फॉर्म के कारण बाहर हैं. उनके अलावा अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को भी इस दौरे के लिए जगह नहीं मिली.
- 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं. इंग्लैंड दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी अब उसी हरारे मैदान पर उतरेंगे, जहां उन्होंने इस साल अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी.
- टीम में रिंकू सिंह और तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी भी हुई है, जबकि चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह स्पिनर रवि बिश्नोई को मौका मिला है.
आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी?
दूसरी ओर अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा जिम्बाब्वे की कप्तानी करेंगे. आंकड़ों पर नजर डालें तो टी20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमें अब तक 14 बार भिड़ी हैं, जिनमें भारत ने 11 मुकाबले जीते हैं जबकि जिम्बाब्वे केवल तीन मैच जीत सका है.
भारत-जिम्बाब्वे मैच को लाइव कहां देख सकेंगे?
भारत- जिम्बाब्वे मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode पर होगी, जबकि टीवी पर Unite8 Sports TV और DD Sports (DD Free Dish) पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच कब और कहां खेले जाएंगे मैच?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीनों टी-20 मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे. पहला मैच 23 जुलाई, दूसरा 25 और तीसरा 26 जुलाई को खेला जाएगा. पहला टी-20 मैच गुरुवार को भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 4 बजे शुरू होगा.
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर).
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव और मयंक यादव.




