Begin typing your search...

केजरीवाल-तेजस्वी, ममता और स्टालिन के बाद अब अगला नंबर किसका? यूं ही बेचैन नहीं अखिलेश और भगवंत मान

अरविंद केजरीवाल, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी और एमके स्टालिन के बाद अब सियासी नजरें अखिलेश यादव और भगवंत मान पर हैं. क्या बीजेपी का अगला बड़ा टारगेट यही नेता होंगे? ​विश्लेषण.

Akhilesh Yadav Bhagwant Mann BJP strategy Narendra Modi Indian politics 2026
X

बंगाल और तमिलनाडु समेत देश के पांच राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के चुनाव नतीजों के बाद भारतीय राजनीति में एक नया सियासी नैरेटिव बहस के केंद्र में आ गया है. इस चर्चा से, ये संकेत मिल रहे है कि आने वाले दिनों में केंद्र की सत्ता और क्षेत्रीय दलों के बीच टकराव और तेज हो सकता है. नरेंद्र मोदी और अमित शाह की रणनीति अब उन राज्यों और नेताओं पर फोकस करती नजर आ रही है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखते हैं. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल, बिहार में तेजस्वी यादव, बंगाल में ममता बनर्जी और तमिलनाडु में M. K. Stalin के बाद अब सवाल उठ रहा है कि बीजेपी का अगला सियासी निशाना कौन हो सकता? इसी कड़ी में अखिलेश यादव और भगवंत मान की बढ़ती बेचैनी, इस बात के संकेत देती है कि आने वाले दिनों में सियासी मुकाबला, दोनों राज्यों दिलचस्प होने वाला है.

क्या Akhilesh Yadav पर टिकेगी नजर?

बंगाल और तमिलनाडु के बाद अब सियासी चर्चा का केंद्र उत्तर प्रदेश बनता दिख रहा है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का बंगाल चुनाव पर रिएक्शन यह इशारा करती हैं कि वह आने वाली चुनौती को भांप चुके हैं. संगठन में बदलाव, नई रणनीति और आक्रामक बयानबाजी इसी का हिस्सा मानी जा रही है. बीजेपी के लिए यूपी सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति की धुरी है, इसलिए यहां विपक्ष को कमजोर करना उसकी प्राथमिकता हो सकती है. ऐसे में अखिलेश के सामने सबसे बड़ी चुनौती मजबूत संगठन, स्पष्ट नैरेटिव और व्यापक सामाजिक गठजोड़ तैयार करना है.


पंजाब में क्या Bhagwant Mann बनेंगे अगला टारगेट?

पंजाब की राजनीति भी अब राष्ट्रीय रणनीति का अहम हिस्सा बनती जा रही है. मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को कई मुद्दों पर घेरा जा रहा है, जिससे आप सरकार पर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है. आम आदमी पार्टी के विस्तार की कोशिशों के बीच बीजेपी यहां अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है. इसका सीधा असर राष्ट्रीय समीकरणों पर पड़ेगा. ऐसे में भगवंत मान के लिए सबसे बड़ी चुनौती प्रशासनिक क्षमता, कानून-व्यवस्था और पार्टी की एकजुटता को बनाए रखना है. ताकि किसी भी राजनीतिक हमले का प्रभाव सीमित किया जा सके.

Akhilesh Yadav के बयान के मायने क्या?

फिलहाल बंगाल और तलिनाडु समेत पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का चुनाव परिणाम को ध्यान में रखते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव अभी से सतर्क हो गए हैं. इसी का नतीजा है कि उनका I-PAC से हुए कॉन्ट्रैक्ट खत्म करना सिर्फ एक संगठनात्मक फैसला नहीं, बल्कि 2027 यूपी चुनाव से पहले रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत है. चार मई के बाद लगातार उनका ट्वीट इस बात का संकेत दे रहा है कि वो 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणीनीति बदलने का मन बता रहे हैं.

उन्होंने मंगलवार यानी 5 मई को बजरंग बली की तस्वीर पर एक्स पर सभी से साझा की थी. उस पोस्ट में उन्होंने हनुमान चालीसा की चार लाइनों का भी जिक्र किया है. जैसे — 'सुख लहै तुम्हारी सरना. तुम रच्छक काहू को डर ना.. संकट तें हनुमान छुड़ावै. मन क्रम बचन ध्यान जो लावै..' इससे एक दिन पहले उन्होंने बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी की जबरदस्त हार पर लिखा था, 'अब क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाएंगे. देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर ‘काला दिन’ है. आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित है. '

इसके आगे उन्होंने लिखा कि चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग मतगणना में आज बंगाल में हुआ है, ठीक वैसा ही घपला 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अधिकांश जगह किया गया था, जिसकी साक्षात गवाह कन्नौज की विधानसभाएं थीं. फिर इसी निंदनीय मॉडल को फ़र्रुख़ाबाद के 2024 लोकसभा चुनाव में दोहराया गया था. सब जानते हैं क्या हुआ है और सच क्या है और जनमत की खुली लूट कैसे हुई है. इसके अलावा, उन्होंने ममता बनर्जी को लेकर बयान देते हुए क्षेत्रीय दलों की स्वतंत्र भूमिका पर जोर दिया, जिससे विपक्षी एकता में हल्की दरार के संकेत मिले हैं.

यानी 4 मई के बाद से वो लगातार अपने सियासी रुख का संकेत दे रहे हैं. अब उन्होंने कहा कि वो बंगाल जाएंगे और ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे. अखिलेश की ओर जारी इस संकेतों को महज तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि रणनीतिक रीसेट माना जा रहा है. ममता बनर्जी को लेकर दिए उनके बयान ने विपक्षी एकता में दूरी के संकेत भी दिए.

BJP ने अखिलेश के स्टैंड को क्यों बताया हार की घबराहट

यूपी बीजेपी ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर सपा पर तंज कसते हुए इसे “आगामी हार की घबराहट” बताया. 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी की नजरें यूपी पर टिकी हैं, ऐसे में अखिलेश को संगठन मजबूत करने, नए सामाजिक समीकरण बनाने और स्पष्ट नैरेटिव तैयार करने की बड़ी चुनौती है. बीजेपी ने यह भी संकेत दिया कि सपा अंदरूनी असमंजस से जूझ रही है और यही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है. इस तरह के डिजिटल हमले यह दिखाते हैं कि चुनावी मुकाबला अब सिर्फ जमीन पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पूरी ताकत से लड़ा जा रहा है, जहां नैरेटिव सेट करना बेहद अहम हो गया है.

क्या Bhagwant Mann पर भी बढ़ेगा दबाव?

देश की राजनीति में तेजी से हो रहे इस बदलाव के दौर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर भी हाल के दिनों में कई मोर्चों से दबाव बढ़ा है. कानून-व्यवस्था, आर्थिक स्थिति और केंद्र-राज्य संबंधों को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है. आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं के कारण पंजाब अब सिर्फ राज्य नहीं, बल्कि बड़ी सियासी लड़ाई का मैदान बन गया है. बीजेपी ने पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सक्रिय रणनीति पर काम कर रही है. ऐसे में भगवंत मान के लिए सबसे बड़ा खतरा खुद की सरकार की विश्वसनीयता बनाए रखना और पार्टी के भीतर एकजुटता कायम रखना है. वरना, सियासी समीकरण तेजी से बदल सकते हैं.

ऐसा इसलिए कि बीजेपी पंजाब में अपनी जमीन मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय है. राघव चड्ढा के नेतृत्व में आप के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी का हिस्सा बन चुके हैं. ऐसा कर बीजेपी AAP सरकार को अस्थिर बताने की कोशिश कर रही है. ऐसे में मान के लिए सबसे बड़ा खतरा छवि प्रबंधन और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखना है. अगर विपक्ष एकजुट होकर आक्रामक रणनीति अपनाता है, तो पंजाब की सियासत में बड़ा बदलाव संभव है.


भगवंत मान ने बीजेपी को लेकर क्या कहा?

विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद बदले सियासी माहौल और पंजाब में अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इन्हें मामूली बताया और बीजेपी को इसके लिए जिम्मेदार करार दिया. उन्होंने कहा कि बीजेपी राज्य में डर का माहौल बनाकर चुनावी फायदा उठाना चाहती है. मान के मुताबिक, ये घटनाएं आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति का हिस्सा हो सकती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब हमेशा शांतिपूर्ण रहा है, लेकिन बीजेपी पर अशांति फैलाने का आरोप लगाया. साथ ही बेअदबी विरोधी कानून को लेकर उन्होंने कहा कि यह समाज में तनाव पैदा करने की कोशिशों के खिलाफ है और सरकार इसकी जांच करा रही है.

विधानसभा चुनाव 2026अखिलेश यादवममता बनर्जीनरेंद्र मोदी
अगला लेख