AAP Crisis: केजरीवाल के 4 खजांची जिन्हें BJP ले उड़ी, क्या AAP के लिए अब 'उड़ता पंजाब'?
आम आदमी पार्टी (AAP) के 7 सांसद BJP में जाने की चर्चा तेज. ‘4 खजांची’ नैरेटिव और ‘उड़ता पंजाब’ तुलना के पीछे क्या है सच्चाई, जानिए पूरा राजनीतिक विश्लेषण.
आम आदमी पार्टी (AAP) की राजनीति में 24 अप्रैल 2026 को लेकर बड़ा सियासी भूचाल की चर्चा दूसरे दिन भी चरम पर है. ऐसा होना भी अजूबा नहीं है. पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब पंजाब विधानसभा चुनाव में करीब एक साल का वक्त बचा है. इसी के साथ एक नया नैरेटिव तेजी से उभरा है कि BJP ने AAP के “चार खजांची” अपने पाले में कर लिए.
यह मसला पहले भी चर्चा का विषय रहा, लेकिन अब इसने जोर पकड़ लिया है. अब इसकी तुलना 'उड़ता पंजाब' से लोग कर रहे हैं. जो पंजाब की निगेटिव इमेज का प्रतीक है. हालांकि, इस दावे को ठोस तथ्यों से साबित करना मुश्किल है, लेकिन राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया में यह चर्चा में लगातार बनी हुई है.
इन चार नेताओं को ‘खजांची’ क्यों कहा जा रहा है?
आप छोड़ने को लेकर जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें Raghav Chadha, Ashok Mittal,Vikramjit Singh Sahney,और Rajendra Gupta समेत सात नाम शामिल बताए जा रहे हैं. इसलिए इस पूरे घटनाक्रम को फिलहाल “दावा बनाम पुष्टि” के रूप में देखना ज्यादा उचित है.
“खजांची” शब्द का राजनीतिक टैग के रूप में इस्तेमाल हो रहा है. इसे एक तरह से तंज माना जा रहा है, लेकिन इस व्यंग्य को पूरी तरह से खारिज भी नहीं किया जा सकता. इन नेताओं को यह नाम इसलिए दिया जा रहा है क्योंकि इनका कॉर्पोरेट या प्रोफेशनल बैकग्राउंड मजबूत है. बड़े संस्थानों और बिजनेस नेटवर्क से जुड़े हैं. राजेंद्र गुप्ता तो बिलियनेयर हैं. ये लोग पार्टी के लिए फंड जुटाने में अहम किरदार भी माने जाते हैं. वैसे भी राज्यसभा की राजनीति में “धनबल और प्रभाव” को लेकर पहले से बहस होती रही है, ऐसे में विपक्ष खासकर BJP इन चेहरों को “फंड मैनेजर” या “खजांची” के रूप में पेश करता रहा है.
क्या ‘टिकट खरीदने’ या फंडिंग के आरोप सही हैं?
अशोक मित्तल और विक्रमजीत साहनी जैसे नामों को लेकर यह आरोप लगाए गए कि उन्होंने “पैसे के दम पर राज्यसभा टिकट हासिल किया”. लेकिन इन आरोपों को साबित करने वाला कोई कानूनी या आधिकारिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है. न ही किसी जांच एजेंसी या कोर्ट ने ऐसी बात को प्रमाणित किया. इसलिए यह आरोप फिलहाल राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा ज्यादा हैं, न कि स्थापित तथ्य.
क्या AAP के लिए यह ‘उड़ता पंजाब’ जैसा संकट है?
“उड़ता पंजाब” शब्द का इस्तेमाल एक दौर में पहले पंजाब के खराब सामाजिक-राजनीतिक हालात के लिए होता था. दिलचस्प बात यह है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में Raghav Chadha ने इसी “उड़ता पंजाब” को “उठता पंजाब” में बदलने का नारा दिया था. अब अगर बड़े पैमाने पर नेताओं के पार्टी छोड़ने की बात सही साबित होती है, तो विपक्ष इसे उसी नारे के उलट एक तंज के रूप में पेश कर रहा है. इससे यह धारणा बनी है कि पार्टी में अस्थिरता बढ़ रही है. पार्टी सांसदों पर नेतृत्व की पकड़ कमजोर हुई है और वैचारिक एकजुटता में कमी आई है. हालांकि, यह अभी पूरी तरह धारणा (perception) का मामला है.
क्या BJP ‘ऑपरेशन सेंध’ चला रही है या ये अंदरूनी संकट है?
AAP का आरोप है कि कई नेताओं पर ED/CBI जैसी एजेंसियों का दबाव है. इसी दबाव में वे पार्टी छोड़ सकते हैं. वहीं BJP का कहना है कि कार्रवाई कानून के तहत हो रही है और पार्टी बदलना नेताओं का व्यक्तिगत फैसला है. दूसरी ओर, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि Arvind Kejriwal द्वारा संगठनात्मक बदलाव जैसे राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाना, भी अंदरूनी असंतोष की वजह बना है. यानी मामला “बाहरी दबाव बनाम अंदरूनी असंतोष” दोनों का मिश्रण माना जा रहा है, जो आने वाले समय में ही साफ होगा कि यह सिर्फ चर्चा है या वाकई AAP के लिए बड़ा झटका.
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा घटनाक्रम आम आदमी पार्टी के भीतर बढ़ती खींचतान और सियासी अटकलों से जुड़ा बताया जा रहा है. हाल ही में Arvind Kejriwal ने राज्यसभा में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए Raghav Chadha को उपनेता पद से हटा दिया था. इसके बाद से पार्टी के अंदर समीकरण बदलने और शीर्ष नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ने की चर्चाएं तेज हो गईं.
इस बीच राघव चड्ढा पार्टी छोड़ने का मन बना सकते हैं और उन्होंने नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए यह संकेत दिया कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक रही है. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. इन्हीं घटनाओं के बीच यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी जैसे नेताओं ने पार्टी से किनारा कर लिया है.




