एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में गर्दा उड़ाने आ रहे हैं तेज प्रताप यादव, Bhojpuri Bawaal में एंट्री; पवन सिंह-निरहुआ संग आएंगे नजर
बिहार के पूर्व मंत्री और JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव जल्द रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आएंगे. इस शो में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे शामिल होंगे और दर्शकों को उनकी निजी जिंदगी की अनदेखी झलक देखने को मिलेगी.
बिहार की राजनीति में अपने खुलकर बोलने वाले अंदाज के लिए मशहूर पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) अब मनोरंजन की दुनिया में धमाल मचाने वाले हैं. जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप जल्द ही एक अनोखे रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' (Bhojpuri Bawaal) में नजर आएंगे. शो का टीजर और पोस्टर पहले ही जारी हो चुका है, जिसमें तेज प्रताप कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं.
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे इस नए सफर के साथ भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के बीच काफी चर्चा में हैं. यह शो भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारों को एक मंच पर ला रहा है. इसमें पवन सिंह, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी जैसे लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं. तेज प्रताप यादव इन सभी दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे. दर्शक इस कॉम्बिनेशन को लेकर काफी उत्साहित हैं.
शो कहां और कैसे देख सकते हैं?
यह रियलिटी शो टीवी चैनल कलर्स पर और साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा. हालांकि, शो की रिलीज डेट अभी आधिकारिक रूप से अनाउंस नहीं की गई है, लेकिन भोजपुरी फिल्म लवर्स में पहले से ही जबरदस्त चर्चा और एक्साइटमेंट देखा जा रहा है. पोस्टर जारी होने के बाद तेज प्रताप के लुक और अंदाज की खूब तारीफ हो रही है.
भोजपुरी बवाल अलग है, कोई एलिमिनेशन नहीं
यह शो आम रियलिटी शोज से काफी अलग है. इसमें कोई कंटेस्टेंट नहीं है और ना ही किसी एलिमिनेट किया जाएगा. शो का मुख्य मकसद भोजपुरी सितारों की निजी जिंदगी और पेशेवर करियर के उन पहलुओं को सामने लाना है, जिनके बारे में उनके फैंस को अब तक ज्यादा जानकारी नहीं थी. दर्शक इन सितारों के घरेलू जीवन, संघर्ष, खुशियों और चुनौतियों को करीब से देख सकेंगे.
तेज प्रताप को शो में क्यों चुना गया?
निर्माताओं ने तेज प्रताप यादव को शो में शामिल करने का फैसला उनकी सोशल मीडिया पर मजबूत फैन फॉलोइंग और अनोखे व्यक्तित्व को देखते हुए लिया है. तेज प्रताप अपनी कृष्ण भक्ति, खुलकर बोलने वाले बयानों और वायरल वीडियोज के कारण हमेशा सुर्खियों में रहते हैं. उनके पास व्यापक फैन बेस है और वे एंटरटेनमेंट वैल्यू भी बहुत अच्छी देते हैं. इन्हीं कारणों से भोजपुरी के दिग्गज सितारों के साथ उन्हें मंच दिया गया है.
पारिवारिक विवाद और राजनीतिक सफर
तेज प्रताप यादव पिछले कुछ समय से राजनीतिक उतार-चढ़ाव और पारिवारिक अनबन की वजह से भी लगातार चर्चा में रहे हैं. पिछले साल अनुष्का यादव से कथित प्रेम संबंध सामने आने के बाद उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें घर से और आरजेडी पार्टी से बाहर कर दिया था. इसके बाद तेज प्रताप ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) बनाई, लेकिन विधानसभा चुनाव में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली. भाई तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्यों से अनबन की खबरें भी अक्सर आती रही हैं. अब वे राजनीति के साथ-साथ एक्टिंग और मनोरंजन की दुनिया में भी अपना कदम रख रहे हैं. यह नया सफर उनके लिए एक नया मौका है, जहां वे अपनी छवि को और मजबूत कर सकते हैं.




