मैं न्यूड नहीं थी! जब बॉडी पेंट फोटोशूट से मच गया था बवाल, सालों बाद Pooja Bhatt ने तोड़ी चुप्पी
पूजा भट्ट ने एक इंटरव्यू में अपने चर्चित बॉडी पेंट फोटोशूट को याद करते हुए कहा कि उनका मकसद कभी विवाद पैदा करना नहीं था. उन्होंने साफ किया कि वह तस्वीर न्यूडिटी नहीं बल्कि एक क्रिएटिव कॉन्सेप्ट का हिस्सा थी.
1990 के दशक में पूजा भट्ट (Pooja Bhatt) बॉलीवुड की ऐसी एक्ट्रेस थीं, जो अपने खुलकर बोलने वाले स्वभाव और लीक से हटकर फैसलों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहती थी. उनके करियर का सबसे ज्यादा चर्चित और कंट्रोवर्शियल पल वह था, जब उन्होंने अपने शरीर पर बॉडी पेंट लगाकर एक मैगजीन के कवर के लिए पोज दिया. यह फोटोशूट हॉलीवुड एक्ट्रेस डेमी मूर के फेमस वैनिटी फेयर मैगजीन कवर से इंस्पायर्ड था.
उस समय इस तस्वीर ने पूरे देश में हंगामा मचा दिया था. बहुत से लोग इसे लेकर आलोचना करने लगे थे, जबकि कुछ लोग इसे सराह भी रहे थे. लेकिन आज पूजा भट्ट कहती हैं कि उन्होंने कभी भी जानबूझकर विवाद खड़ा करने का इरादा नहीं रखा था. हाल ही में विकी लालवानी के साथ एक खास बातचीत में पूजा ने इस पूरे कंट्रोवर्सी को याद किया. उन्होंने बताया कि यह सब कैसे शुरू हुआ, लोगों की क्या प्रतिक्रिया आई और आखिर क्यों इस तस्वीर को गलत तरीके से समझा गया.
'डेमी मूर बहुत खूबसूरत लग रही थीं'
पूजा भट्ट कहती हैं कि जब उन्होंने पहली बार डेमी मूर का वह फेमस वैनिटी फेयर कवर देखा, तो उन्हें तुरंत बहुत अच्छा लगा. मुझे लगा कि डेमी मूर उस तस्वीर में बेहद खूबसूरत और कॉन्फिडेंस से भरी हुई दिख रही थी. उस समय जर्नलिस्ट दिनेश रहेजा और जीतू उनके पास आए और बोले, 'पूजा, इस कवर को देखो. हम कुछ ऐसा ही करना चाहते हैं क्या तुम तैयार हो?.' पूजा ने बिना किसी हिचक के हां कह दी. जब उन्होंने पूछा कि बॉडी पेंटिंग कौन करेगा, तो पता चला कि मशहूर डिजाइनर अन्ना सिंह यह काम करेंगी.
Facebook: The Golden Age of Bollywood
फोटोशूट कैसे हुआ?
उस दिन पूजा बहुत व्यस्त थी. वे फिल्म 'फिर तेरी कहानी याद आई' के गाने ‘तेरे दर पर सनम’ की शूटिंग कर रही थी. रात करीब 9:30 बजे शूटिंग खत्म हुई. उसके बाद वे सीधे मशहूर फोटोग्राफर जगदीश माली के घर पहुंची. अन्ना सिंह ने पूजा के शरीर पर सावधानी से पेंट किया और जगदीश माली ने फोटो खींची. पूरा फोटोशूट सिर्फ कुछ घंटों में पूरा हो गया. पूजा बताती हैं कि शूटिंग के बाद वे इस बारे में पूरी तरह भूल ही गई थी. लेकिन जब मैगजीन बाजार में आई, तो सिचुएशन पूरी तरह बदल गई. चारों तरफ हंगामा मच गया. कुछ लोगों ने इसे बहुत शानदार बताया तो कुछ ने तीखी आलोचना की. इतने में देश में एक बहुत बड़ी और दुखद घटना हो गई. मुंबई बम विस्फोट. पूजा कहती हैं, 'उस भयानक त्रासदी के बाद लोगों के पास मेरी इस तस्वीर की चिंता करने से कहीं ज्यादा जरुरी बातें थी.'
'मैं न्यूड नहीं थी'
पूजा भट्ट ने इस फोटो को लेकर फैली सबसे बड़ी गलतफहमी को भी साफ किया. उन्होंने कहा, 'मैं उस तस्वीर में नग्न नहीं थी। डेमी मूर के कवर में बर्थडे सूट का जिक्र था, यानी उनके शरीर पर सिर्फ पेंट था. लेकिन मैंने अंडरवियर पहना हुआ था. हम जानते थे कि सीमा कहां है और हमने उसे पार नहीं किया.' वे आगे कहती हैं कि उस समय के हिसाब से यह तस्वीर एडवेंचर जरूर थी, लेकिन इसका मकसद कभी भी लोगों को चौंकाना या एक्साइटेड करना नहीं था. यह बस मेरा असली रूप दिखाने का तरीका था. मुझे जो विचार अच्छा लगा, मैंने उसे भरोसे के साथ किया. जिन लोगों के साथ मैं काम कर रही थी, उन पर मेरा पूरा विश्वास था.'
आज भी चर्चा में क्यों?
आज भी जब लोग उस पुरानी तस्वीर की बात करते हैं, तो उसे 'कल्ट इमेज' कहते हैं. पूजा को खुद हैरानी होती है कि इतने साल बाद भी लोग उस कवर को याद करते हैं. 'हम झूठ से भरी दुनिया में जी रहे हैं, इसलिए सच्चाई भी आजकल विवादास्पद हो जाती है. मैंने कभी सोचा नहीं था कि यह इतना बड़ा मुद्दा बन जाएगा. हमने सब कुछ बहुत स्वाभाविक तरीके से किया था.' पहले भी सिद्धार्थ कन्नन के साथ एक इंटरव्यू में पूजा ने कहा था, 'मैंने डेमी मूर की तस्वीर देखी और मुझे वह सुंदर लगी. मैंने कभी नहीं सोचा कि मैं कुछ विवादित कर रही हूं यह सब इरादे की बात है.'




