Salman Khan के ब्लैकबक केस पर आ रही है फिल्म Kala Hiran, 20 जून को आएगा टीजर
सलमान खान के चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर आधारित फिल्म 'काला हिरण' का पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम थ्रिलर और लॉरेंस बिश्नोई के साथ विवाद को भी दिखाया जाएगा.
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) से जुड़े उस चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर अब एक फिल्म बन रही है. फिल्म का नाम 'काला हिरण' (Kala Hiran) है. शुक्रवार को इस फिल्म का आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया गया है. यह फिल्म कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर दोनों जॉनर का रोचक मिश्रण है. इसमें सलमान खान और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी को सिनेमाई अंदाज में दिखाया जाएगा. फिल्म की निर्माता आमती जानी ने फिल्म के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि यह फिल्म 1998 में राजस्थान के जोधपुर के काकानी गांव में हुई काले हिरण के शिकार की सच्ची घटना पर आधारित है. उस समय सलमान खान, सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, सतीश शाह और अन्य कई बॉलीवुड कलाकार जोधपुर में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. शिकार की इस घटना के बाद सलमान खान पर केस दर्ज हुआ, उनकी गिरफ्तारी हुई और अदालत में लंबा मुकदमा चला.
क्या दिखाया जाएगा फिल्म में?
फिल्म इन्हीं सारी घटनाओं को डिटेल में दिखाएगी. निर्माता आमती जानी ने आगे कहा, 'इस फिल्म में सिर्फ शिकार का मामला ही नहीं, बल्कि अदालती ड्रामा, अपराध, थ्रिलर और सलमान खान-लॉरेंस बिश्नोई के बीच की सालों से चली आ रही लड़ाई को भी पूरी तरह से दिखाया जाएगा. फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में की गई है, जिनमें संभल, मुरादाबाद और आस-पास के अन्य इलाके शामिल हैं.' लोगों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार था क्योंकि यह सलमान खान, लॉरेंस बिश्नोई और काले हिरण शिकार वाली पूरी कहानी को फिल्मी रूप में पेश कर रही है. फिल्म का फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को जारी किया जाएगा.
लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान की दुश्मनी
लॉरेंस बिश्नोई और उनके गिरोह का सलमान खान से गहरा वैर है. बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है. सलमान खान पर 1998 में काले हिरण के अवैध शिकार का आरोप लगा था, जिसके बाद बिश्नोई समुदाय बहुत नाराज हुआ. लॉरेंस बिश्नोई का कहना है कि वे इस शिकार का बदला लेना चाहते हैं. इसी वजह से वे सलमान खान और उनके करीबियों को निशाना बनाते रहे हैं.
सलमान के दोस्त की हत्या
अक्टूबर 2024 में इस दुश्मनी का एक और बड़ा और दुखद नतीजा सामने आया. सलमान खान के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ राजनेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने खुद ली थी. फिल्म 'काला हिरण' इन सारी घटनाओं को एक थ्रिलिंग और ड्रामेटिक तरीके से पेश करेगी. कोर्टरूम के सीन, शिकार की घटना, सलमान की गिरफ्तारी, लंबा मुकदमा और बिश्नोई गिरोह की दहशत सब कुछ इस फिल्म में दिखाया जाएगा.
20 जून को जारी होगा टीजर
पोस्टर जारी होने के बाद से फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है. दर्शक अब 20 जून को आने वाले टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. सलमान खान इन दिनों काफी बिजी हैं. उनकी अगली फिल्म 'मातृभूमि' काफी चर्चा में है. पहले इसे 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से जाना जा रहा था, लेकिन अब नाम बदल दिया गया है. फिल्म में चीन और गलवान घाटी से जुड़े कुछ चीजों को हटा दिए गए हैं और रीशूट भी किए गए हैं. इसमें सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल का रोल निभा रहे हैं. उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी लीड रोल में हैं. इसके अलावा सलमान जल्द साउथ सुपरस्टार नयनतारा के साथ दिखाई देंगे.




