ओटीटी लवर्स के लिए 'सुपर वीक': थ्रिलर से लेकर कॉमेडी तक, इस हफ्ते स्क्रीन पर मचेगा तहलका
इस हफ्ते OTT प्लेटफॉर्म्स पर 7 नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं. इनमें दृश्यम 3, ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2, शुगर सीज़न 2 जैसी चर्चित रिलीज शामिल हैं.
अगर आप भी वीकेंड पर पॉपकॉर्न के साथ स्क्रीन के सामने जम जाने के शौकीन हैं, तो यह हफ्ता आपके लिए किसी फेस्टिवल से कम नहीं होने वाला. जून का तीसरा हफ्ता डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए ब्लॉकबस्टर साबित होने जा रहा है. ओटीटी (OTT) की दुनिया में इस बार फिल्मों और वेब सीरीज़ की ऐसी सुनामी आ रही है, जो हर तरह के दर्शकों को बांधकर रखेगी. चाहे आप रोंगटे खड़े कर देने वाले क्राइम थ्रिलर के दीवाने हों या चाहे आप कोर्टरूम ड्रामा और सस्पेंस देखना चाहते हो तो, फिर दिल को छू लेने वाली इमोशनल कहानियां और पेट खोलकर हंसाने वाली कॉमेडी इस हफ्ते आपके बीच आ रही है.
1. 'दृश्यम 3'
रिलीज़ डेट: 18 जून
कहां देखें: अमेज़न प्राइम वीडियो
कहानी वहीं से आगे बढ़ती है जहां जॉर्जकुट्टी एक बार फिर उसी पुराने गुनाह के साए में घिरा हुआ है, जिसने बरसों पहले उसके हंसते-खेलते परिवार की तकदीर बदल दी थी. वरुण की हत्या को बेहद शातिर और प्रीप्लान तरीके से छिपाने के सालों बाद भी, जॉर्जकुट्टी के दिलो-दिमाग से वो खौफ कम नहीं हुआ है। उसे हर पल यह डर सताता है कि उसकी एक छोटी सी गलती, एक अदद चूक, उसके पूरे परिवार को सलाखों के पीछे पहुंचा सकती है. यह फिल्म सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री या पुलिस-चोर का खेल नहीं है, बल्कि यह इंसानी दिमाग की उस रणनीतिक कुशलता और मानसिक दबाव को दिखाती है, जो एक गहरे राज़ को छुपाने के लिए रोज़ चुकाना पड़ता है.
2. 'ठुकरा के मेरा प्यार सीज़न 2'
रिलीज़ डेट: 19 जून
कहां देखें: जियोहॉटस्टार (JioHotstar)
जब इस सीरीज़ का पहला सीज़न आया था, तो किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि यह ओटीटी पर इस कदर तहलका मचा देगी. लेकिन अपने देसी मिजाज और तीखे डायलॉग्स के दम पर यह शो सुपरहिट रहा. पहले सीज़न में हमने देखा कि कैसे शानविका चौहान (शानविका) ने कुलदीप कुमार (धवल ठाकुर) को सरेआम अपमानित किया था और उसकी पूरी दुनिया को बिखेर कर रख दिया था. अब सीज़न 2 में बाज़ी पूरी तरह पलट चुकी है. उस पुराने विश्वासघात ने दोनों किरदारों को अंदर से पूरी तरह बदल दिया है.
3. 'केनाथ कानोम'
रिलीज़ डेट: 16 जून
कहां देखें: जियोहॉटस्टार (JioHotstar)
यह फिल्म तमिल सिनेमा के दिवंगत और बेहद प्रतिभाशाली निर्देशक सुरेश संगैया की आखिरी सिनेमैटिक पेशकश है, जो इसे भावनात्मक रूप से बेहद खास बनाती है. फिल्म की बैकग्राउंड रामनाथपुरम के एक बेहद पिछड़े और सूखाग्रस्त गांव 'करियापट्टिनम' पर आधारित है. यहां के ग्रामीण सालों से पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं. इसी बीच उन्हें सरकारी ज़मीन पर एक प्राचीन कुआं मिलता है. ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहता कि चलो, अब पानी की किल्लत दूर होगी.
4. आई विल फाइंड यू
रिलीज़ डेट: 16 जून
कहां देखें: नेटफ्लिक्स
अगर आपको हॉलीवुड स्टाइल के 'रॉन्गफुल कन्विक्शन' वाले सस्पेंस ड्रामे पसंद हैं, तो आठ एपिसोड की यह थ्रिलर सीरीज़ सीधे आपके दिल में उतरेगी। यह कहानी है डेविड बरोज़ की, जो अपने ही मासूम बेटे की कथित हत्या के संगीन आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहा है. समाज की नज़रों में वो एक कातिल है, और खुद डेविड भी अपनी किस्मत को रोकर दिन काट रहा है. लेकिन एक दिन उसकी जिंदगी में भूचाल आता है, जब उसकी भाभी जेल में उससे मिलने आती है और एक ऐसी तस्वीर दिखाती है, जो इस बात की तरफ इशारा करती है कि उसका बेटा शायद मरा नहीं है, बल्कि जिंदा है.
5. 'सेव द टाइगर्स सीज़न 3'
रिलीज़ डेट: 19 जून
कहां देखें: जियोहॉटस्टार (JioHotstar)
शादशुदा जिंदगी के साइड इफेक्ट्स पर बनी 'सेव द टाइगर्स' के पिछले दो सीज़न्स को दर्शकों का बेइंतहा प्यार मिला. पत्नियों से परेशान रहने वाले पतियों की इस तिकड़ी ने दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया था. अब तीसरे सीज़न में यह कॉमेडी एक काल्पनिक और कॉस्मिक मोड़ लेने जा रही है. रवि, राहुल और विक्रम हमेशा की तरह अपनी शादियों और पत्नियों को लेकर रोना रो रहे होते हैं, तभी स्वर्ग से भगवान इंद्र उनकी बातें सुन लेते हैं और उन्हें सबक सिखाने के लिए एक अनोखा 'कॉस्मिक सोशल एक्सपेरिमेंट ' करने का फैसला करते हैं.
6. 'शुगर सीज़न 2'
रिलीज़ डेट: 19 जून
कहां देखें: एप्पल टीवी प्लस (Apple TV+)
हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर कॉलिन फैरेल एक बार फिर 'जॉन शुगर' के रूप में अपनी जासूसी हैट पहनने के लिए तैयार हैं. लॉस एंजिल्स की चकाचौंध के पीछे छिपे क्राइम नेटवर्क को खंगालने वाला यह स्टाइलिश प्राइवेट जासूस इस बार एक बेहद उलझे हुए मामले में फंसने वाला है. सीज़न 2 की शुरुआत एक सामान्य मिसिंग पर्सन के केस से होती है, जहाँ शुगर को एक उभरते हुए लोकल बॉक्सर के परेशान बड़े भाई को ढूंढना है.
7. 'वॉइसमेल फॉर इसाबेल'
रिलीज़ डेट: 19 जून
कहां देखें: नेटफ्लिक्स (Netflix)
अगर आप थ्रिलर और मार-धाड़ से हटकर कुछ बेहद सुकून देने वाला और इमोशन देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके वीकेंड को खास बना सकती है. फिल्म की कहानी जिल (जोई ड्यूच) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बहन इसाबेल की असमय मौत के गहरे सदमे में है. इस दुख से उबरने और अपनी बहन से जुड़े रहने के लिए जिल एक अनोखा रास्ता चुनती है. वह अपनी बहन के पुराने, बंद हो चुके फोन नंबर पर रोज़ इमोशनल वॉइसमेल छोड़ती है, मानो उसकी बहन कहीं दूर बैठकर उसे सुन रही हो.




