Begin typing your search...

8 घंटे की जांच, 43 लोगों से पूछताछ... राम मंदिर दान चोरी केस में अब तक हुई महज एक गिरफ्तारी, क्या काम करता था आरोपी?

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दान पात्रों से कथित चोरी के मामले की जांच कर रही SIT ने 8 घंटे में 43 लोगों से पूछताछ की है. वहीं अभी तक इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है.

Ayodhya Ram Mandir
X

Ayodhya Ram Mandir

( Image Source:  ANI )

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दान पात्रों से कथित चोरी के मामले की जांच तेज हो गई है. इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) सोमवार को अयोध्या पहुंचा और परिसर में करीब 8 घंटे तक छानबीन की. जांच के दौरान टीम ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों से लेकर बैंक कर्मचारियों तक, कुल 43 लोगों से पूछताछ की.

जांच के दौरान मंदिर परिसर के दान पात्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन जांच हुई. वहीं, देर रात तक चली इस कार्रवाई के बाद एसआईटी टीम अयोध्या में ही रुकी रही. इस मामले में SIT ने अभी तक एक शख्स को गिरफ्तार किया है.

किन लोगों से हुई पूछताछ?

जांच के दौरान एसआईटी ने कुल 43 लोगों से पूछताछ की, जिनमें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी और दान राशि की गिनती में शामिल भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारी भी शामिल थे. पूछताछ का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि दान पात्रों से एकत्र की गई राशि की गिनती, जमा और रिकॉर्डिंग प्रक्रिया में कहीं कोई अनियमितता तो नहीं हुई.

किसे किया गया गिरफ्तार?

जांच के दौरान एसआईटी ने लवकुश मिश्रा नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि लवकुश दान पेटियों की गिनती के काम से जुड़ा हुआ था. उसके घर से 10 से 12 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है. इस बरामदगी के बाद जांच की दिशा और तेज हो गई है.

अब किस पर उठ रहे सवाल?

राम मंदिर की व्यवस्थाओं में गोपाल राव की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता है. उनके पास मंदिर के रखरखाव, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा और चढ़ावे के प्रबंधन जैसे कई अहम कार्यों की जिम्मेदारी बताई जाती है. जांच के दौरान उनका बार-बार बुलाया जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जिससे मामले में कई नए सवाल खड़े हो रहे हैं.

अब आगे क्या?

फिलहाल जांच जारी है और एसआईटी सभी सबूतों, रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

अगला लेख