मैं भी तेरे साथ कूद जाता हूं...'पुलिसवाले की सूझबूझ ने बचाई आत्महत्या कर रहे युवक की जान, वायरल हुआ दिल छू लेने वाला वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर आत्महत्या करने जा रहे युवक की जान बचाता नजर आ रहा है. जानिए कैसे सूझबूझ, धैर्य और बहादुरी दिखाकर पुलिसकर्मी ने आखिरी पल में युवक को सुरक्षित बचा लिया.
Police Man Saved a Man: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक शख्स कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है, जबकि एक पुलिसकर्मी उसे बचाने का प्रयास कर रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली का है और युवक को बचाने वाला शख्स दिल्ली पुलिस का अधिकारी है.
वीडियो में पुलिसकर्मी युवक से कहता सुनाई देता है, "मैं ब्राह्मण आदमी हूं, मेरी बात पर विश्वास करो." इस दौरान वह युवक को पानी भी ऑफर करता है और लगातार उसे ऐसा कदम उठाने से रोकने की कोशिश करता है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. हालांकि, इस मामले पर अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
वीडियो में एक पुलिसकर्मी सड़क किनारे बने पिट के पास खड़े एक युवक को आत्महत्या करने से रोकता नजर आ रहा है. युवक के हाथ में एक बैग है और वह बार-बार नीचे कूदने की धमकी देता दिखाई देता है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह ऐसा कदम क्यों उठाना चाहता था.
नीचे खड़ा पुलिसकर्मी लगातार उससे कहता है, "नीचे मत कूदो, मेरी बात सुनो." वह युवक को भरोसा दिलाने की कोशिश करता है और पानी भी देता है. वीडियो में पुलिसकर्मी कहते हुए सुनाई देता है, "आप नीचे आ जाइए, आप मुझ पर विश्वास नहीं कर रहे हैं." इसके बाद वह कहता है, "मेरी बात पर भरोसा रखो, मैं ब्राह्मण आदमी हूं."
जब युवक मानने को तैयार नहीं होता, तो पुलिसकर्मी कहता है, "मैं भी तेरे साथ कूद जाता हूं," और फिर उसकी ओर बढ़ जाता है.
क्या है युवक का नाम?
वीडियो में एक दूसरा व्यक्ति भी दिखाई देता है, जो युवक को समझाने की कोशिश कर रहा है. वह किसी को फोन करता है और कहता है, "एक बार आप हेमंत से बात कीजिए."
जैसे ही युवक फोन पर बात करने के लिए पीछे मुड़ता है, पुलिसकर्मी तेजी से आगे बढ़कर उसे सुरक्षित दिशा में धक्का दे देता है. इससे उसकी जान बच जाती है. हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर क्या बोले यूजर्स?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, "इस पुलिसकर्मी को सम्मानित किया जाना चाहिए."
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "इस पुलिस वाले को सलाम बनता है."
कमल शर्मा नाम के यूजर लिखते हैं, "पुलिसकर्मी तारीफ का हकदार है, उसने बहुत अच्छा काम किया है."
सर्वेश कुमार ने लिखा, "ओ लाले, दी जान, दिल, गुर्दा, जिगर... सब ले लिया तूने तो!"




