Begin typing your search...

किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है... क्या है राहत इंदौरी की वो पूरी गजल, जिसे गाकर Diljit Dosanjh ने निकाली भड़ास

काफी विवादों के बीच आखिरकार इंदौर में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट देखने को मिला. इस दौरान दिलजीत स्टेज से राहत इंदौरी की एक शायरी सुनाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया.

Diljit Dosanjh Indore Concert
X

Diljit Dosanjh Indore Concert

( Image Source:  ChatGPT )

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में अपने कॉन्सर्ट का विरोध करने वालों को मंच से ऐसा जवाब दिया, जिसकी अब काफी चर्चा हो रही है. बम की धमकियों, गानों पर आपत्ति और कार्यक्रम की अनुमति को लेकर पैदा हुए विवाद के बावजूद दिलजीत ने रविवार को इंदौर में शानदार परफॉर्मेंस दी. इस दौरान उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी की लाइनें सुनाते हुए कहा, 'किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है' उनके इस अंदाज पर कॉन्सर्ट में मौजूद फैंस ने जमकर तालियां बजाईं.

दिलजीत ने अपने शो की शुरुआत 'जय श्री महाकाल' के नारे के साथ की. उन्होंने साफ कहा कि वह अपने चाहने वालों से किया वादा पूरा करने के लिए इंदौर आए हैं और किसी भी दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं. उनका यह कार्यक्रम AURA इंडिया टूर 2026 का हिस्सा था. इससे पहले दिल्ली में भी उनके कॉन्सर्ट को लेकर अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था पर विवाद हुआ था.

दिलजीत ने विरोध करने वालों को क्या दिया जवाब?

42 साल के दिलजीत दोसांझ ने इंदौर के डिलाइट दस्तूर ग्राउंड में अपने कॉन्सर्ट के दौरान विरोध करने वालों को सीधे संबोधित किया. उन्होंने कहा कि महाकाल की धरती पर आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता. सिंगर ने दर्शकों से कहा "देखिए, यह महाकाल की धरती है और हमें यहां आने से कोई नहीं रोक सकता. हम पहले भी नहीं डरते थे और आज भी नहीं डरते और आपके डरने का सवाल ही कहां है? आपकी ताकत ही हमें आज यहां लेकर आई है. हालांकि मुझे यहां आने से रोकने की कई कोशिशें की गईं, फिर भी मैं आया. एक बार जब मैं किसी से कहता हूं कि मैं आऊंगा, तो मैं कभी पीछे नहीं हटता."

कौन सी शायरी सुनाकर दिया जवाब?

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने मशहूर दिवंगत उर्दू शायर राहत इंदौरी की चर्चित गजल की कुछ पंक्तियां भी सुनाईं. उनकी शायरी में विरोध करने वालों के लिए एक साफ संदेश था. उन्होंने कहा "अगर खिलाफ़ हैं होने दो, जान थोड़ी है. सबका खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ा है."

क्या है राहत इंदौरी के ये पूरी शायरी?

अगर ख़िलाफ़ हैं होने दो, जान थोड़ी है

ये सब धुआं है कोई आसमान थोड़ी है

लगेगी आग तो आएंगे घर कई ज़द में

यहां पे सिर्फ़ हमारा मकान थोड़ी है

मैं जानता हूं के दुश्मन भी कम नहीं लेकिन

हमारी तरह हथेली पे जान थोड़ी है

हमारे मुंह से जो निकले वही सदाक़त है

हमारे मुंह में तुम्हारी ज़ुबान थोड़ी है

जो आज साहिबे मसनद हैं कल नहीं होंगे

किराएदार हैं ज़ाती मकान थोड़ी है

सभी का ख़ून है शामिल यहां की मिट्टी में

किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है

क्यों जताई गई थी सुरक्षा को लेकर चिंता?

इंदौर में दिलजीत के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई थी. कॉन्सर्ट से पहले इंदौर के मेयर कार्यालय, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल भेजे गए थे. पुलिस ने इन ईमेल की जांच की और शुरुआती तौर पर इन्हें फर्जी बताया. इसके बावजूद प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती. 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट की अनुमति भी कार्यक्रम शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही मिली थी.

दिलजीत किन 4 गानों पर लगाया गया था बैन?

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर एक बड़ा विवाद उनके गानों को लेकर भी हुआ. महिला एवं बाल विकास विभाग ने उनके कुछ गानों के बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर आपत्ति जताई थी. इसके बाद हाई कोर्ट में दिए गए संदर्भ और विभाग की आपत्ति के आधार पर आयोजकों को चार गाने सेटलिस्ट से हटाने के निर्देश दिए गए. जिसमें पटियाला पैग, 5 तारा, केस, जट्ट उठे फिरे करदा गाने शामिल रहे.

कैसी रही कॉन्सर्ट में सुरक्षा की तैयारी?

इंदौर में दिलजीत के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. डिलाइट दस्तूर ग्राउंड में आयोजित इस कॉन्सर्ट के दौरान 300 से अधिक पुलिसकर्मियों और 1,000 से ज्यादा वॉलंटियर की तैनाती की गई थी. कार्यक्रम स्थल पर निगरानी के लिए वॉच टावर और बैगेज स्कैनर लगाए गए थे. इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी पूरे इलाके पर नजर रखने की अनुमति दी गई थी.

अगला लेख