Begin typing your search...

ताजमहल-लाल किला जैसा पंडाल, हेलीकॉप्टर से VIP मेहमानों की एंट्री और 150 से ज्यादा पकवान; जानें शिवांगी सिंह की शादी से जुड़ी हर डिटेल

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगी, जबकि शादी की रस्में 20 नवंबर से शुरू होंगी. शादी के लिए 10 बीघे में ताजमहल और लाल किले की थीम वाले पंडाल, 4 लाख मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा पकवान और VIP मेहमानों के लिए हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं.

ताजमहल-लाल किला जैसा पंडाल, हेलीकॉप्टर से VIP मेहमानों की एंट्री और 150 से ज्यादा पकवान; जानें शिवांगी सिंह की शादी से जुड़ी हर डिटेल
X

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत कुमार सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि इन दिनों बिहार की सबसे चर्चित शादियों में शामिल हो गई है. करीब 10 बीघे में सज रहा आयोजन स्थल, ताजमहल और लाल किले की थीम पर बन रहे पंडाल, 150 से ज्यादा पकवान, हेलीकॉप्टर से आने वाले VIP मेहमान और घुड़दौड़ के विजेताओं के लिए थार-मोटरसाइकिल जैसे इनाम इस आयोजन को खास बना रहे हैं.

शादी की तारीख 25 नवंबर है, जिसकी तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो गई हैं. इस समारोह को समझने के लिए सिर्फ भव्य पंडाल और मेहमानों की संख्या ही नहीं, बल्कि शादी का पूरा कार्यक्रम, दूल्हे का परिवार, बारात का रास्ता और शादी के बाद शिवांगी की नई जिंदगी से जुड़ी बातें भी अहम हैं. आइए जानते हैं 10 बड़ी बातें...

1. कौन हैं शिवांगी के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार?

  • शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से होने जा रही है. ऋषिकेश के पिता का नाम रणविजय कुमार सिंह है. वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कमांडेंट हैं. उनकी मां का नाम आशा देवी बताया गया है. ऋषिकेश की एक बहन कोमल कुमारी भी हैं, जो अमेरिका में रहती हैं और पेशे से डॉक्टर हैं.
  • ऋषिकेश की पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने शुरुआती शिक्षा अहमदाबाद से हासिल की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए, जहां से ग्रेजुएशन और MBA की पढ़ाई पूरी की. फिलहाल वह अमेरिका में एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते हैं. शादी के लिए वह बिहार लौट आए हैं.
  • दूसरी तरफ, शिवांगी सिंह ने दिल्ली से MBA किया है. इस तरह दोनों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी हद तक एक जैसी है.
  • ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, यह रिश्ता दोनों परिवारों की पहल और सहमति से तय हुआ. उनके अनुसार, लड़की पक्ष की ओर से प्रस्ताव आया था. परिवार में बातचीत हुई और सभी की पसंद के बाद शादी के लिए हामी भर दी गई.
  • अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अनंत सिंह खुद बेटी के लिए रिश्ता लेकर ऋषिकेश के परिवार तक पहुंचे थे। दोनों परिवारों की सहमति के बाद विवाह तय हुआ.

2. शादी के बाद कहां रहेंगी शिवांगी सिंह?

शादी के बाद शिवांगी का नया ससुराल बिहार के बिहटा में होगा. ऋषिकेश के परिवार ने बिहटा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 स्थित कृष्णानगर में करीब दो कट्ठा जमीन पर चार मंजिला मकान तैयार कराया है. इस मकान को खास तौर पर शिवांगी के स्वागत और गृह प्रवेश के लिए तैयार किया गया है. रणविजय कुमार सिंह का परिवार मूल रूप से बिहटा प्रखंड के घोड़ाटॉप गांव का रहने वाला है. परिवार के कुछ सदस्य अभी भी गांव में रहते हैं. शादी के बाद शिवांगी पहले कुछ समय बिहटा में अपने ससुराल वालों के साथ रहेंगी. इसके बाद पति ऋषिकेश के साथ अमेरिका जाने की संभावना है. यानी शादी के बाद उनकी जिंदगी का नया अध्याय बिहार और अमेरिका, दोनों से जुड़ा होगा.

3. 20 नवंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में, जानिए पूरा शेड्यूल

शिवांगी और ऋषिकेश की शादी 25 नवंबर को होनी है. शादी के कार्ड में कई दिनों के कार्यक्रम दर्ज हैं. तिलक से लेकर हल्दी, मेहंदी, संगीत और विवाह तक की रस्में अलग-अलग तारीखों पर होंगी.

शिवांगी की शादी का पूरा कार्यक्रम

  • 20 नवंबर, शुक्रवार — फलदान और तिलकोत्सव: शादी की रस्मों की शुरुआत शुभ फलदान और तिलक से होगी. तिलक समारोह पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनो बैंक्वेट हॉल में रखे जाने की जानकारी है. इस दिन दोनों परिवारों के रिश्तेदार और करीबी लोग शामिल होंगे.
  • 23 नवंबर, सोमवार - हल्दी कलश: इस दिन शिवांगी की हल्दी की रस्म होगी. परिवार और रिश्तेदार पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.
  • 24 नवंबर, मंगलवार- मेहंदी और संगीत: शादी से एक दिन पहले मेहंदी और संगीत का आयोजन होगा. इस कार्यक्रम में परिवार के लोग और करीबी मेहमान शामिल होंगे. संगीत समारोह को खास बनाने की भी तैयारी है.
  • 25 नवंबर, बुधवार- जनेऊ, बारात और विवाह: शादी वाले दिन अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का उपनयन यानी जनेऊ संस्कार भी होगा. इसके बाद बिहटा से ऋषिकेश की बारात अनंत सिंह के पैतृक गांव पहुंचेगी. शाम को बारात स्वागत और प्रीतिभोज के बाद रात में शिवांगी और ऋषिकेश सात फेरे लेंगे.

4. कहां होगी शादी और आयोजन स्थल को लेकर क्या है तैयारी?

शादी का मुख्य आयोजन अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में किया जा रहा है. आयोजन के लिए करीब 10 बीघे जमीन पर विशाल पंडाल तैयार हो रहा है. इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत पंडालों की थीम है. मुख्य पंडाल को ताजमहल की तरह बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे पंडाल को लाल किले का रूप दिया जाएगा. इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर और शिल्पकार बुलाए गए हैं. ताजमहल जैसे गुंबद और सजावटी हिस्से तैयार किए जा रहे हैं. इन्हें मुख्य ढांचे पर लगाने के बाद पंडाल को ताजमहल जैसा स्वरूप देने की योजना है.

5. हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे VIP मेहमान, छह से ज्यादा हेलीपैड

शादी में देश के अलग-अलग हिस्सों से मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है. कुछ VIP मेहमान हेलीकॉप्टर से भी आ सकते हैं. उनके आवागमन को आसान बनाने के लिए आयोजन स्थल के आसपास आधा दर्जन से अधिक हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं. जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या और बढ़ाई जा सकती है.

ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, हैदराबाद, अहमदाबाद, रायपुर, सुकमा, मेरठ और दिल्ली के अलावा अमेरिका और दुबई से भी उनके परिचित और मेहमान शादी में पहुंचेंगे. राजनीतिक और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों को भी निमंत्रण भेजे जाने की खबरें हैं. हालांकि, किसी मेहमान की मौजूदगी को तब तक पक्का नहीं माना जा सकता, जब तक वह खुद शामिल न हो जाए.

6. चार लाख मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा पकवान

  • शादी में करीब चार लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है. इतने बड़े आयोजन के लिए भोजन की व्यवस्था भी बड़े स्तर पर की जा रही है.
  • मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान तैयार करने की योजना है. इसमें बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों के मशहूर पकवान भी शामिल होंगे.
  • मेन्यू में लिट्टी-चोखा, देसी घी का मालपुआ, बालूशाही, खाजा और रसगुल्ला जैसे बिहारी स्वाद होंगे. इसके अलावा पनीर की अलग-अलग सब्जियां, शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, तंदूरी रोटी और नान भी परोसे जाएंगे.
  • मेहमानों के लिए चाट, गोलगप्पे, टिक्की, डोसा, चाउमीन, पास्ता और कुल्फी के लाइव काउंटर भी लगाए जाएंगे. इन काउंटरों पर कारीगर मेहमानों के सामने ही खाना तैयार करेंगे.
  • इतने लोगों के लिए भोजन बनाने और परोसने के लिए अलग-अलग काउंटर और विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

7. घुड़दौड़ में विजेता को थार, दूसरे नंबर वाले को बाइक

शादी का एक और बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी. इसके लिए कई एकड़ जमीन पर मैदान तैयार किया जा रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार और उनके घोड़े इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंच सकते हैं.

अनंत सिंह के मुताबिक, घुड़दौड़ में पहले स्थान पर आने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार और दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल दी जाएगी. थार की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है. अनंत सिंह का कहना है कि उनके यहां पहले भी घुड़दौड़ प्रतियोगिताएं होती रही हैं और विजेताओं को पुरस्कार दिए जाते रहे हैं.

8. दामाद को डिफेंडर, बेटे अभिनव को BMW देने की चर्चा

शिवांगी की शादी के साथ अनंत सिंह की ओर से दिए जाने वाले उपहारों की भी चर्चा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी उपहार में देने वाले हैं. इसकी कीमत अलग-अलग रिपोर्टों में करीब 2 से 3 करोड़ रुपये बताई गई है. वहीं, छोटे बेटे अभिनव कुमार के जनेऊ संस्कार पर BMW कार देने की भी चर्चा है.

9. एक ही दिन बेटी की शादी और बेटे का जनेऊ

25 नवंबर का दिन अनंत सिंह के परिवार के लिए दोहरी खुशी लेकर आएगा. इसी दिन बेटी शिवांगी की शादी होगी और छोटे बेटे अभिनव कुमार का उपनयन यानी जनेऊ संस्कार भी आयोजित किया जाएगा. बिहार के कई परिवारों में शादी के अवसर पर घर के छोटे लड़कों का जनेऊ संस्कार कराने की परंपरा है. इस वजह से परिवार ने दोनों मांगलिक कार्यक्रम एक ही दिन रखने का फैसला किया है.

10. शादी की तैयारियों पर परिवार की नजर

इतने बड़े आयोजन को संभालना आसान नहीं है. पंडाल, सजावट, भोजन, मेहमानों के ठहरने, पार्किंग, सुरक्षा और परिवहन से लेकर घुड़दौड़ तक की अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं. अनंत सिंह के बेटे भी आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. परिवार की कोशिश है कि मेहमानों के स्वागत और आयोजन की व्यवस्था में कोई कमी न रहे.

इस तरह शिवांगी और ऋषिकेश की शादी में पारंपरिक बिहारी रस्मों के साथ शाही सजावट, बड़े पैमाने पर भोज और मनोरंजन के खास इंतजाम किए जा रहे हैं. 20 नवंबर को तिलक से शुरू होने वाला यह समारोह 25 नवंबर को शादी और जनेऊ संस्कार के साथ अपने मुख्य पड़ाव पर पहुंचेगा. शादी के बाद शिवांगी कुछ समय बिहटा में रहेंगी और फिर पति के साथ अमेरिका जा सकती हैं.

अगला लेख