सर्दियों में किचन की खिड़की-दरवाजे बंद कर क्यों नहीं बनाना चाहिए खाना? डॉक्टर से जानें किन बातों का रखें ध्यान
ठंड के कारण अक्सर लोग किचन में खाना बनाते खिड़की-दरवाजे बंद कर देते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए. इसके कारण खाने का धुंआ बाहर न निकलने के बजाय फेफड़ों तक पहुंचकर नुकसान पहुंचाता है.
सर्दियों में ठंड से बचने के लिए हम अक्सर घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखते हैं. खासकर खाना बनाते समय रसोई के दरवाजे बंद कर दिए जाते हैं, ताकि ठंडी हवा अंदर न आए. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस दौरान किचन में जमा होने वाला धुआं आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है?
सुबह का तड़का लगाना हो, पूड़ियां तलनी हों या तेज आंच पर सब्जी भूननी हो, इन सभी कामों के दौरान रसोई में धुआं और बहुत छोटे कण पैदा हो सकते हैं. अगर बाहर निकलने के लिए हवा का रास्ता नहीं है, तो ये कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं, जिसके कारण लंग कैंसर हो सकता है.
डॉक्टर ने क्या बताया?
दरअसल, इस बारे में दिल्ली के अपोलो एथेना विमेंस कैंसर सेंटर की मेडिकल एंड प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी की प्रमुख डॉ. (प्रोफेसर) ज्योति वाधवा ने HT Lifestyle से बातचीत में आगाह किया है. उन्होंने बताया कि लंबे समय तक खाना पकाने के धुएं और घरेलू वायु प्रदूषण के संपर्क में रहने से फेफड़ों की सेहत प्रभावित हो सकती है. इसका संबंध लंग कैंसर के बढ़ते जोखिम से भी पाया गया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि किचन का धुआं कब नुकसानदायक हो सकता है और इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए.
कब किचन का धुंआ बनता है परेशानी?
- डॉ. ज्योति वाधवा के मुताबिक, कभी-कभार खाना बनाते समय धुआं निकलने का मतलब यह नहीं है कि किसी को कैंसर हो जाएगा. असली चिंता तब बढ़ती है, जब कोई व्यक्ति सालों तक रोजाना कई घंटे खाना पकाने के धुएं के संपर्क में रहता है.
- खासतौर पर तेज आंच पर तेल गर्म करने, बार-बार एक ही तेल को गर्म करने और खाना जलने तक पकाने से धुआं निकल सकता है. छोटे किचन में हवा आने-जाने की जगह कम होने पर यह परेशानी और बढ़ सकती है.
- लकड़ी, कोयला और उपलों जैसे ईंधन पर खाना बनाने वालों के लिए भी लंबे समय तक धुएं के संपर्क में रहना नुकसानदायक हो सकता है.
कैसे धुएं के छोटे कण फेफड़ों
खाना पकाते समय निकलने वाला धुआं सिर्फ आंखों में जलन या बदबू की वजह नहीं होता है. इसमें मौजूद बहुत छोटे कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं. अगर किचन में हवा का सही इंतजाम नहीं है, तो ये कण काफी देर तक कमरे में बने रह सकते हैं. धीरे-धीरे यही स्थिति घर के अंदर की हवा को खराब कर सकती है.
किचन में खाना बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- खाना बनाते समय चिमनी या एग्जॉस्ट फैन जरूर चलाएं.
- जरूरत के मुताबिक खिड़की और दरवाजे खोलकर ताजी हवा आने दें.
- तेल को जरूरत से ज्यादा गर्म न करें.
- बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल को तेज आंच पर गर्म करने से बचें.
- जहां संभव हो, खाना पकाने के लिए साफ ईंधन का इस्तेमाल करें.
नोट: किचन का धुआं अपने आप में लंग कैंसर होने का संकेत नहीं है. हालांकि, अगर लंबे समय से खांसी बनी हुई है, सांस लेने में परेशानी होती है, सीने में दर्द रहता है या बिना किसी वजह वजन घट रहा है, तो डॉक्टर से जांच जरूर कराएं. खासकर तब, जब पहले से कैंसर के अन्य जोखिम भी मौजूद हों. डरने के बजाय सावधानी बरतना और समय पर लक्षणों को समझना ज्यादा जरूरी है.




