न दवा की जरूरत, न महंगे इलाज का झंझट... प्रदूषण से होने वाली खांसी, गले की खराश और खुजली से राहत पाने के लिए घर पर अपनाएं ये 6 आसान घरेलू उपाय
प्रदूषण के कारण अगर आपका गला बार-बार खराब हो रहा है और खांसी परेशान कर रही है, तो कुछ आसान घरेलू तरीके आजमा सकते हैं. शहद, अदरक, तुलसी और हल्दी जैसी चीजें गले को कुछ समय के लिए आराम दे सकती हैं.
प्रदूषण से खांसी और गले की खुजली में राहत के 6 घरेलू उपाय
दिवाली के बाद हवा में बढ़ता प्रदूषण अब लोगों की सेहत पर असर डालने लगा है. जहरीली हवा में मौजूद धूल और धुएं के छोटे कण सांस के साथ शरीर में पहुंचकर गले में खराश, खुजली और खांसी की परेशानी बढ़ा सकते हैं. कई लोगों को बार-बार खांसने, गला सूखने और बोलने में भी दिक्कत होने लगती है. ऐसे में रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो जाता है.
अगर आप भी प्रदूषण के कारण खांसी और गले की परेशानी से जूझ रहे हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपायों से अस्थायी राहत पा सकते हैं. इसके लिए आपको महंगी चीजों की जरूरत नहीं है. रसोई में मौजूद शहद, अदरक, तुलसी और हल्दी जैसी चीजें गले को आराम पहुंचाने में मदद कर सकती हैं. आइए जानते हैं ऐसे 6 आसान उपाय, जिन्हें घर पर अपनाया जा सकता है.
बेसन का शीरा पिएं
बेसन का शीरा सर्दियों में खूब पसंद किया जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले घी में बेसन को भून लें. अब इसमें दूध और पानी डालकर अच्छी तरह पकाएं. स्वाद के लिए थोड़ा गुड़, हल्दी, इलायची और काली मिर्च मिला लें. इसे हल्का गर्म पीने से गले के सूखेपन में कुछ समय के लिए आराम मिल सकता है.
एक चम्मच शहद लें
खांसी होने पर एक चम्मच शहद ले सकते हैं. चाहें तो इसे गुनगुने पानी में मिलाकर भी पी सकते हैं. इससे गले को आराम मिल सकता है. ध्यान रखें कि एक साल से छोटे बच्चों को शहद न दें.
अदरक और तुलसी की चाय पिएं
एक कप पानी में अदरक के छोटे टुकड़े और तुलसी की कुछ पत्तियां डालकर उबाल लें. अब इसे छानकर हल्का गर्म पिएं. इससे गले को अच्छा महसूस हो सकता है.
नमक के पानी से गरारे करें
अगर गले में खुजली या खराश हो रही है तो एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाएं. इस पानी से गरारे करें. इससे गले की परेशानी कम हो सकती है.
हल्दी वाला दूध पिएं
रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में थोड़ी सी हल्दी मिलाकर पी सकते हैं. इससे गले को आराम मिल सकता है.
दिनभर पानी पीते रहें
गले में सूखापन न हो, इसके लिए दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें. घर में धूल और धुएं से बचें. बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें.
ध्यान दें: :ये घरेलू उपाय गले की खराश और खांसी में कुछ समय के लिए आराम दे सकते हैं, लेकिन प्रदूषण से होने वाली बीमारी का इलाज नहीं हैं. अगर खांसी लंबे समय तक बनी रहे, सांस लेने में परेशानी हो या लक्षण बढ़ें, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.




