Begin typing your search...

न पर्स, न घड़ी और न कपड़े... भाई दूज पर अपनी बहन को दें ये गिफ्ट, रोज आएंगे काम

इस भाई दूज पर बहन को डिजिटल राइटिंग टैबलेट या इंडोर हर्ब गार्डन किट देकर सरप्राइज कर सकते हैं. ये तोहफे न सिर्फ हटकर हैं, बल्कि बहन के शौक पूरे करने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने में भी मदद करेंगे.

न पर्स, न घड़ी और न कपड़े... भाई दूज पर अपनी बहन को दें ये गिफ्ट, रोज आएंगे काम
X
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 10 Nov 2026 3:22 PM IST

इस साल 11 नवंबर को भाई दूज मनाया जाएगा. यह त्योहार आते ही भाइयों के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है कि इस बार बहन को ऐसा क्या दिया जाए, जो उसे सच में पसंद आए? हर साल पर्स, घड़ी, कपड़े और ज्वेलरी देने का चलन तो आम है, लेकिन इस बार क्यों न कुछ ऐसा दिया जाए, जो बहन की रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा आसान बना दे या उसके किसी शौक को पूरा करने में मदद करे.

जरा सोचिए, अगर आपकी बहन को गार्डनिंग पसंद है, तो उसे पौधे उगाने वाली किट मिले या उसे कुछ नया सीखने का शौक है, तो ऑनलाइन कोर्स का तोहफा कैसा रहेगा? ऐसे गिफ्ट सिर्फ एक दिन की खुशी नहीं देते, बल्कि लंबे समय तक काम आते हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही हटकर और यूजफुल गिफ्ट आइडियाज.

1. डिजिटल राइटिंग टैबलेट

अगर आपकी बहन को छोटी-छोटी बातें लिखने, लिस्ट बनाने या नए आइडिया नोट करने की आदत है, तो डिजिटल राइटिंग टैबलेट अच्छा ऑप्शन है. इसमें वह अपने नोट्स, टू-डू लिस्ट और जरूरी बातें लिख सकती है. बार-बार कागज ढूंढने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. कुछ मॉडल में लिखी हुई चीजों को मिटाकर दोबारा इस्तेमाल करने की सुविधा भी मिलती है.

2. इंडोर हर्ब गार्डन किट

आपकी बहन को पौधों से प्यार है, तो उसे इंडोर हर्ब गार्डन किट दे सकते हैं. इसमें छोटे गमले, बीज और पौधे उगाने से जुड़ा जरूरी सामान मिलता है. वह अपनी बालकनी या खिड़की के पास धनिया, पुदीना और तुलसी जैसे पौधे उगा सकती है. इससे घर में हरियाली भी बढ़ेगी और ताजी पत्तियां भी मिलेंगी.

3. ऑनलाइन कोर्स सब्सक्रिप्शन

अगर आपकी बहन कुछ नया सीखना चाहती है, तो उसके लिए ऑनलाइन कोर्स का सब्सक्रिप्शन शानदार गिफ्ट हो सकता है. उसकी पसंद के अनुसार कुकिंग, फोटोग्राफी, ग्राफिक डिजाइनिंग, भाषा या डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स चुन सकते हैं. यह तोहफा उसके हुनर को निखारने में मदद कर सकता है.

4. मिनी फोटो प्रिंटर

तस्वीरें खींचने और यादें संजोने की शौकीन बहन के लिए मिनी फोटो प्रिंटर अच्छा रहेगा. इससे वह मोबाइल में मौजूद अपनी पसंदीदा तस्वीरों को छोटे प्रिंट के रूप में निकाल सकती है. इन तस्वीरों से स्क्रैपबुक, फोटो वॉल या डायरी को सजा सकती है.

5. पोर्टेबल गारमेंट स्टीमर

क्या आपकी बहन को हमेशा तैयार होकर रहना पसंद है और वह ऑफिस या कॉलेज जाती है, तो पोर्टेबल गारमेंट स्टीमर उसके काफी काम आ सकता है. इससे कपड़ों की सिलवटें आसानी से हटाई जा सकती हैं. इसे घर के अलावा यात्रा के दौरान भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

6. ट्रैवल ऑर्गेनाइजर किट

घूमने-फिरने की शौकीन बहन को ट्रैवल ऑर्गेनाइजर किट दे सकते हैं. इसमें कपड़े, चार्जर, मेकअप और दूसरी छोटी चीजें अलग-अलग रखने के लिए पाउच होते हैं. इससे सफर के दौरान सामान ढूंढने की परेशानी कम होती है.

भाई दूज पर बहन को तोहफा देते समय उसकी पसंद और जरूरत का ध्यान जरूर रखें. जरूरी नहीं कि गिफ्ट महंगा ही हो. कई बार छोटी-सी उपयोगी चीज भी रिश्ते में ढेर सारी खुशियां भर देती है. आखिर बहन के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए तोहफे की कीमत नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपा प्यार मायने रखता है.

अगला लेख