बागपत में पटाखे चलाने को हुआ विवाद, मारपीट के साथ चली गोली... कौन हैं राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर, जिनके सिर में लगी गोली
उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर को गोली मार दी गई. वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे और घर के बाहर भाइयों के साथ पटाखे चला रहे थे.
presidents bodyguard saurabh Tomar
उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली के मौके पर पटाखे चलाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया. यहां छुट्टी पर अपने गांव आए राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर को गोली मार दी गई. घटना उस समय हुई, जब सौरभ अपने भाइयों के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे. इसी दौरान पड़ोस के दो युवकों से उनकी कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे गोली सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी.
गोली लगने के बाद सौरभ को गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी है, लेकिन उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं. दूसरी तरफ, घटना के बाद परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
क्या था पूरा मामला?
सौरभ तोमर के परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, दिवाली की छुट्टी पर सौरभ अपने गांव गोपालपुर खड़ाना आए हुए थे. घटना के समय वह अपने भाइयों के साथ घर के बाहर पटाखे चला रहे थे. तभी पड़ोस में रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने पटाखे चलाने का विरोध करना शुरू कर दिया. आरोप है कि दोनों युवकों ने गाली-गलौज की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी.
मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सौरभ और उनके भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी. विवाद के दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर गोली चला दी. गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी. गोली सिर में ही फंस गई और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े.
कौन हैं सौरभ तोमर?
सौरभ तोमर भारतीय सेना के 26 वर्षीय जवान हैं. वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गोपालपुर खड़ाना गांव के रहने वाले हैं. सौरभ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के अंगरक्षक (प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड) रेजिमेंट में तैनात हैं. साल 2021 में उनका चयन इस प्रतिष्ठित रेजिमेंट में हुआ था. सौरभ के पिता का नाम जनकराज है. उनके दो भाई हैं, जिनका नाम विनीत और मिंटू है. सौरभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बागपत के स्थानीय स्कूल से पूरी की थी. बचपन से ही उनकी रुचि पढ़ाई के साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में भी रही.
भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी. उनकी शारीरिक क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर साल 2021 में उनका चयन राष्ट्रपति के अंगरक्षक रेजिमेंट में हुआ. फिलहाल दिवाली की छुट्टी पर गांव आए सौरभ अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.




