फेसबुक पर हुई दोस्ती का खौफनाक अंत, गाजियाबाद में प्रेमी ने ईंट से कुचलकर महिला को मार डाला; आखिर क्यों उठाया यह कदम?
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती का अंत एक खौफनाक वारदात के साथ हुआ. यहां एक युवक ने अपनी महिला मित्र की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक महिला की उसके प्रेमी ने ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी. दोनों की कुछ महीने पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी. सोमवार को आरोपी महिला से मिलने पहुंचा था. इस दौरान रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने ईंट से महिला के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस के मुताबिक, लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी चौकी पर महिला की हत्या की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक महिला का लहूलुहान शव पड़ा मिला. महिला के सिर पर ईंट से वार किए जाने के निशान थे. शुरुआती जांच में मृतका की पहचान पिंकी के रूप में हुई, जो बुलंदशहर की रहने वाली थी.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच में पता चला कि पिंकी की कुछ महीने पहले फेसबुक के माध्यम से बुलंदशहर निवासी पिंटू से दोस्ती हुई थी. दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी. सोमवार को पिंटू उससे मिलने आया था. रात में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर पिंटू ने पास में रखी ईंट से पिंकी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई.




