Begin typing your search...

12वीं तक पढ़ाई, 1 साल पहले लापता... कौन था कुलगाम में मारा गया आतंकी लतीफ भट, CRPF पोस्ट पर किया था हमला, एक और साथी ढेर

कुलगाम एनकाउंटर में लश्कर कमांडर लतीफ भट और आतंकी उमर ढेर. 15 लाख का इनामी लतीफ कौन था? CRPF हमले और उसकी आतंकी गतिविधियों की पूरी कहानी जानिए.

12वीं तक पढ़ाई, 1 साल पहले लापता... कौन था कुलगाम में मारा गया आतंकी लतीफ भट, CRPF पोस्ट पर किया था हमला, एक और साथी ढेर
X

जम्मू- कश्मीर के कुलगाम में 11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुए हमले का जवाब सुरक्षाबलों ने छह दिन बाद दे दिया है. सोमवार, 16 नवंबर को दक्षिण कश्मीर के लारू गांव में हुए एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा का वांटेड कमांडर मोहम्मद लतीफ भट और उसका साथी आतंकी उमर मारा गया. लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. बुधवार 11 नवंबर के हमले के चार आंतकियों का नाम सामने आया था जिसमें से बिलाल,आबिद कयूम, लतीफ भट्ट और उमर मीर आखिरी नाम है जिसमें सुरक्षाबलों ने जवाब देते हुए चार में से दो लोगों को उन्हीं के कुदरत के पास पहुंचा दिया है.

सुरक्षा एजेंसियों को शक था कि 11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हुई फायरिंग के पीछे भी उसी का हाथ था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे. लेकिन लतीफ की कहानी सिर्फ इसी हमले तक सीमित नहीं थी. उस पर अनंतनाग में पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की टारगेट किलिंग में शामिल होने का भी आरोप था. आखिर कौन था लतीफ भट और कितनी बड़ी थी उसकी आतंकी गतिविधियों की फेहरिस्त?

कौन था मोहम्मद लतीफ भट?

मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के ख्रेवां चादर इलाके का रहने वाला था. उसकी उम्र करीब 22 साल बताई जा रही है. लतीफ ने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल अशमुजी से 12वीं तक पढ़ाई की थी. इसके बाद उसने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, कुलगाम में दाखिला लिया, लेकिन पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी. कॉलेज छोड़ने के बाद वह ख्रेवां में एक बीडिंग मशीन यूनिट में बढ़ई का काम करने लगा था.

लतीफ की जिंदगी में नवंबर 2025 में बड़ा मोड़ आया, जब वह अचानक घर से लापता हो गया. 19 नवंबर 2025 को उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इसी दौरान वह भूमिगत हो गया और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हो गया. बताया जाता है कि वह आतंकी जाकिर अहमद के संपर्क में आने के बाद कट्टरपंथ की राह पर चला गया.

हमें Whatsapp पर फॉलो करें

15 लाख का इनामी था लतीफ भट

लतीफ भट दक्षिण कश्मीर में लश्कर के सक्रिय स्थानीय कमांडरों में शामिल हो गया था. सुरक्षा एजेंसियां उसे संगठन के बचे हुए प्रमुख स्थानीय कमांडरों में से एक मान रही थीं. वह कथित तौर पर विदेशी आतंकियों के साथ मिलकर गतिविधियां चलाता था. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले के लिए 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. नवंबर 2026 में उसकी तलाश तेज करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर वांटेड पोस्टर भी लगाए गए थे.

लतीफ भट की क्राइम कुंडली- किन वारदातों में आया नाम?

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ भट का नाम दक्षिण कश्मीर में कई बड़ी आतंकी वारदातों में सामने आया था. उस पर 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग में हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या में शामिल होने का आरोप था. इसके अलावा 31 जुलाई 2026 के आसपास कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो गैर-स्थानीय मजदूरों की टारगेट किलिंग में भी उसकी भूमिका संदिग्ध बताई गई थी. एजेंसियों को शक था कि वह सुरक्षा बलों और गैर-स्थानीय लोगों को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था.

हमें Instagram पर फॉलो करें

शोपियां एनकाउंटर में कैसे बच निकला था लतीफ?

लतीफ भट पहले भी सुरक्षाबलों के निशाने पर आ चुका था. जुलाई 2026 में शोपियां में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान उसे लश्कर कमांडर जाकिर गनई के साथ घेर लिया गया था. करीब पांच दिन तक चले इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने जाकिर गनई को मार गिराया, लेकिन लतीफ कथित तौर पर सुरक्षा घेरा तोड़कर भागने में कामयाब रहा. इसके बाद से ही उसकी तलाश जारी थी. एजेंसियों को शक था कि वह दोबारा आतंकी नेटवर्क को सक्रिय करने और टारगेट किलिंग की साजिशों में जुटा हुआ था.

11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हमले में आया नाम

11 नवंबर 2026 को कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में CRPF की नाका पार्टी को निशाना बनाया गया था. दो भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने CRPF पोस्ट पर अचानक फायरिंग कर दी थी. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी पास के जंगलों की तरफ भाग निकले थे. जांच के दौरान लतीफ भट का नाम इस हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में सामने आया. इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया था.

दूसरा आतंकी उमर मीर कौन था?

लारू एनकाउंटर में लतीफ भट के साथ मारा गया दूसरा आतंकी उमर मीर था. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी पहचान उमर मीर के रूप में की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह लतीफ भट का सहयोगी था और दोनों के 11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हुए हमले से जुड़े होने का संदेह था. हालांकि, उमर की उम्र, वह कहां का रहने वाला था, कब आतंकी संगठन में शामिल हुआ और उसके खिलाफ पहले किन वारदातों में शामिल होने के आरोप थे, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है. ऐसे में उसकी आतंकी गतिविधियों की पूरी क्राइम कुंडली सामने आना बाकी है.

16 नवंबर को लारू में कैसे हुआ एनकाउंटर?

11 नवंबर को CRPF जवानों पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान तेज कर दिया था. इसी बीच सोमवार, 16 नवंबर को कुलगाम के लारू गांव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली. इसके बाद सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. इस ऑपरेशन में 15 लाख रुपये के इनामी लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट और उसके साथी उमर को मार गिराया गया. इस तरह 11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद शुरू हुई तलाश का अंत दोनों आतंकियों के खात्मे के साथ हुआ.

अगला लेख