अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का ससुराल कहां है? बहू के आने से पहले नए घर में हुई गृह प्रवेश की पूजा, शादी में अमेरिका-दुबई से आएंगे मेहमान
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं. बेटी के शादी के बाद पहले गृह प्रवेश को खास बनाने के लिए बिहटा में नया घर बनवाया गया है. 25 नवंबर को होने वाली शादी में देश के अलग-अलग शहरों के साथ अमेरिका और दुबई से भी मेहमान पहुंचेंगे.
बिहार के बाहुबली नेता और जेडीयू विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां अब जोर पकड़ चुकी हैं. इस शादी में सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग शहरों और विदेश से भी मेहमान पहुंचने वाले हैं. शिवांगी के होने वाले ससुर रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, हैदराबाद, अहमदाबाद, रायपुर, सुकमा, मेरठ और दिल्ली के अलावा अमेरिका और दुबई में रहने वाले उनके दोस्त भी शादी में शामिल होंगे.
शादी की चर्चा मीडिया में आने के बाद विदेश में रहने वाले परिचितों के फोन भी लगातार आ रहे हैं. परिवार के लिए यह आयोजन इसलिए भी खास है, क्योंकि बेटी के विवाह के बाद उसके पहले गृह प्रवेश को यादगार बनाने के लिए पटना के बिहटा में चार मंजिल का नया घर बनवाया गया है. बुधवार को इसी घर में पूरे विधि-विधान से गृह प्रवेश की पूजा हुई. अब इसी नए घर से बारात निकलेगी और शादी के बाद शिवांगी पहली बार इसी आशियाने में कदम रखेंगी.
बहू के स्वागत के लिए बिहटा में बनवाया नया घर
शिवांगी की शादी को लेकर परिवार ने तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी है. पटना के बिहटा में बने नए घर को सजाने-संवारने का काम चल रहा है. मेहमानों के ठहरने से लेकर खानपान और विवाह की रस्मों तक की व्यवस्थाएं की जा रही हैं. बुधवार को इस नए घर में गृह प्रवेश की पूजा आयोजित की गई. परिवार ने खास तौर पर शिवांगी की शादी के बाद पहली बार घर में आने के मौके को यादगार बनाने के लिए यह आशियाना तैयार कराया है.
इस घर की खास बात यह है कि शादी के दिन बारात भी यहीं से निकलेगी. विवाह के बाद शिवांगी का पहला गृह प्रवेश भी इसी घर में होगा. परिवार के सदस्य दिल्ली से बिहटा पहुंच चुके हैं और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. हल्दी समेत शादी की कई रस्में भी इसी घर में आयोजित की जाएंगी. यानी बुधवार को पूजा के साथ जिस घर में खुशियों की शुरुआत हुई है, वहां जल्द ही शादी की शहनाइयां भी गूंजेंगी.
20 नवंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में, 25 को पहुंचेगी बारात
परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, शिवांगी की शादी की रस्में 20 नवंबर से शुरू होंगी. इस दिन पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनो बैंक्वेट हॉल में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा. इसके बाद 25 नवंबर को बाढ़ अनुमंडल के नदवां गांव में बारात पहुंचेगी और विवाह की रस्में संपन्न होंगी.
शादी के लिए मेहमानों के स्वागत और ठहरने की विशेष व्यवस्था की जा रही है. बारात बिहटा के नए घर से निकलेगी. शादी के बाद शिवांगी का गृह प्रवेश भी इसी घर में कराया जाएगा. परिवार की योजना है कि कुछ दिन यहां रहने के बाद शिवांगी अपने परिवार के साथ अमेरिका चली जाएंगी.
अमेरिका और दुबई तक पहुंची शादी की चर्चा
शिवांगी की शादी की चर्चा अब देश से बाहर तक पहुंच गई है। होने वाले ससुर रणविजय कुमार सिंह ने बताया कि उनके कई दोस्त अमेरिका और दुबई में रहते हैं. इसके अलावा देश के अलग-अलग शहरों से भी परिचित और रिश्तेदार शादी में शामिल होने पहुंचेंगे.
रणविजय के मुताबिक, मीडिया में शादी की खबरें आने के बाद विदेश में रहने वाले दोस्तों के फोन आने लगे हैं. कुछ दोस्तों ने मजाकिया अंदाज में फोन कर पूछा कि शादी की खबर तो टीवी पर देख ली, अब बुलाओगे भी या नहीं? परिवार का कहना है कि शादी में हैदराबाद, अहमदाबाद, रायपुर, सुकमा, मेरठ और दिल्ली से भी मेहमान आएंगे. इस तरह शिवांगी की शादी में देश-विदेश के मेहमानों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है.
'बहू नहीं, बेटी बनाकर रखूंगी', सास ने जताई खुशी
शिवांगी के होने वाली सास आशा देवी भी उनके घर आने को लेकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि शिवांगी के आने से परिवार में बेटी की कमी पूरी हो जाएगी. वह उसे बहू नहीं, बल्कि बेटी की तरह रखेंगी.
आशा देवी ने अपनी भावना जाहिर करते हुए कहा कि उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी के बाद वह अपने ससुराल चली जाएगी. ऐसे में शिवांगी के आने से घर में एक बेटी हमेशा रहेगी. उन्होंने कहा कि वह शिवांगी को बहू के बजाय बेटी का प्यार और सम्मान देंगी. परिवार में होने वाली नई सदस्य के स्वागत को लेकर उनकी खुशी साफ नजर आ रही है.
अनंत सिंह बोले- सभी लोगों को भेज दिया निमंत्रण और शादी का कार्ड
बेटी की शादी को लेकर हो रही चर्चा पर जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि शादी में शामिल होने के लिए सभी लोगों को निमंत्रण और कार्ड भेज दिए गए हैं. उनके मुताबिक, सभी लोग बेटी की शादी में शामिल होंगे.
शादी की भव्यता को लेकर हो रही चर्चा पर अनंत सिंह ने कहा कि ऐसा नहीं है कि वह पहली बार इस तरह का आयोजन कर रहे हैं. वह पहले भी ऐसे समारोह आयोजित करते रहे हैं और लोगों को इनाम भी देते रहे हैं. उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और वह अगले दिन गांव जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. बता दें कि 20 नवंबर को शुभ फलदान और तिलकोत्सव, 23 नवंबर को हल्दी कलश, 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत समारोह होगा. वहीं, 25 नवंबर को शादी है. इसी दिन शाम 7 बजे प्रीतिभोज का भी कार्यक्रम है.




