Begin typing your search...

अखिलेश-राहुल से कहते थे मुस्लिम सीएम क्यों नहीं बनाते... सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का चेहरा बने चंद्रशेखर आजाद तो ओवैसी पर बरसे पुराने साथी

ओवैसी ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया तो उनके पुराने साथी और AIMIM के पूर्व नेता आसिम वकार ने सवाल उठा दिए. उन्होंने पूछा कि जो ओवैसी दूसरी पार्टियों से मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की मांग करते थे, उन्होंने खुद किसी मुस्लिम नेता को सीएम उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया?

Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad Alliance
X

Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad Alliance

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. 12 नवंबर 2026 को लखनऊ में AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है. दोनों नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान करते हुए इसे 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है. इस गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया गया है.

हालांकि, ओवैसी के इस फैसले पर अब उनकी ही पार्टी के पूर्व नेता और कभी करीबी रहे सैयद आसिम वकार ने सवाल खड़े कर दिए हैं. वकार ने ओवैसी को उनके पुराने बयानों की याद दिलाते हुए पूछा है कि जो नेता समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से मुस्लिम मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की मांग करते थे, उन्होंने खुद इस बार किसी मुस्लिम नेता को यह जिम्मेदारी क्यों नहीं दी?

क्या बोले आसिम वकार?

आसिम वकार ने ओवैसी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि "हैदराबाद के ओवैसी ने गठबंधन की घोषणा की और उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा चंद्रशेखर रावण होंगे. अब आप मुसलमानों से कह रहे हैं कि वे चंद्रशेखर को सीएम बनाएं, क्या आपका यही मतलब है, आप अखिलेश यादव से क्यों कहते हैं कि वे किसी मुसलमान को सीएम का चेहरा बनाएं, आप राहुल जी से क्यों कहते हैं कि वे किसी मुसलमान को सीएम का चेहरा बनाएं, क्या यह सिर्फ वोट पाने के लिए है, क्या उन्हें तख्त पर बिठाने के लिए है, क्या सारी सीटें जीतने के लिए है, आप कहते हैं कि 'अब्दुल दरी' नहीं बिछाएगा, बल्कि वह एक नेता बनेगा, प्रधानमंत्री बनेगा. आप सबसे यही कहते हैं."

उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश के लोगों को पता है कि एक साजिश रची गई है, वे इस साजिश का पर्दाफाश कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के युवा, यहां की महिलाएं और मुस्लिम भाई-बहन जानते हैं कि इस बार उन्हें उत्तर प्रदेश में अपना एक मंत्री बनाना है. आप 'अब्दुल' की बात कर रहे थे, और अब आप खुद ही 'अब्दुल' को दरी बिछाने के लिए तैयार कर रहे हैं."

यूपी में क्यों बना 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा'?

दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नया राजनीतिक गठबंधन बनाया है. दोनों नेताओं ने इसे 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है. ओवैसी ने भरोसा जताया है कि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोक सकता है. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. उनका कहना है कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने की क्षमता अब इन दलों में नहीं रह गई है.

कब छोड़ा था आसिम वकार ने ओवैसी का साथ?

सैयद आसिम वकार कभी असदुद्दीन ओवैसी के करीबी नेताओं में गिने जाते थे. हालांकि, सितंबर 2026 में उन्होंने करीब 10 साल तक AIMIM में रहने के बाद पार्टी से अपना रिश्ता खत्म कर लिया और कांग्रेस में शामिल हो गए. AIMIM छोड़ते समय भी वकार ने ओवैसी पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि ओवैसी भाजपा की 'बी-टीम' की तरह काम कर रहे हैं और उनकी राजनीति का मकसद विपक्षी दलों के वोटों को बांटना है.

विधानसभा चुनाव 2027
अगला लेख