Begin typing your search...

FAQ: बच्चे के जन्म के बाद PMDD से जूझीं Hailey Bieber, क्या है यह बीमारी? महिलाओं के मन और शरीर पर कैसे डालती है असर

Hailey Bieber ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि वह PMDD का शिकार हो चुकी हैं. यह बीमारी PMS से अलग और गंभीर होती है.

Hailey Bieber
X
( Image Source:  instagram-@haileybieber )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत1 Mins Read

Updated on: 16 Nov 2026 3:00 PM IST

महिलाओं की सेहत से जुड़ी कई ऐसी परेशानियां हैं, जिनके बारे में आज भी खुलकर बात नहीं होती है. मॉडल और बिजनेसवुमन हेली बीबर ने भी हाल ही में अपनी एक ऐसी ही परेशानी के बारे में बताया है. 30 अक्टूबर को 'विमेंस वियर डेली' (WWD) में छपे एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि बेटे को जन्म देने के कुछ महीनों बाद वह प्रीमेंस्ट्रुअल डिस्फोरिक डिसऑर्डर (PMDD) से जूझ रही थीं. हेली के मुताबिक, पीरियड्स आने से पहले उनके मन में कई तरह के भावनात्मक बदलाव होते थे और छोटी-छोटी बातें भी उन्हें बहुत बड़ी लगने लगती थीं.

हेली बीबर ने बताया कि बेटे के जन्म के बाद उन्हें PMDD की समस्या का सामना करना पड़ा. उनके मुताबिक, पहले भी उन्हें पीरियड्स से पहले PMS के लक्षण महसूस होते थे, लेकिन प्रेग्नेंसी के बाद इमोशनल बदलाव पहले से कहीं ज्यादा तेज हो गए थे.

PMDD यानी प्रीमेंस्ट्रुअल डिस्फोरिक डिसऑर्डर पीरियड्स से जुड़ी एक गंभीर समस्या है. इसमें महिला को पीरियड्स शुरू होने से पहले मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की परेशानियां हो सकती हैं. यह सामान्य PMS से ज्यादा गंभीर होता है. इसका असर महिला के रोजमर्रा के काम, रिश्तों और मानसिक सुकून पर भी पड़ सकता है.

PMS यानी प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम में पीरियड्स से पहले पेट फूलना, थकान, चिड़चिड़ापन और हल्का मूड बदलना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. वहीं, PMDD में ये परेशानियां काफी गंभीर रूप ले सकती हैं. इसमें महिला को बहुत ज्यादा गुस्सा, उदासी, घबराहट और निराशा महसूस हो सकती है. कई बार इन लक्षणों के कारण काम करना और सामान्य दिन बिताना भी मुश्किल हो जाता है.

इस समस्या में हर महिला को एक जैसे लक्षण नहीं होते. हालांकि, कुछ आम संकेत में अचानक मूड बदलना और छोटी बात पर गुस्सा आना, बहुत ज्यादा उदासी या रोने का मन करना, बेचैनी और घबराहट महसूस होना, खुद को अकेला या निराश महसूस करना, किसी काम में ध्यान लगाने में परेशानी होना, नींद न आना या बहुत ज्यादा थकान रहना जैसे लक्ष्ण शामिल हैं.

आमतौर पर इसके लक्षण पीरियड्स शुरू होने से करीब एक हफ्ते पहले दिखाई देने लगते हैं. इस दौरान महिला को इमोशनल और शारीरिक परेशानियां ज्यादा महसूस हो सकती हैं. पीरियड्स शुरू होने के कुछ दिनों बाद ये लक्षण कम होने लगते हैं. अगले महीने भी अगर इसी तरह की परेशानी दोबारा होती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

डॉक्टरों को अभी तक PMDD होने की सटीक वजह का पता नहीं चला है. हालांकि, माना जाता है कि पीरियड्स के दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव इसमें भूमिका निभा सकते हैं. कुछ महिलाओं का शरीर इन सामान्य बदलावों के लिए ज्यादा संवेदनशील होता है. इसी वजह से उन्हें मूड और व्यवहार में गंभीर बदलाव महसूस हो सकते हैं.

PMDD का पता लगाने के लिए डॉक्टर महिला के लक्षणों, उनकी गंभीरता और पीरियड्स के साथ उनके संबंध को समझते हैं. इसके लिए कम से कम दो महीने तक पीरियड्स और उनसे जुड़े लक्षणों की डायरी बनाने की सलाह दी जा सकती है. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि परेशानी हर महीने पीरियड्स से पहले हो रही है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है.

PMDD का इलाज संभव है. डॉक्टर महिला की परेशानी और मेडिकल हिस्ट्री के हिसाब से इलाज तय करते हैं. इसमें कुछ दवाएं, जैसे एंटीडिप्रेसेंट (SSRIs), हार्मोन से जुड़े इलाज और कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (CBT) शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और तनाव कम करने की कोशिश भी मददगार हो सकती है.

FAQ
अगला लेख