अभिजीत दीपके और दिलजीत दोसांझ के बीच कब शुरू हुई थी तनातनी, अब सिंगर ने सुनाया तो CJP नेता बोले- पाजी, छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ
दिलजीत दोसांझ के सीजेपी प्रोटेस्ट पर बयान न देने के चलते अभिजीत दीपके ने नाराजगी जाहिर की थी. अब कॉन्सर्ट में सिंगर ने बिना नाम लिए कहा कि 'पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाई कैसे लड़नी है.' इसके बाद नेता ने माफी मांगी.
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शुक्रवार की शाम सिर्फ गाने और म्यूजिक ही नहीं, बल्कि एक ऐसा मैसेज भी सुनने को मिला, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है. दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्म करते हुए दिलजीत ने बिना किसी का नाम लिए कहा, “मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक कलाकार हूं, भाई. मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो. मैं आप सभी का साथ देता हूं. पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाई कैसे लड़नी है.”
उनके इस बयान को कुछ महीने पहले हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. दरअसल, जब दिलजीत से सीजेपी के प्रोटेस्ट पर रिएक्शन देने के लिए कहा था, तब सिंगर ने कहा कि मैं राजनेता नहीं हू, मैं कलाकार हूं.' अभिजीत ने उनके इस बयान पर नाराजगी जताई थी. अब दिलजीत की बात सामने आने के बाद अभिजीत ने इमोशनल पोस्ट कर माफी मांगते हुए कहा कि 'छोटा भाई समझ के मिट्टी पाओ.'
अभिजीत दीपके ने दिलजीत को क्या कहा था?
यह विवाद कुछ महीने पहले जून में शुरू हुआ था. उस समय दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था. इसी दौरान इंस्टाग्राम लाइव पर दिलजीत दोसांझ से इस प्रोटेस्ट के बारे में पूछा गया, जिस पर जवाब देते हुए सिंगर ने कहा था कि, 'भाई, मुझे प्रदर्शन और ऐसी बातों से दूर रखो. मैं एक कलाकार हूं, भाई, कोई नेता नहीं हूं.' दिलजीत की यह बात CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके को अच्छी नहीं लगी. उन्होंने सिंगर के इस बयान पर नाराजगी जताई और उनकी आलोचना की.
कॉन्सर्ट में दिलजीत ने क्या कहा?
शुक्रवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत अपने हिट गानों से लोगों का मनोरंजन कर रहे थे. इसी बीच उन्होंने कुछ पल रुककर बिना नाम लिए पुराने विवाद की ओर इशारा किया. उन्होंने कहा, 'मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक कलाकार हूं, भाई. मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो. मैं आप सभी का साथ देता हूं. पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाई कैसे लड़नी है.' दिलजीत ने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को अभिजीत दिपके के साथ हुए पुराने विवाद से जोड़कर देखा गया. कॉन्सर्ट का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
अभिजीत दीपके ने मांगी माफी
दिलजीत का वीडियो वायरल होने के बाद अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने सिंगर के लिए अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया. उन्होंने पंजाबी अंदाज में लिखा, 'मिट्टी पाओ, छोटा भाई समझ के.” इसका मतलब है कि छोटे भाई की गलती समझकर पुरानी बात को भुला देना चाहिए. अभिजीत ने यह भी बताया कि जून में प्रदर्शन के दौरान दिलजीत की बात से उन्हें थोड़ा दुख हुआ था. उन्होंने लिखा, “पाजी, जून में जब हम प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपकी बात मुझे अच्छी नहीं लगी थी.. ऐसा नहीं था कि मुझे आपसे कोई निजी परेशानी थी. मैंने हमेशा आपको ऐसे इंसान के तौर पर देखा है, जो किसी मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखता है.'
दिलजीत के लिए जाहिर की अपनी पसंद
अभिजीत ने आगे कहा कि वह पहले से ही दिलजीत के गानों और उनके काम के फैन रहे हैं. इस विवाद के बाद भी उनके मन में सिंगर के लिए इज्जत कम नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि इसी साल मई में भारत लौटने से पहले वह अमेरिका के शिकागो में दिलजीत का कॉन्सर्ट देखने भी गए थे. उन्होंने लिखा, 'मैं आज भी आपके गाने सुनता हूं. मैं शिकागो में आपका कॉन्सर्ट देखने आया था. इसकी वजह सिर्फ आपका संगीत नहीं था, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी मैं आपकी बहुत इज्जत करता हूं. आपका हौसला, आपकी सच्चाई और अपनी संस्कृति से जुड़े रहकर भारत को दुनिया भर में पहचान दिलाने का आपका अंदाज मुझे हमेशा पसंद आया है.'




