Akshay Kumar की Bhooth Bangla ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, अब OTT पर देगी डर और कॉमेडी का डबल डोज
अक्षय कुमार स्टारर ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है और अब इसके OTT रिलीज की चर्चा तेज हो गई है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, वहीं सीक्वल की तैयारी की खबरें भी सामने आ रही हैं.
बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और निर्देशक प्रियदर्शन एक दशक से ज्यादा समय के बाद फिर से साथ काम करते नजर आए हैं. उनकी नई फिल्म भूत बंगला ने दर्शकों के दिल जीत लिए हैं. यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का मजेदार मिश्रण है, जो रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है और दर्शक इसे खूब पसंद कर रहे हैं. फिल्म की कहानी काफी इंट्रेस्टिंग है. यह एक काल्पनिक राक्षस वधूसुर पर बेस्ड है. कहानी एनआरआई अर्जुन आचार्य (अक्षय कुमार) की है। अपनी बहन मीरा (मिथिला पालकर) के साथ वह मंगलपुर स्थित अपने दादाजी की पुरानी हवेली में जाता है.
वहां बहन की शादी उसी हवेली में करने का फैसला करता है। लेकिन उनके पिता डॉ. वासुदेव आचार्य (जिस्सू सेनगुप्ता) इस बात से खुश नहीं होते वे बच्चों को चेतावनी देते हैं कि वहां शादी न करें. असल में उस पुरानी हवेली में एक खतरनाक राक्षस रहता है, जो दुल्हनों का अपहरण करके मानव बलि देता है. अर्जुन इस रहस्य को सुलझाने की कोशिश करता है. पूरी फिल्म में हॉरर के साथ-साथ भरपूर कॉमेडी भी है, जो दर्शकों को जोड़े रखती है. भूत बंगला में अक्षय कुमार के अलावा कई दमदार कलाकार नजर आए हैं. इनमें पुनीत, दिवंगत असरानी, परेश रावल, राजपाल यादव, मिथिला पालकर और वामिका गब्बी शामिल हैं. सभी कलाकारों ने अपनी-अपनी भूमिका बखूबी निभाई है. खासकर अक्षय कुमार का कॉमेडी टाइमिंग और परेश रावल व राजपाल यादव का कॉमेडी एक्ट दर्शकों को बहुत भाया.
बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता
यह फिल्म 120 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी. अब तक फिल्म ने दुनिया भर में 239.51 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. यह एक बहुत अच्छा बिजनेस माना जा रहा है. फिल्म रिलीज होने के दो महीने पूरे होने वाले हैं, फिर भी कुछ सिनेमाघरों में इसके शो अभी भी चल रहे हैं. दर्शक परिवार के साथ फिल्म देखने जा रहे हैं और इसका भरपूर मजा ले रहे हैं. रिलीज से एक दिन पहले फिल्म के प्री-शो शुरू किए गए थे. इन शोज से 3.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई। सीमित स्क्रीन्स और दूसरी बड़ी फिल्मों के साथ मुकाबले के बावजूद यह आंकड़ा काफी ठीक-ठाक माना जा रहा है.
नेटफ्लिक्स पर कब आएगी फिल्म?
फिल्म के निर्माताओं ने अभी आधिकारिक तारीख तो घोषित नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक भूत बंगला 12 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है. खबर है कि फिल्म के ओटीटी अधिकार नेटफ्लिक्स को 60 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं. अगर यह खबर सही साबित हुई तो जून के मध्य में दर्शक घर बैठे इस मजेदार फिल्म का आनंद ले सकेंगे.
सीक्वल की संभावना
फिल्म को मिल रही जबरदस्त प्यार और अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए, इसके सीक्वल की चर्चा भी शुरू हो गई है. फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि परिवारों से मिल रहे रेस्पॉन्स को देखकर निर्माता इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने के बारे में सोच रहे हैं. प्रियदर्शन के साथ शुरुआती बातचीत चल रही है. निर्माता एकता कपूर भी हॉरर-कॉमेडी में और फिल्में बनाने के इच्छुक हैं. फिल्म का अंत एक रोमांचक मोड़ पर होता है, जो सीक्वल की मजबूत गुंजाइश छोड़ता है.




