भारत-बांग्लादेश सीमा से सामने आ रही तस्वीरों ने एक नई राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है. सीमा चौकियों पर बड़ी संख्या में लोग बैग और दस्तावेजों के साथ इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध घुसपैठ के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिसके तहत बिना वैध दस्तावेजों वाले विदेशी नागरिकों की पहचान, हिरासत और निर्वासन की प्रक्रिया पर जोर दिया जा रहा है. सीमा इलाकों से वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की जांच, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और पहचान की पुष्टि के बाद ही लोगों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा, राजनीति और मानवीय पहलुओं को लेकर देशभर में बहस छेड़ दी है.