Begin typing your search...

कौन हैं उदय कोटक, जिनका बयान डरा रहा? बोले- बड़ा झटका आने वाला है; जानिए क्यों कही ये बात

भारत के मशहूर उद्योगपति और बैंकर Uday Kotak ने PM Modi की तेल बचाने और खर्च कम करने वाली अपील का समर्थन करते हुए बड़ा चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट युद्ध का असली असर अभी भारत तक पहुंचा ही नहीं है. युद्ध का बड़ा आर्थिक झ़टका आना अभी बाकी है.

Uday Kotak
X

उदय कोटक

( Image Source:  x.com/udaykotak )

Uday Kotak Supports PM Modi Appeal: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और तेल संकट को लेकर अब देश के बड़े उद्योगपति और अर्थव्यवस्था से जुड़े दिग्गज भी खुलकर चेतावनी देने लगे हैं. उदय कोटक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील का समर्थन करते हुए कहा है कि भारत को आने वाले बड़े आर्थिक झटके के लिए तैयार रहना चाहिए.

CII Annual Summit में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए उदय कोटक ने कहा कि पीएम मोदी का पेट्रोल-डीजल बचाने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और गैरजरूरी खर्च कम करने का संदेश सिर्फ एक सामान्य सलाह नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरी आर्थिक चिंता छिपी हुई है.

उदय कोटक ने क्या कहा?

उदय कोटक ने कहा कि मिडिल ईस्ट युद्ध का असर अभी पूरी तरह बाजार तक नहीं पहुंचा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “The shock is coming… and it’s coming big.” यानी आने वाले समय में ऊर्जा संकट और महंगाई का बड़ा असर देखने को मिल सकता है. उन्होंने कहा कि अगर युद्ध लंबा चला तो वैश्विक सप्लाई चेन, तेल कीमतें और आयात लागत बुरी तरह प्रभावित होंगी, जिसका सीधा असर भारत जैसे देशों पर पड़ेगा, जो अपनी बड़ी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर हैं.

उदय कोटक ने कहा कि देश को अब 'अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च' करने वाली मानसिकता से बाहर निकलना होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले भी विदेशों में शादियां करने और अनावश्यक विदेशी खर्च कम करने की बात कह चुके हैं, जिसका सीधा संबंध भारत की आर्थिक मजबूती से है. असली 'आत्मनिर्भर भारत' वही होगा, जिसे दूसरे देशों के पैसे, तेल या ताकत पर निर्भर न रहना पड़े.

तेल की कीमत बढ़ने से आम आदमी पर क्या असर होगा?

कोटक ने कहा कि अगर तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही महंगा नहीं होगा, बल्कि ट्रांसपोर्ट और खाने-पीने का सामान महंगा होगा, बिजली और फैक्ट्री लागत बढ़ेगी, एयर टिकट और लॉजिस्टिक्स महंगे होंगे और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ सकती हैं. उनका मानना है कि सीमित आय वाले लोगों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा.

PM मोदी क्यों दे रहे EV और Work From Home पर जोर?

PM Modi लगातार इलेक्ट्रिक व्हीकल, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और Work From Home को बढ़ावा देने की बात कर रहे हैं. इसके पीछे मकसद तेल की खपत कम करना है ताकि विदेशी मुद्रा पर दबाव घटे और भारत लंबे संकट में भी टिक सके. कोटक ने भी माना कि आने वाले समय में भारत को Renewable Energy, Solar Power और घरेलू उत्पादन पर तेजी से निवेश बढ़ाना होगा.

कौन हैं उदय कोटक?

  • उदय कोटक भारत के एक दिग्गज बैंकर, अरबपति कारोबारी और देश के चौथे सबसे बड़े निजी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) के संस्थापक हैं. वह भारत और एशिया के सबसे अमीर और प्रतिष्ठित बैंकर्स में गिने जाते हैं. वित्तीय क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण (Padma Bhushan) से सम्मानित किया गया है.
  • फरवरी 2026 में गुजरात सरकार ने उदय कोटक को गिफ्ट सिटी (GIFT City) का चेयरमैन नियुक्त किया. उन्होंने सितंबर 2023 में कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और सीईओ (CEO) पद से इस्तीफा दे दिया था. वर्तमान में वह बैंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (Non-Executive Director) के रूप में जुड़े हुए हैं.
  • 15 मार्च 1959 को एक गुजराती परिवार में जन्मे उदय कोटक ने 1985 में महज 30 लाख रुपये उधार लेकर एक फाइनेंस कंपनी (NBFC) शुरू की थी. इस काम में उन्हें प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा का भी साथ मिला. साल 2003 में उनकी कंपनी कोटक महिंद्रा को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से बैंकिंग लाइसेंस मिला. भारतीय कॉर्पोरेट इतिहास में यह पहली बार था जब किसी एनबीएफसी (NBFC) को सीधे बैंक में बदला गया था.
  • बचपन में उदय कोटक एक बेहतरीन क्रिकेटर बनना चाहते थे. उन्होंने दिग्गज कोच रमाकांत आचरेकर (सचिन तेंदुलकर के कोच) से ट्रेनिंग भी ली थी, लेकिन फील्ड पर एक गंभीर चोट लगने के कारण उनका यह सपना टूट गया और उन्होंने फाइनेंस की राह चुनी.

उदय कोटक की नेटवर्थ कितनी है?

उदय कोटक की नेटवर्थ लगभग 14.4 अरब डॉलर (करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये) है. वह भारत के सबसे अमीर बैंकर (Richest Banker) हैं. फोर्ब्स वर्ल्ड बिलियनेयर्स लिस्ट 2026 के मुताबिक, वे भारत के शीर्ष 10 सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल हैं. उनकी संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा कोटक महिंद्रा बैंक में उनकी और उनके परिवार की करीब 26% की हिस्सेदारी (इक्विटी) से आता है.

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, वह दुनिया के शीर्ष 200 सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हैं. उनके फैमिली ऑफिस (USK Capital) के पास बिजनेस अखबार 'बिजनेस स्टैंडर्ड' की लगभग 95% हिस्सेदारी है. इसके अलावा, जनवरी 2026 में उनके फैमिली ऑफिस ने अमेरिका (शिकागो) की मशहूर ग्रेनोला कंपनी 'गो रॉ' (Go Raw) में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है.

उदय कोटक ने की देश की सबसे महंगी रियल एस्टेट डील

उदय कोटक ने रियल एस्टेट में भी बड़ा निवेश किया है. फरवरी 2025 में उदय कोटक और उनके परिवार ने मुंबई के बेहद पॉश इलाके वर्ली सी फेस (Worli Sea Face) पर स्थित '19 शिवसागर' नामक पूरी रेजिडेंशियल बिल्डिंग को 426 करोड़ रुपये से अधिक में खरीदकर देश की सबसे महंगी आवासीय डील का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था.

अगला लेख