75 गेंद में डबल सेंचुरी, 143 में तिहरा शतक! क्रिकेट के मैदान में आई सुनामी, 50 ओवर में बने 822 रन; 104 चौके और 26 छक्के शामिल
जिम्बाब्वे की घरेलू क्रिकेट में ऐसा मैच खेला गया, जिसने दुनिया को हैरान कर दिया. Scorpions Cricket Club ने 50 ओवर में 822 रन ठोक दिए, जबकि विरोधी टीम Methane Lions सिर्फ 28 रन ही बना सकी. यह मुकाबला अब क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक और अविश्वसनीय मैचों में गिना जा रहा है, जहां एक टीम ने अकेले 800 से ज्यादा रन बना डाले और 794 रन से विशाल जीत दर्ज की.
Scorpions ने 50 ओवर में जड़े 822 रन
Scorpions Smashes 822 Runs In 50 Overs Against Methane Lions: क्रिकेट में बड़े स्कोर आपने बहुत देखे होंगे… 400 रन, 500 रन, यहां तक कि T20 में 300 रन भी, लेकिन जिम्बाब्वे की घरेलू क्रिकेट में जो हुआ, उसने क्रिकेट की सारी सीमाएं ही तोड़ दीं... स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब और और मेथेन लॉयंस के बीच खेले गए मुकाबले में रनों की ऐसी सुनामी आई कि गेंदबाज बेबस और लाचार नाराज आए. उनकी तकरीबन हर गेंद पर चौके-छक्के लग रहे थे.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी Scorpions Cricket Club ने 50 ओवर में 822 रन ठोक डाले. जी हां… अकेली एक टीम ने 800 रन का आंकड़ा पार कर दिया. टीम ने सिर्फ 4 विकेट खोए और 16.44 रन प्रति ओवर की अविश्वसनीय रन रेट से बल्लेबाजी की. बल्लेबाज किस कदर गेंदबाजों पर कहर ढा रहे थे, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने कुल 104 चौके और 26 छक्के जड़े.
75 गेंद में Winfed Mutende ने ठोका दोहरा शतक
रनों की इस सुनामी के सबसे बड़े हीरो रहे Winfed Mutende, जिन्होंने सिर्फ 75 गेंदों में 203 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 23 चौके और 13 छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट 270 से ज्यादा रहा... लेकिन असली तबाही तो Takunda Madembo ने मचाई. उन्होंने 143 गेंदों में 302 रन बना दिए. इस दौरान उन्होंने 50 चौके और 7 छक्के लगाए. लंबे समय तक बल्लेबाजी करने के बाद उन्हें रिटायर्ड आउट होना पड़ा. इसके अलावा, Gabriel Jaya ने 49 गेंदों में नाबाद 110 रन बनाए, जबकि Vincent Moyo ने 39 गेंदों पर 78 रन ठोक दिए.
महज 28 रन ही बना सकी विरोधी टीम
पहली पारी तक पिच बल्लेबाजों की स्वर्ग जैसी लग रही थी, लेकिन दूसरी पारी में कहानी पूरी तरह बदल गई. 822 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी Methane Lions की टीम सिर्फ 28 रन पर ढेर हो गई. टीम ने 7 विकेट गंवा दिए और मैच 794 रन से हार गई. यह जीत क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है.
पुराने रिकॉर्ड भी बौने पड़ गए
इससे पहले भारत की घरेलू क्रिकेट में बिहार ने विजय हजारे ट्रॉफी में 574 रन बनाए थे. वहीं, इंग्लैंड ने 2022 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 498 रन ठोके थे... लेकिन Scorpions Cricket Club ने इन सभी रिकॉर्ड्स को बहुत पीछे छोड़ दिया. अब यह मैच क्रिकेट इतिहास के सबसे पागलपन भरे मुकाबलों में गिना जा रहा है.




