कोई BJP नेता तो कोई BAMS का छात्र, NEET पेपर लीक के तीन विलेन? CBI के एक्शन में क्या-क्या- Updates
इन दिनों NEET पेपर लीक का मामला काफी तेजी से चर्चा में बना हुआ है जिसमें अब तक तीन विलेन सामने आए हैं, जिसमें महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार से लेकर राजस्थान के भाजपा नेता दिनेश बिवाल तक का नाम सामने आ चुके हैं. हालांकि इस मामले पर CBI जांच कर रही है तो आइए अब तक के बड़े अपडेट जानते हैं.
NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में मेडिकल एंट्रेंस सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं. लाखों छात्रों की मेहनत के बीच अब पेपर लीक का ऐसा नेटवर्क सामने आया है, जिसने NTA, राजस्थान पुलिस और CBI तक को हिला दिया है. महाराष्ट्र से लेकर हरियाणा और राजस्थान तक फैले इस रैकेट में कई नाम सामने आए हैं, जिनमें कुछ कथित आरोपी राजनीतिक और सामाजिक कनेक्शन वाले बताए जा रहे हैं.
CBI ने इस मामले में महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार को हिरासत में लिया है, जबकि राजस्थान में मांगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल नाम के दो भाइयों पर पेपर खरीदकर छात्रों तक पहुंचाने का आरोप है. जांच एजेंसियों का दावा है कि 'गेस पेपर' के नाम पर असली NEET पेपर करोड़ों के खेल में बेचा गया.
NEET 2026 पेपर लीक का पूरा मामला आखिर शुरू कैसे हुआ?
NEET-UG 2026 परीक्षा के बाद कई छात्रों और अभिभावकों को एक 'गेस पेपर' मिला था. बाद में जांच में पता चला कि इस गेस पेपर के सवाल असली परीक्षा से हैरान करने वाली हद तक मेल खा रहे थे. जांच एजेंसियों के मुताबिक केमिस्ट्री के 45 सवाल हूबहू मैच हुए, बायोलॉजी के 90 सवाल भी पूरी तरह समान पाए गए. इसके बाद राजस्थान SOG और पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें कई राज्यों में फैला नेटवर्क सामने आया. आइए इस कहानी पेपर लीक का मामला कहां तक पहुंचा और उन तीन नटवर लाल के बारे में जानते हैं जिनका इस पेपर लीक मामले में नाम सामने आया है.
इस मामले में सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक जिले से 30 साल का शुभम खैरनार को पुलिस ने मंदिर जाते समय गिरफ्तार कर लिया है जो कि BAMS का छात्र बताया जा रहा है. जिसको लेकर कहा गया कि उसने कथित तौर पर 10 लाख में पेपर खरीदा था और 15 लाख में बेचा था यानी डील में पांच लाख का मुनाफा कमा रहा था. CBI का दावा है कि शुभम खैरनार इस नेटवर्क की अहम कड़ी है और उसके जरिए दूसरे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
इसके बाद अब राजस्थान के दो भाई चर्चा में आ गए है जिनका नाम जिनका भाजपा से कनेक्शन बताया जा रहा है और राजस्थान की राजनीति में दोनों का नाम काफी सुर्खियों में भी रहता है. जांच में जयपुर के जमवारामगढ़ निवासी दो भाइयों - मांगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल के नाम भी सामने आए हैं. आरोप है कि दोनों भाइयों ने 26-27 अप्रैल को गुरुग्राम के एक डॉक्टर से लगभग ₹30 लाख में पेपर खरीदा, डील कथित तौर पर ₹45 लाख में तय हुई थी. बाद में यह पेपर सीकर में तैयारी कर रहे छात्रों तक पहुंचाया गया. 29 अप्रैल को कई छात्रों और अभिभावकों को यह पेपर भेजा गया इसी के साथ आगे बताया जा रहा है कि दिनेश बिवाल का बेटा भी NEET की तैयारी कर रहा था.
क्या WhatsApp ग्रुप के जरिए बेचा गया पेपर?
जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर WhatsApp ग्रुप्स के जरिए फैलाया गया. कई छात्रों और अभिभावकों से पूछताछ के बाद पुलिस को डिजिटल चैट और संदिग्ध ट्रांजैक्शन के सुराग मिले हैं. राजस्थान SOG के IG अजय पाल लांबा ने बताया कि 150 से ज्यादा छात्रों, दोस्तों और अभिभावकों से पूछताछ के बाद हरियाणा और महाराष्ट्र लिंक सामने आया. उन्होंने कहा कि पेपर पहले हरियाणा से राजस्थान पहुंचा और बाद में जांच में महाराष्ट्र कनेक्शन सामने आया.'
NEET पेपर लीक लेकर CBI के एक्शन में क्या-क्या?
NEET UG-2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने बड़ा एक्शन लिया है. एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. CBI ने यह मामला 12 मई 2026 को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया था. शिकायत में NEET UG-2026 परीक्षा के संचालन में गड़बड़ी और पेपर लीक के गंभीर आरोप लगाए गए थे.
जांच एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत FIR दर्ज की है. अब तक गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में तीन आरोपी जयपुर से, एक गुरुग्राम से और एक नासिक से पकड़ा गया है. वहीं कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है. CBI की टीम देशभर में जुड़े नेटवर्क और पेपर लीक सिंडिकेट की कड़ियों को खंगाल रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.




