Punjab Kings की को-ओनर Preity Zinta क्यों हुई आग-बबूला? बोलीं- फेक नैरेटिव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
पंजाब किंग्स और टीम की को-ओनर प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर नाराजगी जताई है. टीम ने कहा कि फर्जी खबरें फैलाकर खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. लगातार हार के बीच पंजाब किंग्स अब मैदान और सोशल मीडिया दोनों मोर्चों पर दबाव झेल रही है.
IPL 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स (PBKS) इन दिनों मैदान के बाहर भी चर्चाओं में आ गई है. टीम और उसकी सह-मालकिन (को-ओनर) Preity Zinta ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और कथित फेक स्टोरीज़ पर खुलकर नाराजगी जताई है. हालांकि टीम ने यह साफ नहीं किया कि आखिर मामला किस तरह की अफवाहों से जुड़ा है, लेकिन पंजाब किंग्स और प्रीति जिंटा दोनों ने इन दावों को पूरी तरह 'फर्जी' बताया है.
दरअसल, पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी. टीम अपने शुरुआती सात मुकाबलों में अजेय रही और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी, लेकिन इसके बाद टीम की लय बिगड़ गई और लगातार चार हार ने पंजाब की प्लेऑफ की राह मुश्किल कर दी. अब टीम चौथे स्थान पर है और दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
पंजाब किंग्स ने क्या कहा?
इसी बीच सोशल मीडिया पर टीम और खिलाड़ियों को लेकर कई तरह की चर्चाएं और दावे वायरल होने लगे. इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब किंग्स ने एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि खेल में आलोचना, मजाक और राय देना सामान्य बात है, लेकिन सिर्फ ध्यान खींचने और सस्ती लोकप्रियता के लिए फर्जी कहानियां फैलाना गलत है. टीम ने खास तौर पर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स और वेरिफाइड अकाउंट्स से तथ्य जांचने की अपील की.
पंजाब किंग्स ने अपने पोस्ट में लिखा कि आलोचना और जानबूझकर फैलाई गई गलत जानकारी में बड़ा फर्क होता है. टीम ने कहा कि किसी खिलाड़ी, टीम या ब्रांड की छवि खराब करने की कोशिश को हल्के में नहीं लिया जाएगा.
प्रीती जिंटा ने क्या कहा?
प्रीति जिंटा ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि स्वस्थ बहस और क्रिकेट पर चर्चा का स्वागत है, लेकिन बिना पुष्टि के झूठी बातें फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है. प्रीति ने लोगों और मीडिया से जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की.
अब पंजाब किंग्स की नजर अगले मुकाबले पर होगी, जहां टीम का सामना Mumbai Indians से होने वाला है. लगातार हार के बाद PBKS के लिए यह मैच काफी अहम माना जा रहा है.




