Apple कंपनी में बड़ा बदलाव, 15 साल बाद टिम कुक की विदाई, नए CEO John Ternus के बारे में कितना जानते हैं आप?
15 साल बाद टिम कुक ने अपनी पॉजीशन से अलविदा कह दिया है और उनकी जगह John Ternus ने ली है. वह कई सालों से इस कंपनी से जुड़े हुए हैं.
Who is John Ternus: एप्पल ने जॉन टर्नस को अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. यह कंपनी के नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय तक सीईओ रहे टिम कुक 15 साल बाद इस पद से हट रहे हैं.
टर्नस, जो पिछले 25 सालों से एप्पल के साथ जुड़े हुए हैं और फिलहाल हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं, 1 सितंबर से सीईओ का पद संभालेंगे. वहीं टिम कुक, जिन्होंने अपने कार्यकाल में कंपनी की मार्केट वैल्यू को करीब 3.6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाया, अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में जाएंगे. टिम कुक 2011 से एप्पल का नेतृत्व कर रहे थे. उन्होंने कंपनी के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ दिया था.
कौन हैं जॉन टर्नस?
50 साल के जॉन टर्नस ने 2001 में एप्पल जॉइन किया था. उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर कंपनी के कई प्रमुख प्रोडक्ट्स जैसे मैक, आईपैड और एयरपॉड्स के विकास में अहम भूमिका निभाई है. हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख के तौर पर उन्होंने मैक की बिक्री को फिर से बढ़ाने में मदद की और प्रीमियम “प्रो” मॉडल्स के साथ सस्ते डिवाइस भी लॉन्च किए, जिससे एप्पल की प्रोडक्ट लाइन और मजबूत हुई.
उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब एप्पल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कड़े कॉम्पीटीशन का सामना करना पड़ रहा है. खासकर एनवीडिया, जिसने हाल ही में मार्केट वैल्यू में एप्पल को पीछे छोड़ दिया, और मेटा जैसी कंपनियां, जो ऑगमेंटेड रियलिटी जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं.
एप्पल से पहले जॉन कहां कर चुके हैं काम?
एप्पल से पहले टर्नस वर्चुअल रिसर्च सिस्टम्स में मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर काम कर चुके हैं. उनके पास यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री है.
कितनी है टर्नस की संपत्ति?
टर्नस को हार्डवेयर डिवीजन के वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर सालाना लगभग 1 मिलियन डॉलर वेतन मिलता था. उनकी कुल संपत्ति एप्पल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों जैसे सीएफओ केवन पारेख और सबीह खान के बराबर मानी जाती है.
टर्नस की निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं है. यह ज्ञात नहीं है कि वे शादीशुदा हैं या नहीं. उनकी पत्नी या बच्चों को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है. 50 वर्षीय टर्नस ने अपने परिवार, माता-पिता और बचपन से जुड़ी जानकारी को निजी रखा है.
सीईओ बनने के बाद क्या होगी टर्नस की जिम्मेदारी?
सीईओ बनने के बाद टर्नस के सामने एप्पल के इकोसिस्टम में एआई को और गहराई से शामिल करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, खासकर आईफोन में, जिसे दुनिया का सबसे सफल उपभोक्ता उत्पाद माना जाता है. इसी साल एप्पल ने गूगल के साथ साझेदारी कर सिरी में जेमिनी एआई मॉडल को शामिल किया है, जो कंपनी के एआई पर बढ़ते फोकस को दिखाता है.
इंडस्ट्री विशेषज्ञों का मानना है कि टर्नस नए हार्डवेयर कैटेगरी जैसे फोल्डेबल डिवाइस, स्मार्ट ग्लासेस और एआई आधारित वेयरेबल्स पर भी काम को आगे बढ़ा सकते हैं, ताकि एप्पल अगली पीढ़ी की तकनीकों में अपनी पकड़ मजबूत कर सके.
पद से हटने के बाद क्या होगी टिम कुक की भूमिका?
टिम कुक अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में रहेंगे. उनके नेतृत्व में एप्पल के शेयरों में करीब 20 गुना वृद्धि हुई और कंपनी एक वैश्विक ताकत बनकर उभरी, जिसकी पहचान मजबूत सप्लाई चेन और लगातार नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करने से बनी.
इस बदलाव के साथ एप्पल ने जोहनी स्रूजी को चीफ हार्डवेयर ऑफिसर नियुक्त किया है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी टॉम मेरिएब अब टर्नस की जगह हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम का नेतृत्व करेंगे.




