Iran-Israel War: क्या ईरानी हमले में तबाह हो गई बुर्ज खलीफा? सोशल पर वीडियो देख घबराए लोग, जानें सच्चाई
दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. कई वीडियो में देखा गया कि कैसे इमारत के पास काले धुएं का घना गुबार उठ गया, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया.
Burj Khalifa Blast video viral
(Image Source: X/ @CarlitosVLLC )Iran-Israel War: मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बिगड़े जा रहे हैं. जहां इजरायल-अमेरिका मिलकर ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 7 अरब देशों को निशाना बनाया जहां-जहां अमेरिका के सैन्य बेस थे. इसमें दुबई भी शामिल है. इस बीच दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
कई वीडियो में देखा गया कि कैसे इमारत के पास काले धुएं का घना गुबार उठ गया, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया. जिसको देखने को बाद हर किसी के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या बुर्ज खलीफा को निशाना बनाया गया और कितना नुकसान इसको पहुंचा है?
क्या बुर्ज खलीफा का कोई हिस्सी हुआ नष्ट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विस्फोट बुर्ज खलीफा के निकट हुआ. इससे कुछ समय पहले इलाके में एक ईरानी ड्रोन देखे जाने की खबरें भी सामने आई थीं. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि बुर्ज खलीफा को निशाना बनाया गया था या नहीं, और क्या इसे किसी प्रकार का नुकसान पहुंचा है? शहर के कुछ हिस्सों में धमाकों की आवाजें सुनाई देने के बाद एहतियातन बुर्ज खलीफा को पहले ही खाली करा लिया गया था. दूर से शूट किए गए वीडियो में इमारत के पास से उठता काला धुआं दिखाई दे रहा है, जिससे संभावित ड्रोन हमले की आशंका जताई जा रही है.
दुबई में कहां हुआ धमाका?
दुबई के पाम जुमेराह में भी एक बड़ा धमाका हुआ. इस विस्फोट के बाद एक इमारत में आग लग गई और द्वीप से काले धुएं का गुबार उठता देखा गया. समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक धमाके के तुरंत बाद एम्बुलेंस को घटनास्थल की ओर तेजी से जाते देखा गया. दुबई मीडिया कार्यालय ने पुष्टि की है कि इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया और स्थिति नियंत्रण में है. साथ ही निवासियों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखें और घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें.
क्या मारे गए ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और इज़राइल द्वारा किए गए हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई मारे गए हैं. ट्रंप ने इसे मिडिल ईस्ट में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई करार दिया. वहीं ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने भी अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी है.