पिता आयतुल्लाह के बाद बेटे का Iran पर होगा राज, कौन हैं नए सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei? विवादों से रहा है खास नाता
आयतुल्लाह अली खामेनेई इजरइली हमले में मौत के बाद ईरान की सत्ता अब उनके बेटे मोजतबा हुसैनी खामेनेई के हाथों में मानी जा रही है. धर्मगुरु से लेकर सत्ता के केंद्र तक पहुंचे मोजतबा पहले भी राजनीतिक फैसलों और विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं.
Israel-Iran War: इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के मरने के बाद सवाल उठ रहा था कि आखिर कौन उनकी जगह लेगा. ईरान में सुप्रीम लीडर ही सेना और सियासत की कमान संभालता है, ऐसे वक्त में किसी का उस पद पर होना जरूरी था. यह सस्पेंस अब दूर हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा हुसैनी खामेनेई बनेंगे जो आयतुल्लाह अली खामेनेई के बेटे हैं.
बता दें, इजराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर रॉकेट दागे थे. इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई समेत कई सानियर लीडर्स की मौत हुई थी. रविवार सुबह ही उनकी मौत की पुष्टि हुई है.
कौन हैं मोजतबा हुसैनी खामेनेई, ईरान के नए सुप्रीम लीडर?
- मोजतबा हुसैनी खामेनेई का जन्म 8 सितंबर 1969 में हुआ था. वह एक ईरानी राजनेता और धर्मगुरु हैं. वह ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के दूसरे बेटे हैं.
- मोजतबा ने 1987 से 1988 के बीच ईरान-इराक जंग में हिस्सा लिया था. यह भी कहा जाता है कि 2009 के चुनाव के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए इस्तेमाल किए गए बसीज (Basij) संगठन पर उनका कंट्रोल था.
- मोजतबा का जन्म 1969 में मशहद में हुआ था. उन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद धर्मशास्त्र की पढ़ाई की. उनकी शुरुआती शिक्षा उनके पिता अली खामेनेई और अयातुल्लाह महमूद हाशमी शाहरूदी के मार्गदर्शन में हुई.
- 1999 में वह क़ुम शहर गए, जहां उन्होंने मौलवी बनने के लिए आगे की पढ़ाई की. वहां उनके शिक्षकों में मोहम्मद-ताकी मेसबाह-यज्दी, अयातुल्लाह लुत्फुल्लाह सफी गोलपायगानी और मोहम्मद बाघेर खर्राज़ी शामिल थे.
- मोजतबा खामेनेई को ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद का करीबी माना जाता था. उन्होंने 2005 और 2009 के राष्ट्रपति चुनाव में अहमदीनेजाद का समर्थन किया था. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि 2009 में अहमदीनेजाद की चुनावी जीत में उनकी बड़ी अहम भूमिका थी.
- जून 2009 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर सख्ती से कार्रवाई कराने में भी उनका नाम सामने आया था. माना जाता है कि वह अर्धसैनिक बल बसीज के सीधे प्रभारी थे, हालांकि सरकारी मीडिया में उनका नाम कम ही लिया गया.
- 2009 के चुनाव में सुधारवादी उम्मीदवार मेहदी कररूबी ने एक खुला पत्र लिखकर मोजतबा खामेनेई पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अहमदीनेजाद के पक्ष में चुनाव में गड़बड़ी कराने की साजिश रची थी. बाद में महमूद अहमदीनेजाद ने भी मोजतबा खामेनेई पर सरकारी खजाने से धन के गबन का आरोप लगाया था.
इजराइल ईरान वॉर में क्या है अपडेट?
- इजराइल के जरिए किए गए हमलों में ईरान में 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है.
- आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद अब उनके बेटे मोजतबा हुसैनी खामेनेई संभालेंगे.
- आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद लोग सड़कों पर उतर आए हैं और ईरान सरकार ने 40 दिनों के शोक का ऐलान किया है.
- मारे गए ईरानी लीडर्स में अमीर नसीरजादेह- ईरान के रक्षा मंत्री, मोहम्मद पकपूर- रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर, अली शमखानी- सर्वोच्च नेता खामेनेई के शीर्ष सलाहकार, मोहम्मद शिराज़ी- ईरानी मिलिट्री ब्यूरो, हुसैन जबल- एसपीएनडी चेयरमैन और रेज़ा मोज़ाफ़री-निया- एसपीएमडी का पूर्व चेयरमैन शामिल हैं.
- ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव Ali Larijani ने चेतावनी दी है कि इजरायल और अमेरिका को अपने कृत्यों पर पछताना पड़ेगा.
- सऊदी अरब ने कहा कि ईरान ने उसकी राजधानी और पूर्वी क्षेत्रों को निशाना बनाया, लेकिन हमले नाकाम कर दिए गए.
- बहरीन ने अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय पर मिसाइल हमले की सूचना दी.
- कुवैत ने अपने मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ड्रोन हमले की बात कही, जिसमें कई कर्मचारी और सैनिक घायल हुए.
- जॉर्डन ने कहा कि उसने 49 ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को “निष्क्रिय” किया. कतर में भी धमाकों की आवाज सुनी गई है.