मौत के बाद खामनेई की आखिरी पोस्ट, ऐसा क्या लिख गए एक्स पर जो देखते-देखते हो गया वायरल
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है. वहीं मौत के बाद उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रही है.
Ayatollah Ali Khamenei
(Image Source: X/ @MurtCrypto )Iran Israel War: मिडिल ईस्ट से इस समय की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों के बाद ईरान के सरकारी मीडिया ने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की. ईरान के सरकारी चैनल Press TV ने अपने आधिकारिक बयान और सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस्लामिक रिवोल्यूशन के नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिका-इजरायल हमले में शहीद हो गए हैं.
ईरान ने सुप्रीम लीडर के निधन के बाद 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक का एलान किया है. साथ ही 7 दिनों की सरकारी छुट्टी घोषित की गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के समय खामेनेई अपने घर के दफ्तर में मौजूद थे. उनकी मौत के बाद खामेनेई के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की गई जो काफी तेजी से वायरल हो रही है.
खामेनेई की आखिरी पोस्ट में क्या?
ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके अकाउंट से आखिरी पोस्ट शेयर की गई. जो एक्स पर तेजी से वायरल हो रही है. उनकी आखिरी पोस्ट में लिखा 'अल्लाह के नाम से, जो अत्यंत दयालु है. ईमान वालों में ऐसे लोग भी हैं जो अल्लाह से किए अपने वादे के पक्के हैं, इसलिए उनमें से कुछ अल्लाह से प्रेम करते हैं और कुछ प्रतीक्षा करते हैं तथा बदले में कुछ नहीं बदलते.
क्या बरामद हो गया खामेनेई का शव?
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कथित अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद खामेनेई का शव बरामद कर लिया गया है. हालांकि ईरान की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
Channel 12 की रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई के शव की एक तस्वीर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाई गई थी. यह दावा अज्ञात इजरायली अधिकारियों के हवाले से किया गया है.
खबरों के मुताबिक हमलों में खामेनेई के साथ उनकी बेटी, पोती, बहू और दामाद भी मारे गए. इसके अलावा ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नासिरजादेह और Islamic Revolutionary Guard Corps (आईआरजीसी) के कमांडर मोहम्मद पाकपुर के भी शहीद होने की खबर है.