ग्वालियर में कलश वितरण बना मातम, भगदड़ में महिला की मौत; जानें हादसे की पूरी कहानी

ग्वालियर में कलश वितरण कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए.;

gwalior stampede

(Image Source:  X/ @Asp4_datia )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

ग्वालियर में कलश वितरण कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ने के बाद अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कई महिलाएं जमीन पर गिर पड़ीं. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जिसका नाम कलावती बाथम बताया जा रहा है, जबकि कई अन्य घायल हो गईं.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया. पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और आगे की व्यवस्था कड़ी कर दी गई.

कैसे बिगड़े हालात?

इस पूरे मामले पर आईजी अरविंद सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि कलश बांटने के दौरान अचानक महिलाओं का एक बड़ा समूह वहां पहुंच गया, जिससे व्यवस्था बिगड़ गई. इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और महिलाएं एक-दूसरे पर गिरने लगीं. उन्होंने बताया “कलश पहले लेने की होड़ जैसी स्थिति बन गई थी. इसी दौरान एक गेट अलग से खुल गया, जिससे भीड़ का दबाव बढ़ गया और महिलाएं गिर पड़ीं.”

कितने घायल, कितनी मौत?

आईजी अरविंद सक्सेना के मुताबिक, इस हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिनमें से कलावती बाथम की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं दो अन्य महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है. इसके अलावा करीब 8 घायलों को डबरा और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. कुछ लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

क्या सुरक्षा में हुई चूक?

आईजी अरविंद सक्सेना ने साफ शब्दों में कहा कि इस घटना को सुरक्षा में चूक नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि हालात अचानक बने और भीड़ के दबाव के कारण यह हादसा हुआ. उनका कहना था कि “यह सुरक्षा की चूक का मामला नहीं है, बल्कि भीड़ प्रबंधन के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए.”

Similar News