खुशियों की राह पर मौत की टक्कर! शादी का कार्ड बांटने निकले थे परिवार के 3 लोग, Audi ने कुचला

मध्य प्रदेश के रीवा में एक ऑडी ने बाइक सवार तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है.;

( Image Source:  AI GENERATED IMAGE )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 8 Feb 2026 10:56 AM IST

Madhya Pradesh Rew Accident: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी.इस हादसे में एक ही परिवार के तीन मेंबर्स की मौत हो गई. मरने वाले लोगों की पहचान भगवत विश्वकर्मा (55), उनके बेटे शिवम विश्वकर्मा और महिला रिश्तेदार शीतल विश्वकर्मा के तौर पर हुई है.

मरने वाले लोगों के परिवार ने बताया कि तीनों रीवा में एक पारिवारिक शादी के लिए निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, भगवत विश्वकर्मा के बड़े बेटे की शादी 24 फरवरी को तय थी. इसी खुशी के बीच यह हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया.

कहां हुआ रीवा का हादसा

हादसा रीवा-प्रयागराज हाईवे पर कोस्ता गांव के पास हुआ, जो उनके घर से महज दो किलोमीटर की दूरी पर है. चश्मदीदों के मुताबिक, प्रयागराज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद कार डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी खतरनाक थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

ऑडी के ड्राइवर को क्या हुआ?

हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस ने मौके पर ही ऑडी कार के चालक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस के मुताबिक, भगवत और शिवम विश्वकर्मा चचाई के रहने वाले थे, जबकि शीतल विश्वकर्मा पास के रथारा गांव की निवासी थीं. तीनों की लाशों को पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए थे.

पुलिस का कहना है कि वह फिलहाल इस मामले की जांच कर रहे हैं. ऑडी के ड्राइवर से भी पूछताछ की जाएगी. माना जा रहा है कि यह हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ है. हालांकि, पुलिस ड्राइवर का मेडिकल टेस्ट भी करा सकती है. मामले में अधिक जानकारी का इंतेजार है.

Similar News