Airbnb विवाद बना जानलेवा, गुस्से में शख्स ने इंजीनियर महिला पर चढ़ा दी कार, मौके पर ही हुई मौत
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया. एक रिहायशी सोसाइटी में Airbnb को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक एक शख्स सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला को अपनी गाड़ी से कुचल दिया, जिसके कारण उनकी जान चली गई.
इंदौर में एक रिहायशी सोसाइटी में Airbnb को लेकर चल रही तनातनी अचानक इतनी बढ़ गई कि गुस्से ने इंसानियत को पीछे छोड़ दिया. कुछ ही मिनटों में हालात ऐसे बिगड़े कि एक महिला इंजीनियर की जान चली गई. बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान आरोपी ने आपा खो दिया और भीड़ के बीच कार दौड़ा दी.
मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और महिला इसकी चपेट में आ गई. इस घटना ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैलाई है, बल्कि यह भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या रिहायशी इलाकों में इस तरह की गतिविधियां सुरक्षित हैं?
कैसे शुरू हुआ विवाद
घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र के शिव वाटिका टाउनशिप की है, जहां एक पेंटहाउस को Airbnb पर किराए पर देने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. सोसाइटी के लोगों का आरोप था कि यहां अजनबी लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता था, जिससे सेफ्टी पर असर पड़ता है. इस मुद्दे पर पहले भी कई बार शिकायत और बैठकें हो चुकी थीं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला.
मामूली बहस ने लिया हिंसक रूप
बुधवार रात करीब 10:30 बजे स्थिति अचानक बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने पेंटहाउस की बिजली काट दी, जिसके बाद आरोपी पक्ष ने भी अन्य फ्लैट्स की बिजली सप्लाई बंद कर दी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई.
कार चढ़ाकर की गई हत्या
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी युवक ने गुस्से में कार तेज रफ्तार से भीड़ की ओर दौड़ा दी. इस दौरान पहले एक महिला को टक्कर लगी और फिर शंपा पांडेय को कुचल दिया गया. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. यह पूरी घटना सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है.
परिवार का आरोप और पुलिस कार्रवाई
मृतका के पति का कहना है कि आरोपी के पास गाड़ी रोकने का मौका था, लेकिन उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
अवैध निर्माण और सुरक्षा पर सवाल
सोसाइटी के लोगों का दावा है कि पेंटहाउस मूल नक्शे में शामिल नहीं था और उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं दी गई थी. साथ ही देर रात तक आने-जाने वाले लोगों की वजह से पहले भी कई बार असुरक्षा की शिकायत की गई थी.
जांच जारी
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि Airbnb के जरिए आने वाले मेहमानों की पहचान क्या थी और कहीं नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ. साथ ही पूरे मामले में CCTV फुटेज और अन्य सबूतों को खंगाला जा रहा है.