हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ ओवैसी ने की शिकायत, क्या होगा एक्शन? मुस्लिमों को टारगेट करने वाले वीडियो पर कोहराम

असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर को औपचारिक शिकायत सौंपी.;

( Image Source:  X/ @AjayLalluINC, @JaikyYadav16 )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 9 Feb 2026 3:03 PM IST

Himanta Biswa Sarma AI Video Controversy: AIMIM प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर को औपचारिक शिकायत सौंपी. यह शिकायत एक कथित विवादित और बाद में डिलीट किए गए AI-जनरेटेड वीडियो को लेकर की गई है, जिसने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है.

वीडियो में मुख्यमंत्री सरमा को मुसलमानों जैसे दिखने वाले चेहरों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया था. इस क्लिप के सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने इसे नफरत फैलाने वाला और हिंसा को बढ़ावा देने वाला कंटेंट बताया, जिसके बाद असम बीजेपी ने इसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया.

शिकायत पत्र में ओवैसी ने क्या लिखा?

पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में ओवैसी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पिछले कई सालों से मुस्लिम समुदाय के खिलाफ बयानबाजी करते आ रहे हैं. अपने पत्र में असदुद्दीन ओवैसी ने लिखा

"मैं आपका ध्यान इस बात की ओर दिलाना चाहता हूं कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पिछले कई सालों से सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, सार्वजनिक भाषणों और अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए मुस्लिम समुदाय के खिलाफ लगातार बयान दे रहे हैं. ऐसे कई भाषण अभी भी पब्लिक डोमेन में उपलब्ध हैं."

उन्होंने लिखा "हाल के महीनों में मुख्यमंत्री ने जानबूझकर अपने नफरत भरे भाषणों को और तेज कर दिया है, जिसका साफ और सचेत इरादा मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना और हिंदुओं और मुसलमानों के बीच दुश्मनी और नफरत को बढ़ावा देना है, यह जानते हुए भी कि ऐसे आरोप राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक हैं और सांप्रदायिक सद्भाव को नष्ट करने वाले हैं."

वीडियो पर क्यों मचा बवाल?

असम बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किए गए AI-जनरेटेड वीडियो सामने आते ही राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया. वीडियो में मुख्यमंत्री सरमा को हाथ में बंदूक लिए दीवार पर टंगी तस्वीरों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया, जिस पर विपक्ष ने गंभीर सवाल खड़े किए. विवाद बढ़ने के बाद पार्टी ने वीडियो को अपने एक्स अकाउंट से हटा लिया, लेकिन तब तक यह क्लिप वायरल हो चुकी थी.

क्या बोली कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत?

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सिर्फ वीडियो हटाना पर्याप्त नहीं है. उनके मुताबिक, वीडियो में मुख्यमंत्री को मुस्लिम पुरुषों जैसे दिखने वाले चेहरों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया है और इसमें 'POINT BLANK SHOT' जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर हिंसा को प्रतीकात्मक रूप से जायज ठहराया गया है. जब राजनीतिक दल इस स्तर तक गिर चुके हैं, तो क्या संवैधानिक संस्थाएं मूकदर्शक बनी रहेंगी? अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले पर पुलिस क्या एक्शन लेती है?

Similar News