T20 WC 2026: मैच ENG vs NZ का, लेकिन देखेगी पाकिस्तान टीम; आज होगा PAK की किस्मत का फैसला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होने वाला है. इस मैच से पाकिस्तान की किस्मत का फैसला होने वाला है. ऐसे में पाक की नजरें इस मैच पर रहने वाली हैं.

ENG vs NZ

(Image Source:  X/ @PitchWarr, @TsMeSalman )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

T20 World Cup 2026, ENG vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होने वाला है. ये मुकाबला शाम 7 बजे कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा.जहां इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है तो वहीं न्यूजीलैंड इस मैच को जीतने के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना चाहेगी.

इस मैच को जितना इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के फैंस देखने वाले हैं, उतना ही पाकिस्तान के भी. इस मुकाबले पर खुद पाकिस्तान टीम की नजरें रहने वाली है. पूरा पाकिस्तान आज दुआ करने कर रहा होगा कि इस मैच में न्यूजीलैंड की हार हो. इस मैच से ही पाकिस्तान की किस्मत का फैसला होने वाला है.

क्यों न्यूजीलैंड की हार चाहेगा PAK?

ग्रुप-2 से जहां इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है तो वहीं श्रीलंका की टीम बाहर हो चुकी है. ऐसे में अब पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के पास ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने का मौका है. लेकिन पाकिस्तान की किस्मत इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच पर निर्भर करती है. अगर इस मैच में इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है तो पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खुल रहेंगे, लेकिन अगर न्यूजीलैंड जीत जाती है तो पाकिस्तान इस टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

क्या न्यूजीलैंड की हार से मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?

हालांकि न्यूजीलैंड की हार के बाद भी पूरी तरह से पाकिस्तान को सेमीफाइनल का टिकट नहीं मिलेगा. इसके लिए उसको अपना अगला मैच जीतना होगा. पाकिस्तान का सुपर-8 में आखिरी मुकाबला श्रीलंका के साथ 28 फरवरी को होने वाला है. अगर इस मैच में पाकिस्तान जीत जाती है तो फिर उसके भी न्यूजीलैंड के बराबर 3 अंक हो जाएंगे. ऐसे में सेमीफाइनल के लिए दोनों टीमों का नेट रनरेट देखा जाएगा. जिस टीम का नेट रनरेट बेहतर होगा उसको सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा. फिलहाल पाकिस्तान का नेट रनरेट -0.461 है, जबकि न्यूजीलैंड का +3.050 है.

सुपर-8 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था, जिसके चलते दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला था. इसके बाद जहां पाकिस्तान को दूसरे मैच में इंग्लैंड के हाथों हार सामना करना पड़ा था तो वहीं न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराया था.

Similar News