IND Vs ZIM: जिम्बाब्वे को भारत ने आसानी से हराया, लेकिन इस खिलाड़ी ने 2 ओवर में दिए 46 रन; मिलिए जीत दिलाने वाले 5 हीरो से
ICC Men's T20 World Cup के सुपर-8 चरण में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया. अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम को वेस्टइंडीज को हर हाल में हराना होगा.
साउथ अफ्रीका क्या वेस्टइंडीज को हरा पाएगी, क्या भारत सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और क्या जिम्बाब्वे के खिलाफ मिलेगी बड़ी जीत... ये सभी सवाल आज हर भारतीय फैंस के मन में उठ रहे थे, जिसका जवाब भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत से मिल गया. भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 72 रन से करारी शिकस्त दी. यह टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की तीसरी बड़ी जीत है. भारत का अब 1 मार्च को वेस्टइंडीज से मुकाबला है, जिसे जीतने के बाद वह सेमीफाइनल में एंट्री कर जाएगी.
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी. भारत ने इस मैच में अपना सबसे बड़ा टी-20 वर्ल्ड कप स्कोर बनाया. वह महज 5 रन से श्रीलंका के सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड (260 रन) तोड़ने से चूक गई. आइए, जानते हैं इस मैच में जीत के 5 हीरो कौन रहे, जिन्होंने गेम का पासा पलट दिया.
भारत की जीत के 5 हीरो कौन-कौन हैं?
- अभिषेक शर्मा
- हार्दिक पांड्या
- तिलक वर्मा
- अर्शदीप सिंह
- सूर्यकुमार यादव
1- अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप की अपनी पहली फिफ्टी जड़ी. पहले तीन मैचों में उनका खाता नहीं खुला, जबकि चौथे मैच में वे महज 15 रन ही बना पाए. आज अभिषेक ने 30 गेंद की अपनी पारी में 4 छक्के और 4 चौका लगाते हुए 55 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 183.33 का रहा. उन्होंने संजू सैमसन के साथ पहले विकेट के लिए 22 गेंद में 48 रन, दूसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 72 रन और तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ 13 गेंद में 30 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
Abhishek Sharma
2- हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने चौथे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंद में 22 रन और तिलक वर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 31 गेंद में नाबाद 84 रन जोड़े. हार्दिक ने इस मैच में 23 गेंद में 217 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ खेलते हुए 4 छक्के और 2 चौके लगाते हुए नाबाद 50 रन बनाए, उन्हें इसके लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया.
3- तिलक वर्मा
तिलक वर्मा ने आज तूफानी बल्लेबाजी की. सभी बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा रहा. उन्होंने 16 गेंद में 4 छक्के और 3 चौके लगाते हुए 275 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 44 रन बनाए.
4- अर्शदीप सिंह
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा विकेट लिए. उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इसमें एक ही ओवर में दो विकेट भी शामिल हैं. अर्शदीप ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर सिकंदर रजा, जबकि चौथी गेंद पर रेयान बर्ल को आउट किया. इसके बाद उन्होंने Tony Munyonga को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई.
5- सूर्यकुमार यादव
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी इस मैच में छोटी, लेकिन विस्फोटक पारी खेली, तिलक वर्मा के बाद उनका सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट रहा. सूर्या ने 13 गेंद में 2 छक्के और 3 चौके लगाते हुए 13 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 253.85 का रहा.
Suryakumar Yadav
जिम्बाब्वे की हार के बावजूद क्यों छा गए ब्रायन बेनेट?
- जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट ने 97* रन की पारी खेली, जो टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. उनसे आगे सिर्फ Chris Gayle के 2010 में ब्रिजटाउन में बनाए 98 रन हैं.
- शिवम दुबे ने शुरुआती दो ओवर में 46 रन दिए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी गेंदबाज़ द्वारा पहले दो ओवर में दिए गए सबसे ज्यादा रन हैं. दुबे के पहले ओवर में 26, जबकि दूसरे ओवर में 20 रन आए.
- यह मुकाबला कुल 440 रन के साथ टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे ज्यादा रन वाले मैचों में शामिल हो गया.
- दोनों टीमों ने मिलकर 28 छक्के लगाए ( भारत ने 17 और जिम्बाब्वे ने 11), जो टूर्नामेंट के इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है.
सेमीफाइनल समीकरण
- दक्षिण अफ्रीका पहले ही क्वालिफाई कर चुका है.
- वेस्टइंडीज को आगे बढ़ने के लिए भारत को हराना या मैच बेनतीजा रहना जरूरी है.
- भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को हराना होगा,
- जिम्बाब्वे टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है.




