सूर्या का हैरतअंगेज कैच, बुमराह-हार्दिक की कसी गेंदबाजी और भारत 17 साल बाद बना T20 चैंपियन; पढ़ें आखिरी 5 ओवर का पूरा रोमांच
29 जून 2024 को केंसिंग्टन ओवल में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराकर 17 साल बाद खिताब जीता. आखिरी ओवर में हार्दिक ने डेविड मिलर और कैगिसो रबाडा को आउट कर भारत को एतिहासिक जीत दिलाई.;
India vs South Africa T20 World Cup Final 2024 Final Match Highlights: 29 जून 2024, टी-20 इंटरनेशनल का 2729वां मुकाबला और केसिंग्टन ओवल का मैदान ... भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने थीं. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन ही बना सकी और भारत ने 17 साल बाद टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया. हालांकि, यह जीत आसान नहीं थी. एक समय टीम इंडिया हार के बिल्कुल करीब थी. साउथ अफ्रीका को 15 ओवर के बाद जीत के लिए 30 गेंद में 30 रन की जरूरत थी. टीम का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 147 रन था. हेनरिक क्लासेन 22 गेंद में 49 और डेविड मिलर 7 गेंद में 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे.
भारत हार की दहलीज पर खड़ा था. भारतीय फैंस की धड़कने बढ़ने लग गई थीं, क्योंकि 2023 में वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ही ऑस्ट्रेलिया ने करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था, लेकिन इस बार रोहित शर्मा की सेना इतिहास रचने को तैयार थी. अंतिम 5 ओवरों ने मैच का पासा पलट दिया.
रोहित शर्मा (क्रेडिट-ANI)
मैच का टर्निंग प्वाइंट क्या रहा?
16वां ओवर फेंकने आए जसप्रीत बुमराह ने केवल 4 रन दिए . अब 4 ओवर में 24 रन चाहिए थे. 17वां ओवर फेंकने आए हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद पर क्लासेन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर मैच में भारत की वापसी कराई. क्लासेन काफी खतरनाक दिख रहे थे. उन्होंने 27 गेंद में 52 रन बनाए, जिनमें 5 छक्के और 2 चौके शामिल रहे. इस समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 151 रन था. क्लासेन का आउट होना ही मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ.
T20 World Cup 2024 की ट्रॉफी के साथ टीम इंडिया (क्रेडिट-ANI)
बुमसार ने 18वें ओवर में दिए महज 2 रन
हार्दिक पांड्या ने अपने दूसरे और पारी के 17वें ओवर में महज 4 रन दिए. अब 18 गेंद पर 22 रन चाहिए था. मार्को यान्सन और डेविड मिलर क्रीज पर मौजूद थे. 18वां ओवर फेंकने आए जसप्रीत बुमराह ने यान्सन को बोल्ड कर भारत को छठी सफलता दिलाई. साउथ अफ्रीका का स्कोर इस समय 156 रन था. बुमराह ने इस ओवर में महज 2 रन दिए. अब 12 गेंद में 20 रन चाहिए थे. रोमांच अपने चरम सीमा पर पहुंच चुका था. क्रीज पर थे- डेविड मिलर और केशव महाराज...
सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री लाइन पर मिलर का शानदार कैच पकड़ा (क्रेडिट-ANI)
आखिरी दो ओवर का रोमांच (किस गेंद पर क्या हुआ)
19 वां ओवर (अर्शदीप सिंह)
- पहली गेंद- 0 रन
- दूसरी गेंद-0 रन
- तीसरी गेंद- 1 रन (महाराज)
- चौथी गेंद- 2 रन (मिलर)
- पांचवीं गेंद- 1 रन (मिलर)
- छठी गेंद- 0 (केशव)
अब साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 6 गेंद में 16 रन की जरूरत है. स्ट्राइक पर थे डेविड मिलर...
20वां ओवर (हार्दिक पांड्या)
- पहली गेंद- सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री लाइन पर मिलर का अद्भुत और शानदार कैच पकड़ा.
- दूसरी गेंद- कैगिसो रबाडा ने विकेटकीपर पीछे से गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर 4 रन के लिए भेजा. अब 4 गेंद पर 12 रन चाहिए.
- तीसरी गेंद- बाई का 1 रन
- चौथी गेंद- लेग बाई का 1 रन
- पांचवीं गेंद- वाइड का 1 रन
- पांचवीं गेंद- रबाडा कैच आउट
- छठी गेंद- 1 रन
इसके साथ ही भारत 7 रन से इस मुकाबले को जीतकर 2007 के बाद पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता. खिलाड़ी मैदान पर तिरंगा लेकर दौड़ पड़े. रोहित शर्मा जमीन पर लेटकर हाथ को पटकते हुए दिखाई दिए. हार्दिक पांड्या की आंखों में खुशी के आंसू थे...
अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए हार्दिक पांड्या (क्रेडिट-ANI)
भारत ने इस टूर्नामेंट में लगातार 8 मैच जीते. विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच, जबकि जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. कोहली ने इस मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी, जबकि बुमराह ने पूरी सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी की थी.
भारतीय टीम (क्रेडिट-ANI)
अंतिम 5 ओवर का रोमांच
- 16वां ओवर- 4 रन
- 17वां ओवर- 4 रन, 1 विकेट
- 18वां ओवर- 2 रन, 1 विकेट
- 19वां ओवर- 4 रन
- 20वां ओवर- 8 रन, 2 विकेट
मैच की हाईलाइट्स
भारत की पारी
- भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया. टीम ने पावरप्ले में 45 रन पर 3 विकेट गंवा दिए.
- रोहित शर्मा दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर केशव महाराज की गेंद पर क्लासेन को कैच थमा बैठे. उन्होंने 5 गेंद में 7 रन बनाए.
- तीसरे नंबर पर आए ऋषभ पंत अपना खाता भी नहीं खोल पाए. उन्हें केशव महाराज ने विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच आउट कराया. इस तरह महाराज ने दूसरे ओवर में 23 रन के स्कोर पर टीम इंडिया को बैक टू बैक दो झटके दिए.
- पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव भी रबाडा की गेंद पर क्लासेन को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए. सूर्या ने महज 3 रन बनाए. टीम का स्कोर इस समय 34 रन था.
- चौथे विकेट के लिए अक्षर पटेल और विराट कोहली के बीच बहुमूल्य 72 रनों की पार्टनरशिप हुई. अक्षर 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर 106 रन के स्कोर पर रन आउट हुए. उन्होंने 31 गेंद में 47 रन बनाए.
- विराट कोहली 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर 163 रन के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए. उन्होंने 59 गेंद में 2 छक्के और 6 चौके लगाते हुए 76 रन बनाए. शिवम दुबे के साथ मिलकर कोहली ने पांचवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की. उन्हें यान्सन ने रबाडा के हाथों कैच आउट कराया.
- टीम इंडिया को अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर 174 रन के स्कोर पर छठा झटका लगा. शिवम दुबे 16 गेंद में 27 रन बनाकर एनरिक नॉर्त्जे की गेंद पर मिलर के हाथों कैच आउट हुए.
- रविंद्र जडेजा 2 रन बनाकर पारी की अंतिम गेंद पर महाराज के हाथों कैच आउट हुए. इस तरह नॉर्त्जे ने 20वें ओवर में भारत को 2 झटके दिए.
- साउथ अफ्रीका की ओर से Anrich Nortje और केशव महाराज ने 2-2, जबकि मार्को यान्सन और रबाडा को 1-1 विकेट मिला.
साउथ अफ्रीका की पारी
- साउथ अफ्रीका की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर 7 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. रीजा हेंड्रिक्स को बुमराह ने क्लीन बोल्ड कर दिया. हेंड्रिक्स ने 4 रन बनाए.
- तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर 12 रन के स्कोर पर साउथ अफ्रीका को दूसरा झटका लगा. कप्तान एडेन मार्करम 4 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट हुए.
- अक्षर पटेल ने 8.5 ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई. स्टब्स ने 21 गेंद में 31 रन बनाए. इस समय साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 67 गेंद पर 107 रन चाहिए था. टीम का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 70 रन था.
- 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर 106 रन के स्कोर पर क्विंटन डी कॉक भी पवेलियन लौट गए. उन्होंने 39 रन बनाए.
- साउथ अफ्रीका को 151 रन के स्कोर पर बड़ा झटका लगा. शानदार लय में दिख रहे हेनरिक क्लासेन को हार्दिक पांड्या ने ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर भारत की मैच में वापसी कराई. क्लासेन ने 27 गेंद में 52 रन बनाए.
- 18वें ओवर की चौथी गेंद पर 156 रन के स्कोर पर मार्को यान्सन को बुमराह ने क्लीन बोल्ड कर दिया. यान्सन ने 2 रन बनाए.
- हार्दिक पांड्या ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर डेविड मिलर और पांचवीं गेंद पर कैगिसो रबाडा कर आउट कर भारत को दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बना दिया.
- भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को 2-2 विकेट मिले. वहीं, अक्षर पटेल के खाते में 1 विकेट आया.
Rohit Sharma ने मैच के बाद क्या कहा?
Rohit Sharma ने मैच के बाद कहा कि पिछले तीन-चार साल टीम के लिए बेहद मुश्किल रहे और उन्होंने कई हाई-प्रेशर मुकाबले खेले, जिनमें कई बार हार भी झेलनी पड़ी. उनके मुताबिक, आज की जीत अचानक नहीं मिली, बल्कि लंबे समय से पर्दे के पीछे की मेहनत का नतीजा है. उन्होंने कहा कि जब दबाव आता है तो टीम को पता होता है क्या करना है, और आज खिलाड़ियों ने एकजुट होकर वही करके दिखाया. रोहित ने टीम मैनेजमेंट, कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के बीच भरोसे को इस सफलता की सबसे बड़ी वजह बताया.
Virat Kohli पर क्या बोले रोहित?
रोहित ने Virat Kohli की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी फॉर्म पर कभी शक नहीं था. वह पिछले 15 साल से बड़े मौकों के खिलाड़ी रहे हैं और जब टीम को जरूरत होती है तो सामने आकर जिम्मेदारी निभाते हैं. मुश्किल पिच पर एक छोर संभालकर खेलना बेहद अहम था, जिससे दूसरे बल्लेबाज खुलकर खेल सके. उन्होंने Axar Patel की बल्लेबाजी को भी निर्णायक बताया.
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी के साथ रोहित शर्मा (क्रेडिट-ANI)
रोहित ने Jasprit Bumrah और Hardik Pandya पर क्या कहा?
गेंदबाजी में रोहित ने Jasprit Bumrah को 'मास्टरक्लास' बताते हुए कहा कि वह अपने कौशल पर भरोसा रखते हैं और हमेशा टीम के लिए मैच पलटने की क्षमता रखते हैं. वहीं आखिरी ओवर फेंकने वाले Hardik Pandya की भी उन्होंने जमकर सराहना की. रोहित ने दुनिया भर में मौजूद भारतीय फैंस का भी शुक्रिया अदा किया, जो देर रात तक टीम का इंतजार करते रहे.
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के साथ (क्रेडिट-ANI)
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान Aiden Markram ने हार पर क्या कहा?
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान Aiden Markram ने हार पर निराशा जताई, लेकिन टीम के प्रदर्शन पर गर्व भी व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल किया जा सकता था और मैच आखिरी गेंद तक रोमांचक रहा. मार्करम के मुताबिक टीम ने पूरी लड़ाई लड़ी और फाइनल तक पहुंचना भी उनके लिए गर्व की बात है, हालांकि हार का दर्द अभी काफी ज्यादा है.