सुनील गावस्कर सहित 14 पूर्व कप्तानों का इमरान खान को मिला सपोर्ट, पाकिस्तान सरकार से चिट्ठी लिखकर की ये मांग
सुनील गावस्कर सहित 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के पूर्व पीएम और पूर्व कप्तान इमरान खान की सेहत पर चिंता जताते हुए पाक सरकार को एक चिट्ठी लिखी है.;
Imran Khan
(Image Source: X/ @Shahhoon1, @abubakarmemer )पाकिस्तान के पूर्व पीएम और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत से बड़ी पहल सामने आई है. बिगड़ती सेहत की खबरों के बीच 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने एक संयुक्त याचिका पर हस्ताक्षर कर पाकिस्तान सरकार से उनके लिए जेल में उचित चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है.
यह याचिका सीधे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संबोधित की गई है. पत्र में न केवल इमरान खान की स्वास्थ्य सुविधाओं, बल्कि जेल में उन्हें पर्याप्त कानूनी अधिकार उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है.
किन 14 पूर्व कप्तानों ने किए साइन?
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस याचिका पर कई पूर्व दिग्गज कप्तानों ने साइन किए हैं. इनमें ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथर्टन, नासिर हुसैन, सुनील गावस्कर, कपिल देव, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, डेविड गोवर, किम ह्यूजेस, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट जैसे नाम शामिल हैं. पत्र में कहा गया है कि इमरान खान को जेल में रहते हुए आवश्यक चिकित्सा देखभाल और कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
क्या पाकिस्तानी पूर्व कप्तानों ने भी अपील?
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस याचिका पर पाकिस्तान के किसी अन्य पूर्व कप्तान ने साइन नहीं किए हैं. हालांकि, पिछले सप्ताह वसीम अकरम, वकार यूनुस और शाहिद अफरीदी सहित कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया के जरिए अधिकारियों से इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा देने की अपील की थी.
कैसी है इमरान खान की सेहत?
हाल ही में खबर आई थी कि इमरान खान की दाहिनी आंख की 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है. उनके समर्थकों और परिवार का दावा है कि जेल में उनसे मिलने के अधिकारों को भी सीमित किया गया है. उनके बेटे सुलेमान खान ने दिसंबर 2025 में कहा था, "उन्हें एक बहुत छोटी कोठरी में रखा गया है, जिसे 'मौत की कोठरी' कहा जाता है क्योंकि यहीं पर मौत की सजा पाए लोगों को रखा जाता है."
कब से जेल में बंद हैं इमरान खान?
इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी अगस्त 2023 से जेल में हैं. उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में आरोप लगाए गए हैं. दिसंबर 2025 में आए एक फैसले के बाद उन्हें 31 वर्ष की सजा सुनाई गई, जिसके तहत वह वर्तमान में जेल काट रहे हैं.