IND Vs ENG: 13 छक्के, 7 चौके और महज 54 गेंद में 135 रन! जब वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड पर कहर बनकर टूटे थे अभिषेक शर्मा

भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल से पहले अभिषेक शर्मा पर सबकी नजरें हैं. हालिया फॉर्म भले ही कमजोर रही हो, लेकिन वानखेड़े में उनकी पिछली 135 रन की विस्फोटक पारी इंग्लैंड के लिए खतरे की याद दिलाती है. अगर पावरप्ले में तेज शुरुआत मिल गई, तो मैच की दिशा बदल सकती है.

इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े में शतक जमाने के बाद अभिषेक शर्मा

(Image Source:  BCCI )

IND vs ENG Semifinal match: मुंबई के Wankhede Stadium में आज 5 मार्च को ICC Men's T20 World Cup 2026 का बड़ा सेमीफाइनल खेला जाना है, जहां India और England आमने-सामने होंगे. नॉकआउट मुकाबले का दबाव दोनों टीमों पर है, लेकिन भारतीय टीम के एक खिलाड़ी पर खास नजरें टिकी हैं, जिनका नाम है- Abhishek Sharma. हाल के मैचों में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला है. पिछले कुछ मैचों में उनके स्कोर 0, 0, 0, 15, 55 और 10 रहे हैं. ऐसे में सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में यह सवाल उठ रहा है कि क्या टीम उन्हें प्लेइंग इलेवन में बनाए रखेगी और उनसे क्या उम्मीद की जाएगी.

टी20 क्रिकेट की खासियत है कि एक ही पारी पूरे मैच की दिशा बदल सकती है. वानखेड़े जैसा मैदान, जहां छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड आक्रामक बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद होती है, वहां अभिषेक शर्मा जैसे स्ट्राइकर कभी भी मैच का रुख पलट सकते हैं. भारतीय टीम मैनेजमेंट भी इस संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही. गेंदबाजी कोच Morne Morkel ने सेमीफाइनल से पहले सार्वजनिक तौर पर अभिषेक का समर्थन किया है. इससे साफ संकेत मिलता है कि टीम अभी भी उनके 'इम्पैक्ट' पर भरोसा कर रही है.


वानखेड़े की वह पारी जिसे इंग्लैंड भूल नहीं सकता

  • 2 फरवरी 2025 को इसी मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मैच खेला गया था. उस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी पारी खेली थी जिसने मैच की तस्वीर ही बदल दी थी.
  • अभिषेक ने सिर्फ 54 गेंदों में 135 रन ठोक दिए थे, जिसमें 7 चौके और 13 छक्के शामिल थे. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 247/9 का बड़ा स्कोर बनाया और इंग्लैंड को 150 रन से करारी हार मिली.
  • उस दिन इंग्लैंड के गेंदबाज अपनी योजना पर टिक नहीं पाए. लगातार फील्ड बदलनी पड़ी और गेंदबाजी लाइन-लेंथ भी बिगड़ती चली गई.
  • एक बार जब अभिषेक लय में आए, तो मैच पर पूरा नियंत्रण भारत के पास चला गया.


सेमीफाइनल में भारत को उनसे क्या चाहिए?

भारतीय टीम को आज उनसे 135 रन की पारी की उम्मीद नहीं है. असल में उनकी भूमिका पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाने की है. अगर अभिषेक पहले छह ओवर में तेज रन बना देते हैं, तो इंग्लैंड के गेंदबाजों की रणनीति बदल सकती है. यह 15 गेंद में 30 रन भी हो सकते हैं या 25 गेंद में 40-45 रन. नॉकआउट मैचों में ऐसी छोटी लेकिन तेज पारियां कई बार मैच का रुख तय कर देती हैं.



यही वजह है कि भले ही इस समय अभिषेक शर्मा सवालों के घेरे में हों, लेकिन एक सही शॉट और एक सही पारी से वह सेमीफाइनल की कहानी भी बदल सकते हैं.

Similar News