IND vs ENG: Samson ने तोड़ा Kohli का रिकॉर्ड, India ने 19 छक्कों के साथ T20 WC नॉकआउट में बनाया सबसे बड़ा स्कोर

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने भी तेज रन बनाए.

( Image Source:  BCCI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 5 March 2026 9:22 PM IST

IND vs ENG Match India Innings Highlights: 19 छक्के और 18 चौके... मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज की रात जो चौकों और छक्कों की सुनामी आई, उसने भारतीय क्रिकेट फैंस को जोश और खुशी से भर दिया. इंग्लैंड के गेंदबाज पूरी पारी के दौरान हताश और बेबस नजर आए. अभिषेक शर्मा के अलावा, हर बल्लेबाज गेंद को अक्सर बाउंड्री लाइन के पार भेजते हुए ही दिखाई दिया. संजू सैमसन की आतिशबाजी हो या हार्दिक का पावर हिंटिंग या फिर शिवम दुबे- ईशान किशन की इम्पैक्ट पारी... भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लैंड का धागा खोल कर रख दिया. यही वजह है कि इंग्लैंड को सेमीफाइनल मुकाबले में जीत के लिए 254 रन का बड़ा लक्ष्य मिला है.

संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत से ही इंग्लैंड को मुकाबले से बाहर कर दिया. सैमसन ने 42 गेंद में 7 छक्के और 8 चौके लगाते हुए 89 रन बनाए. वहीं, शिवम दुबे ने 25 गेंद में 43 रन जड़ दिए. ईशान किशन भी भला कहां पीछे रहने वाले थे, उन्होंने भी 18 गेंद में 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 39 रन जड़ दिए. इसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.  हार्दिक पांड्या ने भी 12 गेंद में धुआंधार 27 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 3 चौके जड़े. हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव 11 और अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हुए.

भारत ने रचा इतिहास

भारत ने इस मुकाबले में इतिहास रच दिया. उसने टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में सबसे ज्यादा बड़ा टोटल बनाया है. इसके साथ ही एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के भी लगाए.

टी-20 वर्ल्ड कप के नॉक आउट मैच में सबसे बड़ा टोटल

  • भारत- 253 रन
  • वेस्टइंडीज-205 रन
  • ऑस्ट्रेलिया- 197 रन
  • वेस्टइंडीज 196 रन
  • भारत 192 रन

संजू सैमसन ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड

संजू सैमसन ने इस मुकाबले में इतिहास रच दिया है. वे अब टी-20 वर्ल्ड के नॉकआउट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा. कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में नाबाद 89 रन, 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2024 में 77 रन की पारी खेली थी. पांचवें नंबर पर कोच गौतम गंभीर हैं, जिन्होंने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन बनाए.

Men’s T20s में सबसे ज्यादा बार 250 रन बनाने वाली टीम

  • 6 - इंडिया
  • 5 - सनराइजर्स हैदराबाद
  • 3 - वेस्ट इंडीज़
  • 3 - ज़िम्बाब्वे
  • 3 - सरे

T20 WC की एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के

  • 19 - NED बनाम IRE, सिलहट, 2014
  • 19 - WI बनाम ZIM, मुंबई WS, 2026
  • 19 - IND बनाम ENG, मुंबई WS, 2026
  • 17 - IND बनाम ZIM, चेन्नई, 2026
  • 16 - AUS बनाम IND, ब्रिजटाउन, 2010

37 (19 छक्के और 18 चौके) बाउंड्री T20 WC की एक पारी में दूसरी सबसे ज़्यादा बाउंड्री हैं. इससे पहले 2007 में SL बनाम KEN के मैच में 41 (30 चौके और 11 छक्के) बाउंड्री लगी थीं. 

Similar News