IND Vs ENG: सेमीफाइनल जीतो, वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाओ! भारत-इंग्लैंड के मैच को लेकर ऐसा क्यों कहा जा रहा है?
T20 World Cup 2026 के सेमीफाइनल में India और England की लगातार तीसरी भिड़ंत मुंबई के Wankhede Stadium में होने जा रही है. दोनों टीमें दो-दो बार खिताब जीत चुकी हैं और सेमीफाइनल में अब तक एक-एक जीत के साथ बराबरी पर हैं. खास बात यह है कि पिछली दोनों बार सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने ही ट्रॉफी उठाई थी.
गौतम गंभीर, सूर्यकुमार यादव और हैरी ब्रूक
(Image Source: BCCI/@cricweek )IND vs ENG Semifinal Preview: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में India और England की प्रतिद्वंद्विता अब नए शिखर पर पहुंच चुकी है. दोनों टीमें दो-दो बार खिताब जीत चुकी हैं और सेमीफाइनल में अब तक एक-एक जीत के साथ बराबरी पर हैं. दिलचस्प तथ्य यह है कि दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने ही ट्रॉफी उठाई.
गुरुवार को मुंबई के एतिहासिक Wankhede Stadium में दोनों दिग्गज टीमें लगातार तीसरे एडिशन में सेमीफाइनल मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगी. जो भी इस मुकाबले को जीतेगा, उसके पास टी20 वर्ल्ड कप का खिताब तीसरी बार जीतने वाली पहली टीम बनने का मौका होगा. अभी तक भारत और इंग्लैंड के अलावा केवल West Indies ही दो बार चैंपियन बनी है.
भारत-इंग्लैंड के बीच अब तक कितने मुकाबले हुए?
- 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और बाद में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.
- इसके जवाब में भारत ने 2024 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को मात दी और रोमांचक फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना दूसरा खिताब जीता.
- टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमें 29 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मुकाबले जीते हैं.
- भारत के सामने इस बार दो ऐतिहासिक लक्ष्य भी हैं-टी20 वर्ल्ड कप खिताब का सफल बचाव करने वाली पहली टीम बनना और मेजबान के तौर पर ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बनना.
- अब सवाल वही है- इस बार कौन बाज़ी मारेगा? आंकड़े और परिस्थितियां भारत के पक्ष में हल्की बढ़त दिखा सकती हैं, लेकिन बड़े मैचों में इंग्लैंड का प्रदर्शन उन्हें बराबरी का दावेदार बनाता है.
कैसा रहा दोनों टीमों का सेमीफाइनल तक का सफर?
- भारत और इंग्लैंड की राह अलग-अलग रही. इंग्लैंड ने सुपर 8 के ग्रुप 2 में पांच लगातार जीत के साथ सबसे पहले सेमीफाइनल का टिकट कटाया.
- भारत को दक्षिण अफ्रीका से हार झेलनी पड़ी और वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘करो या मरो’ मुकाबले में जीत के बाद अंतिम चार में जगह मिली.
- लीग चरण में भारत ने ग्रुप ए में अजेय रहते हुए टॉप किया, जबकि इंग्लैंड पूल सी में दूसरे स्थान पर रहा.
भारत की क्या है ताकत?
- भारत की ताकत इस टूर्नामेंट में टीमवर्क रहा है. संजू सैमसन का वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन निर्णायक साबित हुआ, जबकि अभिषेक शर्मा ने सुपर 8 में अपना पहला अर्धशतक जड़ा.
- कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ 84 रनों की शानदार पारी खेली और 231 रन के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर हैं. ईशान किशन (217 रन) भी लय में हैं.
- गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने जिम्मेदारी बांटी है. वरुण 12 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज हैं.
- कुल मिलाकर, किसी एक खिलाड़ी पर निर्भरता नहीं, बल्कि सामूहिक योगदान ही भारत की सबसे बड़ी ताकत रही है.
इंग्लैंड की क्या है ताकत?
इंग्लैंड ने भी सामूहिक प्रदर्शन पर भरोसा किया है. हैरी ब्रूक 228 रन के साथ शीर्ष स्कोरर हैं, जबकि फिल सॉल्ट, जैकब बेथेल और विल जैक्स ने अहम पारियां खेली हैं. गेंदबाजी में आदिल राशिद 11 विकेट के साथ प्रभावी रहे हैं.
वानखेड़े की कैसी है पिच?
वानखेड़े की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों की मदद कर सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल हो जाती है. गर्म और उमस भरे मौसम में शाम को ओस का असर दिख सकता है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी।
करीब 35,000 दर्शकों के शोरगुल के बीच माहौल रोमांचक होगा. यही मैदान 2011 वनडे वर्ल्ड कप में एमएस धोनी के ऐतिहासिक छक्के का गवाह रहा है. अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि दबाव के पलों में कौन-सी टीम संयम बनाए रखती है और फाइनल में अहमदाबाद का टिकट पक्का करती है. गुरुवार की रात क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और यादगार अध्याय लिखने को तैयार है.