Aaj ki Taaza Khabar: बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त का दावा - चुनाव अब तक ‘स्वतंत्र और निष्पक्ष’ तरीके से हो रहा है
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. गुरुवार 12 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;
कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: शिवम मिश्रा के वकील का दावा - गिरफ्तारी गलत, कार नहीं चला रहे थे
उत्तर प्रदेश के कानपुर में लैंबॉर्गिनी कार हादसे के मामले में आरोपी शिवम मिश्रा के वकील नरेंद्र कुमार यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि शिवम मिश्रा को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है और हादसे के समय वह कार नहीं चला रहे थे. वकील का दावा है कि पुलिस ने बिना ठोस सबूतों के उन्हें आरोपी बनाया है, जबकि असली चालक कोई और था. मामले को लेकर कानूनी लड़ाई तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
वोट डालने के बाद तारीक रहमान का दावा - BNP की जीत तय, कानून-व्यवस्था बहाल करने का वादा
वोट डालने के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरपर्सन तारीक रहमान ने भरोसा जताया कि चुनाव में उनकी पार्टी की जीत निश्चित है. उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी और समर्थन के साथ निष्पक्ष चुनाव में BNP की विजय तय है. तारीक रहमान ने सत्ता में आने पर कानून-व्यवस्था बहाल करने और लोगों के अधिकारों व स्वतंत्रता की रक्षा करने का संकल्प भी लिया. उन्होंने बांग्लादेश की संप्रभुता और गरिमा को सर्वोपरि रखने की बात दोहराई.
बांग्लादेश चुनाव 2026 - अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने ढाका में डाला वोट
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने 13वें संसदीय चुनाव के तहत ढाका के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. उनके मतदान के साथ ही राजधानी में चुनावी गतिविधियां और तेज हो गईं. प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा - तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा गिरफ्तार
कानपुर में लैंबॉर्गिनी कार से हुए हादसे के मामले में पुलिस ने तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि तेज रफ्तार लग्जरी कार से हुई इस दुर्घटना में लोगों की जान खतरे में पड़ी और मामला गंभीर हो गया. पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुबह नहीं हुआ कामकाज
बिहार की राजधानी पटना में सिविल कोर्ट भवन को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से सुबह अदालत का कामकाज स्थगित कर दिया गया. अधिकारियों को चेतावनी मिली थी कि पूरे भवन को विस्फोट से उड़ाया जा सकता है. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और परिसर की जांच शुरू की गई. हालात की समीक्षा के बाद अदालत की कार्यवाही दिन के दूसरे हिस्से में दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया.
'सरकार बनाने के करीब हैं हम', बोले NCP संयोजक नाहिद इस्लाम
नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने दावा किया है कि उनकी पार्टी और जमात-ए-इस्लामी गठबंधन सरकार बनाने के बेहद करीब है. छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने कहा कि अगर लोगों को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से वोट डालने दिया गया, तो उनकी जीत तय है. उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन जनता के जनादेश को स्वीकार करेगा. नाहिद इस्लाम और उनकी पार्टी शेख हसीना विरोधी आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभा चुकी है.
बांग्लादेश चुनाव - खालिदा जिया के बेटे और BNP प्रमुख तारीक रहमान ने ढाका में डाला वोट
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे तारीक रहमान 13वें संसदीय चुनाव के लिए वोट डालने ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल एंड कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे. उनके मतदान के साथ ही चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजधानी में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है.
ढाका के मीरपुर-10 में जमात और BNP समर्थकों में झड़प, शफीकुर रहमान इसी सीट से मैदान में
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर-10 विधानसभा क्षेत्र में जमात-ए-इस्लामी और BNP समर्थकों के बीच झड़प की खबर सामने आई है. यह वही सीट है जहां से जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं. घटनास्थल पर तनाव का माहौल बताया जा रहा है और हालात को काबू में रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है.
बांग्लादेश चुनाव 2026: हिंसा और नकदी बरामदगी से बढ़ा तनाव, कई इलाकों में वोटरों को डराने के आरोप
बांग्लादेश में चुनाव के दौरान कई जिलों से हिंसा, डराने-धमकाने और अनियमितताओं की खबरें सामने आई हैं. बरिसाल के बाबूगंज में सेना ने दो BNP कार्यकर्ताओं को 1.02 लाख टका और चुनावी पर्चियों के साथ हिरासत में लिया. बोगुरा में BNP की छात्र इकाई के नेता मिलन मिया पर मतदान केंद्र के पास चाकू से हमला किया गया.
खुलना-5 सीट पर जमात नेता पर हिंदू वोटरों को धमकाने का आरोप लगा है. ओल्ड ढाका में वोट के बदले पैसे बांटने के आरोप में जमात नेता एमडी हबीब को गिरफ्तार कर दो दिन की जेल सुनाई गई. लक्ष्मीपुर में कृषक दल नेता की गाड़ी से 15 लाख टका जब्त किए गए, जबकि ठाकुरगांव-3 में जातीय पार्टी के दो नेताओं पर जुर्माना लगाया गया. शरीयतपुर के नारिया उपजिला में भी संयुक्त बलों ने एक जमात नेता को 7.5 लाख टका और लैपटॉप के साथ पकड़ा है.
बांग्लादेश चुनाव 2026: जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका में डाला वोट
बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. उनके मतदान के साथ ही राजधानी में चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं. नेताओं और मतदाताओं की भागीदारी से चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल बनी हुई है.