ठंड की विदाई में फिर रुकावट! 6 राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, गिरेगा तापमान; इन राज्यों में मौसम रहेगा साफ

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल समेत 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. 14 फरवरी तक उत्तर भारत में ठंड और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है.;

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

देश में अभी ठंड धीरे-धीरे अलविदा कह रही है, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने फिर से कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. इससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आएगी और 14 फरवरी तक ठंड का एहसास फिर से बढ़ सकता है. साथ ही, उत्तर भारत के कई इलाकों में अभी भी घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सुबह के समय गाड़ी चलाने में काफी मुश्किल होती है. पहाड़ी इलाकों में घूमने जाने वाले पर्यटकों को भी सावधान रहने की सलाह दी गई है.

अगले 48 घंटों यानी 12 और 13 फरवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. लेकिन उसके बाद अगले 5 दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. अब चलिए जानते हैं कि12 फरवरी को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहेगा.

देश के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने इस सप्ताह कुछ राज्यों में बारिश होने की चेतावनी दी है. इनमें मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं.

  • 16 और 17 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में तेज हवाएं, बिजली कड़कने और गरज-चमक के साथ अच्छी-खासी बारिश हो सकती है.
  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों जैसे गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में 13, 16 और 17 फरवरी को कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है. 
  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16-17 फरवरी को कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.
  • अरुणाचल प्रदेश में 11, 12 और 14 फरवरी को भारी बर्फबारी हो सकती है.
  • पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 16-17 फरवरी को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है.
  • लक्षद्वीप में 11 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
  • उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी में 13 फरवरी को हल्की-मध्यम बारिश के आसार हैं.

उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी

  • 14 फरवरी तक उत्तर भारत के कई जिलों में घना कोहरा रहेगा 12 फरवरी को ये इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित रहेंगे:
  • उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आजमगढ़, बलिया, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर और सोनभद्र में सुबह घना कोहरा छाया रहेगा.
  • हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद और रोहतक में भी दृश्यता बहुत कम होगी.
  • पंजाब के अमृतसर, फरीदकोट, फिरोजपुर, बठिंडा, कपूरथला, लुधियाना और जालंधर में मध्यम से घना कोहरा रहेगा.
  • वाहन चलाने वालों से अपील है कि सुबह के समय बहुत सावधानी बरतें, क्योंकि कोहरे से सड़क पर दिखाई कम देता है और एक्सीडेंट का खतरा बढ़ जाता है.

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा. 13 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं. हवा 10-15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी. अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा. सुबह-शाम ठंड का एहसास बना रहेगा, लेकिन दिन में मौसम अच्छा रहेगा.

उत्तर प्रदेश और बिहार

यूपी में 12 फरवरी को आसमान साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह कोहरा बहुत परेशान करेगा. कई जिलों जैसे आगरा, अलीगढ़, अमेठी, आजमगढ़, बागपत, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, एटा, फतेहपुर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस, जालौन, कानपुर में सुबह-शाम ठंड ज्यादा लगेगी. लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहेगा. बिहार में 12 फरवरी को ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहेगा. बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बहुत कम है. पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, भोजपुर, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, खगड़िया जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान अब बढ़ रहा है. पटना में अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहेगा.

उत्तराखंड और हिमचाल प्रदेश 

उत्तराखंड में 12 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा. दिन में अच्छी धूप निकलेगी. लेकिन 16 और 17 फरवरी को चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जैसे जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. देहरादून में कल अधिकतम 20 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री रहेगा. हिमाचल में 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा. लेकिन 15 फरवरी की रात से बादल छाने शुरू होंगे और 16 फरवरी से भारी बारिश व तेज हवाएं आ सकती हैं. धर्मशाला, मनाली, हमीरपुर, बिलासपुर जैसे इलाकों में बारिश का अलर्ट है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. मनाली में कल अधिकतम 1 डिग्री और न्यूनतम माइनस 11 डिग्री रहेगा.

राजस्थान और मध्यप्रदेश 

राजस्थान में ज्यादातर जगहों पर 12 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा. जयपुर में बादल छाए रह सकते हैं। ठंड अब कम हो रही है. लेकिन सुबह जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, सीकर, भरतपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, गंगापुर सिटी, अजमेर और धौलपुर में कोहरा रहेगा. दोपहर में हवा 10 किमी/घंटा चलेगी. जयपुर में अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहेगा. मध्य प्रदेश में 12 फरवरी को बारिश नहीं होगी. सुबह भोपाल, ग्वालियर, देवास, धार, मालवा, कटनी, मंदसौर, मुरैना, खंडवा और खरगोन में ठंड का असर रहेगा. भोपाल में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहेगा. 

Similar News