आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) को राज्यसभा में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए जाना जाता है. लेकिन गुरुवार को पार्टी ने उन्हें उनके उपनेता पद से हटा दिया. पार्टी ने संसद सचिवालय को एक पत्र लिखकर इस बदलाव की आधिकारिक जानकारी दे दी.  इस फैसले से कई लोगों को काफी हैरानी हुई. पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की. इस वीडियो में उन्होंने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान उठाए गए सभी बड़े मुद्दों को दिखाया. 

वीडियो में राघव चड्ढा ने ये विषय शामिल किए थे:

  1. मिडिल क्लास पर बढ़ता टैक्स का बोझ
  2. मोबाइल डेटा खत्म होने की समस्या
  3. पितृत्व अवकाश (पेड पेटर्निटी लीव) की मांग
  4. बैंकों में न्यूनतम बैलेंस न रखने पर लगने वाला जुर्माना
  5. खाने की चीजों में मिलावट
  6. इनकमिंग कॉल्स पर चार्ज
  7. रिचार्ज घोटाला
  8. एयरलाइंस द्वारा सामान के लिए ज्यादा पैसे वसूलना
  9. परीक्षा पेपर लीक घोटाले
  10. वायु प्रदूषण
  11. स्वास्थ्य बीमा पर GST हटाने की बात
  12. एयरपोर्ट पर महंगा खाना
  13. गिग वर्कर्स (ऐप बेस्ड काम करने वालों) का शोषण
  14. स्वास्थ्य बीमा क्लेम में देरी
  15. टोल प्लाजा पर मनमानी वसूली
  16. डेटा प्राइवेसी लीक

इनके अलावा भी कई जनहित के मुद्दे उन्होंने संसद में उठाए थे. 

पत्नी परिणीति का मिला साथ 

राघव ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम और एक्स पर पोस्ट किया. कैप्शन में उन्होंने बुरी नजर वाले इमोजी लगाए. वीडियो के आखिर में उन्हें संसद भवन से बाहर निकलते हुए दिखाया गया है. उनकी पत्नी एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने भी उनका पूरा स्पोर्ट किया. उन्होंने इस वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया. कुछ समय पहले जब राघव चड्ढा ने संसद में पेटर्निटी लीव की मांग की थी तब परिणीति चोपड़ा ने एक इमोशनल वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, 'मेरे प्यारे पति, आज आपने न सिर्फ एक सांसद के रूप में, बल्कि एक पिता के रूप में भी बात की जिसे मैं रोज देखती हूं. हमने इस विषय पर कई बार घर में चर्चा की है. हमारे बच्चे को मां और पिता दोनों की पूरी उपस्थिति का हक है.  इसलिए जब आपने संसद में यह मुद्दा उठाया, तो यह सिर्फ नीति की बात नहीं थी, बल्कि आपके पालन-पोषण के तरीके और परिवार की समझ पर आधारित था.'

राघव की जगह अब कौन?

पार्टी के अंदर कथित मतभेदों के कारण AAP ने राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाकर उनकी जगह अशोक मित्तल को नया उपनेता बना दिया है. पार्टी ने कहा कि राघव पहले भी एनडी गुप्ता की जगह आए थे, इसलिए यह सामान्य बदलाव है. पार्टी ने इस पूरे मामले को ज्यादा तवज्जो नहीं दी. राघव चड्ढा ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक वीडियो के साथ लिखा, 'चुप कराया गया, पराजित नहीं.'

क्या आवाज उठाना अपराध है?

उन्होंने आगे सवाल किया, 'जब भी मुझे बोलने का मौका मिलता है मैं जनता के हित के मुद्दे उठाता हूं. कभी-कभी वे मुद्दे भी उठाता हूं जो संसद में आमतौर पर नहीं उठाए जाते. क्या जनहित के मुद्दे उठाना अपराध है? क्या मैंने कोई गलती की है? क्या इन मुद्दों को उठाने से पार्टी को नुकसान होता है?