Aaj ki Taaza Khabar: बांग्लादेश चुनाव - खालिदा जिया के बेटे और BNP प्रमुख तारीक रहमान ने ढाका में डाला वोट
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. गुरुवार 12 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
Live Updates
- 12 Feb 2026 9:52 AM
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुबह नहीं हुआ कामकाज
बिहार की राजधानी पटना में सिविल कोर्ट भवन को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से सुबह अदालत का कामकाज स्थगित कर दिया गया. अधिकारियों को चेतावनी मिली थी कि पूरे भवन को विस्फोट से उड़ाया जा सकता है. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और परिसर की जांच शुरू की गई. हालात की समीक्षा के बाद अदालत की कार्यवाही दिन के दूसरे हिस्से में दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया.
- 12 Feb 2026 9:29 AM
'सरकार बनाने के करीब हैं हम', बोले NCP संयोजक नाहिद इस्लाम
नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने दावा किया है कि उनकी पार्टी और जमात-ए-इस्लामी गठबंधन सरकार बनाने के बेहद करीब है. छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने कहा कि अगर लोगों को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से वोट डालने दिया गया, तो उनकी जीत तय है. उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन जनता के जनादेश को स्वीकार करेगा. नाहिद इस्लाम और उनकी पार्टी शेख हसीना विरोधी आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभा चुकी है.
- 12 Feb 2026 9:19 AM
बांग्लादेश चुनाव - खालिदा जिया के बेटे और BNP प्रमुख तारीक रहमान ने ढाका में डाला वोट
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन और पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे तारीक रहमान 13वें संसदीय चुनाव के लिए वोट डालने ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल एंड कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे. उनके मतदान के साथ ही चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजधानी में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है.
- 12 Feb 2026 9:10 AM
ढाका के मीरपुर-10 में जमात और BNP समर्थकों में झड़प, शफीकुर रहमान इसी सीट से मैदान में
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मीरपुर-10 विधानसभा क्षेत्र में जमात-ए-इस्लामी और BNP समर्थकों के बीच झड़प की खबर सामने आई है. यह वही सीट है जहां से जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं. घटनास्थल पर तनाव का माहौल बताया जा रहा है और हालात को काबू में रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है.
- 12 Feb 2026 8:58 AM
बांग्लादेश चुनाव 2026: हिंसा और नकदी बरामदगी से बढ़ा तनाव, कई इलाकों में वोटरों को डराने के आरोप
बांग्लादेश में चुनाव के दौरान कई जिलों से हिंसा, डराने-धमकाने और अनियमितताओं की खबरें सामने आई हैं. बरिसाल के बाबूगंज में सेना ने दो BNP कार्यकर्ताओं को 1.02 लाख टका और चुनावी पर्चियों के साथ हिरासत में लिया. बोगुरा में BNP की छात्र इकाई के नेता मिलन मिया पर मतदान केंद्र के पास चाकू से हमला किया गया.
खुलना-5 सीट पर जमात नेता पर हिंदू वोटरों को धमकाने का आरोप लगा है. ओल्ड ढाका में वोट के बदले पैसे बांटने के आरोप में जमात नेता एमडी हबीब को गिरफ्तार कर दो दिन की जेल सुनाई गई. लक्ष्मीपुर में कृषक दल नेता की गाड़ी से 15 लाख टका जब्त किए गए, जबकि ठाकुरगांव-3 में जातीय पार्टी के दो नेताओं पर जुर्माना लगाया गया. शरीयतपुर के नारिया उपजिला में भी संयुक्त बलों ने एक जमात नेता को 7.5 लाख टका और लैपटॉप के साथ पकड़ा है.
- 12 Feb 2026 8:50 AM
बांग्लादेश चुनाव 2026: जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका में डाला वोट
बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. उनके मतदान के साथ ही राजधानी में चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं. नेताओं और मतदाताओं की भागीदारी से चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल बनी हुई है.
- 12 Feb 2026 8:44 AM
बांग्लादेश चुनाव 2026: बोगुरा के मतदान केंद्र के पास चाकूबाजी, कुछ जिलों में वोट के बदले पैसे देने के आरोप
बांग्लादेश में 2026 के चुनाव के दौरान बोगुरा जिले के एक मतदान केंद्र के पास चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. इसके साथ ही देश के कुछ अन्य जिलों से वोट के बदले पैसे बांटने के आरोप भी लगे हैं. इन घटनाओं के बावजूद कई जगहों पर मतदान जारी है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है.
- 12 Feb 2026 8:43 AM
बांग्लादेश चुनाव: वोट डालकर लौटी महिला वोटर ने कहा - महिला मतदाताओं के लिए सुरक्षित और शांत माहौल
ढाका में एक मतदाता ने मतदान के बाद कहा कि अब तक पूरा अनुभव संतोषजनक रहा है. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी मां के साथ वोट डाला और मतदान केंद्र पर महिलाओं के लिए माहौल काफी अच्छा और सुरक्षित था. मतदाता ने उम्मीद जताई कि अगर यही स्थिति पूरे दिन बनी रही तो मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से पूरी होगी.
- 12 Feb 2026 8:36 AM
बांग्लादेश चुनाव: BNP समर्थक का दावा - महिला वोटरों का भारी समर्थन, तारीक रहमान को 80% से ज्यादा वोट मिलने की उम्मीद
ढाका में एक BNP समर्थक ने कहा कि इलाके में मतदान का माहौल शांत और सकारात्मक है, खासकर महिला मतदाताओं के लिए. उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र में महिला वोटरों की संख्या ज्यादा है और बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचेंगे. समर्थक ने उम्मीद जताई कि BNP नेता तारीक रहमान को यहां 80 फीसदी से ज्यादा वोट मिल सकते हैं और लोग लंबे समय से उन्हें बांग्लादेश का नेता बनते देखना चाहते हैं.
- 12 Feb 2026 8:14 AM
T20 World Cup 2026 में भारत का मैच आज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज टीम इंडिया का दूसरा मुकाबला नामीबिया के साथ होने वाला है. ये मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे खेला जाएगा.





