गुरु तेग बहादुर साहिब की 350वीं शहीदी शताब्दी: नवी मुंबई में तैयारियां शुरू, ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा की अगुवाई में होंगे समारोह
महाराष्ट्र में गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है. नागपुर और नांदेड़ के बाद अब खारघर में तीसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है. इसमें पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह भी शामिल होंगे,;
अरदास समारोह के दौरान संबोधित करते संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा
350th Martyrdom Anniversary of Guru Tegh Bahadur Ji in Kharghar: महाराष्ट्र में ‘हिंद की चादर’ धन-धन साहिब श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी पूरे श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जा रही है. महाराष्ट्र सरकार के विशेष सहयोग और दमदमी टकसाल प्रमुख एवं संत समाज के प्रधान संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा की रहनुमाई में यह ऐतिहासिक आयोजन कई चरणों में आयोजित किया जा रहा है.
नागपुर और तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ में सफल आयोजन के बाद अब शहीदी शताब्दी समारोह का तीसरा चरण शुरू होने जा रहा है. यह राज्य स्तरीय दो दिवसीय समारोह 28 फरवरी (शनिवार) और 01 मार्च (रविवार) को उवे मैदान, खारघर (नवी मुंबई) में आयोजित किया जाएगा.
पंडाल निर्माण से पहले अरदास और भूमि पूजन समारोह
इस भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत आज पंडाल निर्माण से पहले अरदास और भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का नेतृत्व संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री श्री रामेश्वर नाइक ने किया. इस अवसर पर संत महापुरुषों, प्रशासनिक अधिकारियों और सरकार के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही.
संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा ने क्या कहा?
संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार जताते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी शताब्दी को पूरे सम्मान, श्रद्धा और ऐतिहासिक गरिमा के साथ मना रही है. उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को नागपुर और 24–25 जनवरी को तख्त श्री हजूर साहिब में आयोजित कार्यक्रमों के बाद अब खारघर में अगला बड़ा आयोजन होने जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह भी होंगे शामिल
ज्ञानी हरनाम सिंह ने यह भी जानकारी दी कि इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विशेष उपस्थिति प्रस्तावित है, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है. उन्होंने देशभर की समस्त नानक नाम लेवा संगत से अपील की कि वे गुरु तेग बहादुर साहिब जी के साथ-साथ भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी की महान शहादत को नमन करते हुए इन दो दिवसीय समारोहों में बड़ी संख्या में शामिल हों.
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रामेश्वर नाइक ने भी संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अथाह श्रद्धा और मार्गदर्शन के बिना इतने भव्य आयोजन संभव नहीं होते. अरदास समारोह में सचखंड बोर्ड के चेयरमैन श्री विजय सतबीर सिंह, सिडको के एमडी श्री विजय सिंघल, डिवीजन कमिश्नर श्री विजय सूर्यवंशी, नवी मुंबई पुलिस कमिश्नर श्री मिलिंद बारंबे, ठाणे कलेक्टर श्री कृष्णा पंचाल, नवी मुंबई मनपा आयुक्त श्री कैलाश शिंदे सहित कई संत, समाजसेवी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.